योगी सरकार में भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा अपडेट, PET-2026 की सभी पालियों की उत्तर कुंजी जारी
UPSSSC ने पीईटी-2026 की सभी छह पालियों की प्रोविजनल उत्तर कुंजियां जारी कर दी हैं. अभ्यर्थी 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को हुई परीक्षा की उत्तर कुंजियां आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर देख सकते हैं.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की दिशा में योगी सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की प्रोविजनल उत्तर कुंजियां जारी कर दी हैं. आयोग ने आयोजित लिखित परीक्षा के सभी मास्टर सेट की तिथि एवं पालीवार उत्तर कुंजियां अपनी आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर अपलोड कर दी हैं.
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार पीईटी-2026 की लिखित परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को प्रदेश के 60 जनपदों में आयोजित की गई थी. प्रत्येक परीक्षा दिवस पर दो पालियों में अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी. अब इन सभी तिथियों और पालियों की प्रोविजनल उत्तर कुंजियां अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध करा दी गई हैं.
तीनों तिथियों की छह पालियों की उत्तर कुंजियां जारी
आयोग ने 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित परीक्षा की प्रथम एवं द्वितीय पाली की अलग-अलग उत्तर कुंजियां अपलोड की हैं. अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से संबंधित तिथि और पाली की उत्तर कुंजी देख सकते हैं. आयोग के अनुसार ये प्रोविजनल उत्तर कुंजियां 8 नवंबर 2026 तक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगी. प्रोविजनल उत्तर कुंजियां जारी होने से अभ्यर्थियों को अपने प्रश्नपत्र के उत्तरों का मिलान करने और परीक्षा में अपने संभावित प्रदर्शन का आकलन करने का अवसर मिलेगा. आयोग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध उत्तर कुंजियों को निर्धारित अवधि के भीतर देखने की सूचना दी है.
यह भी पढ़े: दिवाली पर CM योगी का बड़ा तोहफा! उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर, 1500 करोड़ की सब्सिडी खातों में ट्रांसफर
पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
परीक्षा के आयोजन के बाद पालीवार प्रोविजनल उत्तर कुंजियां सार्वजनिक करना भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने वाला कदम है. योगी सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं के निष्पक्ष आयोजन और अभ्यर्थियों को परीक्षा से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. पीईटी-2026 की उत्तर कुंजियों का निर्धारित समयसीमा में प्रकाशन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि पीईटी-2026 की प्रोविजनल उत्तर कुंजियां जारी होने से अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर संभावित अंकों का आकलन कर सकेंगे. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह है कि वे 8 नवंबर 2026 से पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी संबंधित पाली की उत्तर कुंजी जरूर देख लें.