अमेरिका के ओहायो में 'हिंदू हेरिटेज मंथ' में मंदिर पर हमला, भारी तोड़फोड़, शीशे टूटे, गांधी जयंती के दिन वारदात
अमेरिका के ओहायो में एक हिंदू मंदिर पर ईंटों से हमला किया गया, जिससे मंदिर की खिड़कियों के शीशे टूट गए. ये उस वक्त हो रहा है जब ओहियो राज्य की ओर से हिंदुओं के योगदान को सेलिब्रेट करने के लिए राज्य सरकार ने अक्टूबर को 'हिंदू हेरिटेज मंथ' घोषित कर रखा है.
Follow Us:
अमेरिका में एक बार फिर हिंदुओं के मंदिरों को निशाना बनाया गया है और उसमें तोड़फोड़ की गई है. इसमें मंदिर की खिड़कियों के शीशे टूट गए. घटना के समय मंदिर के अंदर पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे. ये उस देश में हो रहा है जो हर साल रिपोर्ट जारी कर भारत सहित दूसरे देशों में धार्मिक स्वतंत्रता के मुद्दे पर ज्ञान देता है और सर्टिफिकेट बांटता फिरता है, लेकिन उसी के देश में लगातार हिंदू और दूसरे समुदायों पर नस्लीय हमले होते हैं और निशाना बनाया जाता है.
अमेरिका के ओहायो में हिंदू मंदिर पर हमला
कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (सीओएचएनए) के मुताबिक, श्रीस्वामीनारायण हिंदू मंदिर वड़तालधाम पर यह हमला शुक्रवार दोपहर हुआ. संगठन ने यह नहीं बताया कि घटना में कोई घायल हुआ या नहीं. यह भी साफ नहीं किया गया कि मंदिर की कितनी खिड़कियों को नुकसान पहुंचा.
संगठन ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और शहर के अधिकारियों से घटना की निंदा करने की अपील की. इसके साथ ही पुलिस से जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की. सीओएचएनए ने पोस्ट में लिखा, "हम मेयर किम थॉमस और रिचमंड हाइट्स प्रशासन से इस तरह की नफरत की निंदा करने और पुलिस से जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की अपील करते हैं." संगठन की पोस्ट में किसी संदिग्ध की पहचान नहीं बताई गई और न ही किसी गिरफ्तारी की जानकारी दी गई. ऐसा कोई सबूत भी नहीं बताया गया, जिससे यह साबित हो कि मंदिर को धार्मिक वजह से निशाना बनाया गया था.
मंदिर पर हमले में खिड़कियों के टूटे शीशे, भारी नुकसान
सीओएचएनए ने कहा कि यह घटना ऐसे समय हुई, जब ओहायो में हिंदू समुदाय ने हिंदू हेरिटेज मंथ मनाना शुरू किया है. संगठन ने आने वाले नवरात्रि उत्सव का भी जिक्र किया. अमेरिका में हिंदू समुदाय से जुड़े संगठन अक्टूबर में 'हिंदू हेरिटेज मंथ' मनाते हैं.
सीओएचएनए पहले भी अमेरिका में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती नफरत और हिंसा को लेकर चिंता जता चुका है और मंदिरों से जुड़ी कई घटनाओं का रिकॉर्ड भी प्रकाशित कर चुका है. संगठन की ओर से जारी घटनाओं की सूची में अगस्त 2022 में न्यूयॉर्क के क्वींस स्थित श्रीतुलसी मंदिर में महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना शामिल है. इसके अलावा दिसंबर 2023 में कैलिफोर्निया के नेवार्क स्थित एसएमवीएस श्रीस्वामीनारायण मंदिर में दीवारों पर आपत्तिजनक बातें लिखे जाने की घटना का भी जिक्र है.
हालांकि, यह सूची अलग-अलग घटनाओं का रिकॉर्ड है. इससे अपने आप यह साबित नहीं होता कि पूरे अमेरिका में ऐसी घटनाओं की सालाना दर बढ़ी है. सितंबर 2024 में न्यूयॉर्क के मेलविल और कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो इलाके में स्थित बीएपीएस मंदिरों में भी तोड़फोड़ की गई थी.
इसके बाद मार्च 2025 में कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स स्थित बीएपीएस मंदिर पर भी नफरत भरे संदेश लिखे गए थे. इससे पहले न्यूयॉर्क और सैक्रामेंटो में भी बीएपीएस मंदिरों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई थीं.
⚠️Hindu temple attacked in Ohio today| At 1:30 PM today, the Shree Swaminarayan Vadtal Dham Hindu Mandir in Richmond Heights, Ohio was attacked by perpetrator(s) who threw bricks at the temple causing significant damage.
— Hindu American Foundation (@HinduAmerican) October 3, 2026
Surveillance video is available and being reviewed by… pic.twitter.com/yruWaC7TnR
ओहियो राज्य में चल रहा है हिंदू हेरिटेज मंथ
आपको बता दें कि पिछले साल अमेरिका के ओहियो राज्य सरकार मे एक प्रस्ताव पारित कर हिंदू समुदाय के लोगों के राज्य के विकास, शासन-प्रशासन, संस्कृति आदि में योगदान को सेलिब्रेट करने के लिए अक्टूबर महीने को हिंदू हेरिटेज मंथ घोषित कर रखा है. इस दौरान गांधी जयंती, दिवाली, करवा चौथ, दुर्गा पूजा से लेकर तमाम त्योहारों को मनाया जाता है.
ओहायो रिवाइज़्ड कोड का सेक्शन 5.60, हिंदू अमेरिकियों के सांस्कृतिक, शैक्षिक और नागरिक योगदान को मान्यता देने के लिए ओहायो में अक्टूबर के महीने को आधिकारिक तौर पर "हिंदू हेरिटेज मंथ" (हिंदू विरासत माह) के रूप में घोषित करता है.
यह भी पढ़ें
क्या है हिंदू हेरिटेज मंथ?
- ओहायो जनरल असेंबली द्वारा 9 जनवरी, 2025 को हाउस बिल 173 पारित किया गया और गवर्नर माइक डेवाइन के साइन के बाद कानून बन गया.
- पूर्व स्टेट सीनेटर नीरज अंतानी के साथ-साथ राज्य प्रतिनिधि अनीता सोमानी और एडम मैथ्यूज द्वारा इसकी पहल की गई. दिवाली और महात्मा गांधी के जन्मदिन जैसे प्रमुख सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के साथ मेल खाने के लिए अक्टूबर महीने का चुनाव किया गया था.
- इसके अलावा ओहायो भर की कई स्थानीय सरकारें जैसे पॉवेल और न्यू अल्बानी, इस हेरिटेज मंथ के समर्थन में स्थानीय मेयर की घोषणाएं जारी करती हैं.
- समुदाय सांस्कृतिक प्रदर्शन, शैक्षिक कार्यक्रम और दिवाली और नवरात्रि जैसे त्योहार आयोजित करते हैं.