×
जिस पर देशकरता है भरोसा

दिल्ली में महिलाओं के लिए नई ट्रैवल सुविधा, अब बस ओर मेट्रो में काम आएगा ये कार्ड

Saheli Smart Card Launch: यह पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा लॉन्च किया गया था. इसका उद्देश्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को यात्रा में अधिक सुविधा और सुरक्षा देना है.

दिल्ली में महिलाओं के लिए नई ट्रैवल सुविधा, अब बस ओर मेट्रो में काम आएगा ये कार्ड
Image Source: Social Media

Saheli Smart Card Launch: दिल्ली सरकार लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार नई योजनाएं शुरू कर रही है. इन्हीं योजनाओं में अब एक नई पहल महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों के लिए की गई है. इसके तहत पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किया जा रहा है, जिससे उन्हें बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. इस कार्ड को राजधानी में अलग-अलग केंद्रों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें.

दिल्ली में इस कार्ड के वितरण के लिए करीब 50 केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर मंगलवार से कार्ड बांटने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. खास बात यह है कि यह पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा लॉन्च किया गया था. इसका उद्देश्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को यात्रा में अधिक सुविधा और सुरक्षा देना है...

वन नेशन, वन कार्ड योजना के तहत जारी

यह कार्ड वन नेशन, वन कार्ड योजना के तहत जारी किया गया है. इस योजना का मकसद यह है कि एक ही कार्ड का इस्तेमाल अलग-अलग प्रकार के सार्वजनिक परिवहन में किया जा सके. पिंक सहेली कार्ड की मदद से योग्य महिलाएं और ट्रांसजेंडर लोग दिल्ली की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे. इसके अलावा यही स्मार्ट कार्ड मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा.यानी यात्रियों को अलग-अलग टिकट या कार्ड रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी और यात्रा करना काफी आसान हो जाएगा.

कार्ड बनवाने के लिए कहां जाना होगा

लोगों को यह सुविधा आसानी से मिल सके, इसके लिए सरकार ने कई जगहों पर कार्ड वितरण केंद्र बनाए हैं.इनमें जिलाधिकारी (DM) कार्यालय, उप-जिलाधिकारी (SDM) कार्यालय और दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) के कुछ डिपो शामिल हैं.
इन सभी 50 केंद्रों पर हर दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कार्ड बांटे जा रहे हैं. महिलाएं और ट्रांसजेंडर लोग इन केंद्रों पर जाकर अपना पिंक सहेली कार्ड बनवा सकते हैं. इससे उन्हें बसों में मुफ्त यात्रा करने की सुविधा मिल जाएगी.

आधार और मोबाइल नंबर से जुड़ेगा कार्ड

इस नए स्मार्ट कार्ड को लाभार्थी के मोबाइल नंबर और आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा. इससे व्यक्ति की उम्र, लिंग और दिल्ली में रहने की जानकारी की पुष्टि आसानी से की जा सकेगी. अभी तक दिल्ली की बसों में महिलाओं को कागज का पिंक टिकट दिया जाता था, लेकिन अब इस नए कार्ड के आने से वह व्यवस्था धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी. इसके बाद यात्रा पूरी तरह डिजिटल और टच-फ्री हो जाएगी. साथ ही हर यात्रा का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा, जिससे पूरी व्यवस्था ज्यादा पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगी.

यह कार्ड दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की बसों और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देगा. इसके अलावा इसी कार्ड से दिल्ली मेट्रो और रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) में भी किराया भुगतान किया जा सकेगा.

तीन तरह के जारी होंगे कार्ड

सरकार इस योजना के तहत तीन प्रकार के स्मार्ट कार्ड जारी करने की तैयारी कर रही है.

पिंक कार्ड - योग्य महिलाओं के लिए
ब्लू कार्ड - सामान्य यात्रियों के लिए
ऑरेंज कार्ड - मासिक पास लेने वाले यात्रियों के लिए
हालांकि फिलहाल पहले चरण में पिंक और ब्लू कार्ड ही जारी किए जा रहे हैं. ऑरेंज कार्ड को बाद में शुरू किया जाएगा.

पिंक कार्ड पूरी तरह मुफ्त

सरकार ने यह भी साफ किया है कि पिंक सहेली कार्ड पूरी तरह मुफ्त होगा. यानी महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को यह कार्ड बनवाने के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा.
इस कार्ड को जारी करने और बांटने का काम हिंडन मर्केंटाइल लिमिटेड और एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को सौंपा गया है. सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों की यात्रा पहले से ज्यादा आसान, सुरक्षित और डिजिटल हो जाएगी.

Tags

Advertisement
टिप्पणियाँ 0
LIVE
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Close
ADVERTISEMENT
NewsNMF
NMF App
Download
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें