UIDAI का बड़ा एक्शन, 2.5 करोड़ आधार कार्ड हुए बंद! कहीं आपका तो नहीं? ऐसे मिनटों में चेक करें स्टेटस
Aadhaar Card: आधार डेटाबेस का साफ और सटीक होना बेहद जरूरी है. इसी दिशा में काम करते हुए यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने 2.5 करोड़ से ज्यादा आधार नंबर निष्क्रिय कर दिए हैं.
Follow Us:
25 million Aadhaar Cards Deactivating: देश में आधार सिर्फ एक कार्ड नहीं, बल्कि पहचान की सबसे अहम कड़ी बन चुका है. बैंक खाता खोलने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक, लगभग हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है. ऐसे में आधार डेटाबेस का साफ और सटीक होना बेहद जरूरी है. इसी दिशा में काम करते हुए यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने 2.5 करोड़ से ज्यादा आधार नंबर निष्क्रिय कर दिए हैं, सरकार का कहना है कि यह कदम “राष्ट्रव्यापी सफाई अभियान” के तहत उठाया गया है, ताकि डेटाबेस में गलत, डुप्लीकेट या मृत व्यक्तियों के नाम से जुड़े आधार सक्रिय न रहें.
संसद में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री Jitin Prasada ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई आधार डेटाबेस की सटीकता और अखंडता बनाए रखने के लिए की गई है. मतलब साफ है, सरकार चाहती है कि आधार का गलत इस्तेमाल न हो और सिस्टम पूरी तरह पारदर्शी बना रहे.
मृत्यु के बाद आधार निष्क्रिय क्यों जरूरी?
किसी व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद उसकी आधार संख्या को सक्रिय रखना कई बार जोखिम भरा साबित हो सकता है. इससे पहचान की चोरी, फर्जी लेन-देन या सरकारी योजनाओं का गलत फायदा उठाने जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. कई बार मृत व्यक्ति के नाम पर पेंशन, सब्सिडी या अन्य लाभ लेते रहने की घटनाएं सामने आती रही हैं.
इन्हीं संभावित धोखाधड़ियों को रोकने के लिए UIDAI ने मृत व्यक्ति के आधार को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया को जरूरी बनाया है. अब परिवार के सदस्य आसानी से इसकी सूचना दे सकते हैं, ताकि सिस्टम में सही जानकारी अपडेट हो सके और किसी भी तरह की गड़बड़ी से बचा जा सके.
‘Reporting of Death of a Family Member’ ऑनलाइन सुविधा
लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए UIDAI ने मायआधार पोर्टल पर ‘Reporting of Death of a Family Member’ नाम से ऑनलाइन सेवा शुरू की है. पहले इस तरह की प्रक्रिया में दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब घर बैठे ही जानकारी दी जा सकती है. इस सेवा का मकसद यही है कि मृत व्यक्ति की पहचान का दुरुपयोग न हो और डेटाबेस समय-समय पर अपडेट होता रहे.
डिजिटल भारत के दौर में यह कदम काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे पारदर्शिता भी बढ़ती है और लोगों को सुविधा भी मिलती है.
आधार स्टेटस कैसे चेक करें?
अगर आपको यह जानना है कि आपका या आपके परिवार के किसी सदस्य का आधार सक्रिय है या नहीं, तो आप बेहद आसान तरीके से उसका स्टेटस चेक कर सकते हैं. इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं, बस इंटरनेट कनेक्शन होना चाहिए.
सबसे पहले अपने फोन या लैपटॉप में मायआधार पोर्टल खोलें. वहां थोड़ा नीचे स्क्रॉल करने पर “Check Aadhaar Validity” का विकल्प दिखाई देगा. इस पर क्लिक करें. अब जो पेज खुलेगा, उसमें अपना 12 अंकों का आधार नंबर और स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा कोड भरें। इसके बाद “Proceed” बटन दबाएं.
अगले पेज पर आपको तुरंत अपने आधार का स्टेटस दिखाई देगा. यहां यह भी पता चल जाएगा कि आधार सक्रिय है या नहीं. साथ ही आपकी उम्र की सीमा, लिंग, राज्य और लिंक मोबाइल नंबर के आखिरी अंक जैसी जानकारी भी दिखाई देगी.
सावधानी और जागरूकता ही सुरक्षा
आधार आज हमारी डिजिटल पहचान का मजबूत आधार बन चुका है. ऐसे में जरूरी है कि हम समय-समय पर उसका स्टेटस जांचते रहें और परिवार में किसी सदस्य की मृत्यु होने पर उसकी जानकारी तुरंत अपडेट कराएं. इससे न सिर्फ धोखाधड़ी रुकेगी, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचेगा.
सरकार का यह कदम डिजिटल सिस्टम को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement