Advertisement
मिट्टी में मिला शहज़ाद भट्टी गैंग का मंसूबा...मणिपुर में साजिश, दिल्ली में खात्मा...सेना ने नष्ट किए रॉकेट लॉन्चर
मणिपुर में बरामद रॉकेट लॉन्चरों को दिल्ली के नरेला में सेना, स्पेशल सेल और FSL की टीमें सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत नष्ट कर रही हैं.
Advertisement
मणिपुर में सुरक्षा एजेंसियों के हाथ लगे रॉकेट लॉन्चरों को अब दिल्ली के नरेला में खास अभियान के तहत नष्ट किया जा रहा है. इस कार्रवाई को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि बरामद हथियारों में रॉकेट लॉन्चर के साथ बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री भी शामिल है. सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह के खतरे को टालने के लिए तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरे ऑपरेशन को अंजाम दे रही हैं. इस दौरान दिल्ली पुलिस की विशेष टीम अलर्ट मोड पर भी है.
मणिपुर में पकड़े गए थे दो संदिग्ध
सूत्रों के मुताबिक, मणिपुर में चलाए गए एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया था. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से रॉकेट लॉन्चर, राइफलें, सैकड़ों जिंदा कारतूस, डेटोनेटर और दूसरी विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी. जांच और सुरक्षित निपटान के लिए इन हथियारों को दिल्ली लाया गया. अब नरेला में इन रॉकेट लॉन्चरों को नियंत्रित तरीके से नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही है. इस काम में भारतीय सेना, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीमें मिलकर काम कर रही हैं. इलाके में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.
Advertisement
सुरक्षा एजेंसियां बरत रहीं खास सावधानी
Advertisement
हिंदुस्तान में छपी न्यूज़ पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, खतरनाक विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है. ऐसे हथियारों को सीधे हटाना या सामान्य तरीके से नष्ट करना जोखिम भरा हो सकता है. यही वजह है कि विशेषज्ञ टीमों की मौजूदगी में नियंत्रित प्रक्रिया अपनाई जा रही है. इस पूरे ऑपरेशन का एक अहम हिस्सा फोरेंसिक जांच भी है. बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री से जुड़े साक्ष्यों की जांच से सुरक्षा एजेंसियों को संदिग्धों के नेटवर्क और उनकी गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है.
शहजाद भट्टी नेटवर्क पर कार्रवाई के बाद बढ़ी सतर्कता
Advertisement
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में सुरक्षा एजेंसियों ने कथित ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ देशभर में बड़ा अभियान चलाया था. गृह मंत्री अमित शाह के मुताबिक, 14 राज्यों में समन्वित कार्रवाई के दौरान 200 से ज्यादा संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद किए गए. जांच के दौरान कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों के पास से IED, पाकिस्तान निर्मित ग्रेनेड, पिस्तौल, कारतूस और जासूसी उपकरण मिलने की बात भी सामने आई थी.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि मणिपुर से बरामद रॉकेट लॉन्चरों को नष्ट करने की मौजूदा कार्रवाई इसी व्यापक सुरक्षा अभियान के बीच एक और अहम कदम मानी जा रही है. हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और बरामद हथियारों के स्रोत तथा उनके इस्तेमाल की संभावित साजिश को लेकर एजेंसियां आगे की कड़ियां जोड़ रही हैं.