इंदौर में AI समिट के विरोध में भिड़े भाजयुमो और कांग्रेस कार्यकर्ता, जमकर चले ईंट-पत्थर; कई घायल
इंदौर में शनिवार को दिल्ली एआई इम्पैक्ट समिट में कांग्रेस के अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस दफ्तर की ओर कूच किया. इस दौरान कांग्रेस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच पथराव हुआ, जिसमें दो पत्रकार समेत कुछ लोग घायल हुए.
Follow Us:
मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को उस वक्त सियासी तापमान अचानक बढ़ गया, जब दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया. मामला इतना बढ़ा कि दोनों दलों के कार्यकर्ता सड़क पर आमने-सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
कांग्रेस दफ्तर की ओर कूच से बिगड़े हालात
जानकारी के मुताबिक, भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर का घेराव करने के लिए आगे बढ़े. जैसे ही वे कार्यालय के पास पहुंचे, कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई. आरोप है कि इसके बाद पथराव हुआ, जिसमें दो पत्रकारों सहित कुछ लोग घायल हो गए. पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और बैरिकेडिंग कर भीड़ को रोकने की कोशिश की. हालात काबू में लाने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया. मौके पर भारी पुलिसबल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
दिल्ली में प्रदर्शन के बाद कार्रवाई
दरअसल, एक दिन पहले दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौते का विरोध किया था. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए गए. इस पूरे घटनाक्रम के बाद चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया. उन्हें पटियाला कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है.
राहुल गांधी पर आरोप
बीजेपी ने इस प्रदर्शन को देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है. पार्टी नेताओं ने सीधे तौर पर Rahul Gandhi को जिम्मेदार ठहराया. बीजेपी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह का प्रदर्शन देश की प्रतिष्ठा के खिलाफ है. वहीं कांग्रेस का कहना है कि यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है और वे नीतियों के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे.
मुख्यमंत्री मोहन यादव का बयान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जब भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब ऐसे प्रदर्शन देश की छवि को धूमिल करते हैं. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से माफी मांगने की बात कही.
फिलहाल इंदौर में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सियासी बयानबाजी जारी है. आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमा सकता है. जनता की नजर अब इस बात पर है कि क्या यह विवाद शांत होगा या फिर प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म देगा.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement