UP PCS मेन परीक्षा 2025 का शेड्यूल जारी, 29 मार्च से शुरू होंगी परीक्षाएं
UP PCS Main Exam 2025: आयोग ने यह भी जानकारी दी है कि पहले जारी किए गए विज्ञापन में कुछ प्रश्न पत्रों की समय अवधि में बदलाव किया गया है. इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नया नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें और उसी के अनुसार अपनी रणनीति तय करें.
Follow Us:
PCS-2025: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट जारी की है. आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा यानी PCS-2025 की मुख्य परीक्षा का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है. परीक्षा से जुड़ी सभी तिथियां, विषय और समय आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थी अपनी तैयारी उसी हिसाब से कर सकें.
आयोग ने यह भी जानकारी दी है कि पहले जारी किए गए विज्ञापन में कुछ प्रश्न पत्रों की समय अवधि में बदलाव किया गया है. इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नया नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें और उसी के अनुसार अपनी रणनीति तय करें.
29 मार्च: हिंदी और निबंध से होगी शुरुआत
मुख्य परीक्षा की शुरुआत 29 मार्च से होगी.पहले दिन दो महत्वपूर्ण पेपर आयोजित किए जाएंगे. सुबह के सत्र में सामान्य हिंदी का प्रश्न पत्र होगा, जिसमें भाषा की समझ, व्याकरण और लेखन क्षमता से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे.
इसके बाद दूसरे सत्र में निबंध की परीक्षा होगी. इस पेपर में अभ्यर्थियों को दिए गए विषयों पर अपने विचार स्पष्ट और सुसंगत तरीके से लिखने होंगे. आयोग के अनुसार, ये दोनों पेपर उम्मीदवार की भाषा पर पकड़ और अभिव्यक्ति क्षमता को परखने के लिए बेहद जरूरी हैं.
30 मार्च: सामान्य अध्ययन के दो पेपर
30 मार्च को सामान्य अध्ययन के दो प्रश्न पत्र कराए जाएंगे. सुबह के सत्र में सामान्य अध्ययन प्रथम पेपर होगा. इस पेपर में इतिहास, भूगोल, समाज और संस्कृति से जुड़े प्रश्न शामिल रहेंगे.
दोपहर के सत्र में सामान्य अध्ययन द्वितीय पेपर आयोजित किया जाएग. इसमें राजनीति, शासन व्यवस्था, संविधान और अर्थव्यवस्था से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे. इन दोनों पेपरों का उद्देश्य उम्मीदवारों की सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों की समझ को जांचना है।
31 मार्च: विश्लेषण और प्रशासनिक समझ की परीक्षा
31 मार्च को भी अभ्यर्थियों को दो पेपर देने होंगे.पहले सत्र में सामान्य अध्ययन तृतीय प्रश्न पत्र होगा. इसके बाद दूसरे सत्र में सामान्य अध्ययन चतुर्थ प्रश्न पत्र आयोजित किया जाएगा.इन पेपरों में उम्मीदवारों की विश्लेषण क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और प्रशासनिक समझ को परखा जाएगा. 1 अप्रैल: परीक्षा का अंतिम दिन
PCS मेन परीक्षा का आखिरी दिन 1 अप्रैल तय किया गया है. इस दिन सुबह के सत्र में सामान्य अध्ययन पंचम प्रश्न पत्र की परीक्षा होगी. इसके बाद दूसरे और अंतिम सत्र में सामान्य अध्ययन षष्ठ प्रश्न पत्र आयोजित किया जाएगा.
इन दोनों पेपरों के साथ PCS मेन परीक्षा 2025 पूरी हो जाएगी. अब उम्मीदवारों के सामने चुनौती है कि वे बचे हुए समय का सही उपयोग करें और पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल हों. आयोग की ओर से जारी शेड्यूल के बाद अभ्यर्थियों में उत्साह के साथ-साथ गंभीरता भी देखने को मिल रही है, क्योंकि यह परीक्षा उनके करियर की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाती है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement