Advertisement

तेजस्वी यादव को आखिर क्या हुआ? व्हीलचेयर पर विधानसभा पहुंचे, स्वास्थ्य को लेकर लगने लगे तमाम कयास

बिहार में विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत आज से हो गई है. सत्र के पहले दिन विपक्षी दलों के नेताओं से सदन में सरकार को घेरने की तैयारी तो की थी लेकिन जैसे उनके उनके नेता यानी विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जब सदन पहुंचे तो व्हीलचेयर पर थे. पार्टी नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार उनके पैर में चोट लगी हुई है.

Screengrab

बिहार विधानसभा का बजट सत्र आज यानी सोमवार से शुरू हो गया है. सत्र के पहले ही दिन विधानसभा परिसर में उस समय हलचल मच गई, जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर बैठकर सदन में पहुंचे. जैसे ही उनका वीडियो सामने आया, राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक के मन में सवाल उठने लगे कि आखिर तेजस्वी यादव को क्या हुआ. क्या उनकी तबीयत खराब है या कोई गंभीर चोट लगी है.

दरअसल, करीब 8 से 9 दिन पहले यानी 25 जनवरी को तेजस्वी यादव (Tejshwi Yadav) को चलते समय ठोकर लग गई थी. इस हादसे में उनके पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया. इस चोट के कारण उन्हें चलने में परेशानी हो रही है. इसी वजह से वे कुछ लोगों की मदद से व्हीलचेयर पर बैठकर बजट सत्र में पहुंचे. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस पूरे मामले की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की. पार्टी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए बताया कि 25 जनवरी को हुई इस दुर्घटना के बाद तेजस्वी यादव डॉक्टरों की निगरानी में हैं. पोस्ट में यह भी कहा गया कि उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और वे चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही गतिविधियां कर रहे हैं.

RJD ने सदन में उठाया छात्रा की मौत का मुद्दा 

तेजस्वी यादव की मौजूदगी, भले ही व्हीलचेयर पर रही हो, लेकिन उनके तेवर पूरी तरह सियासी नजर आए. बजट सत्र को लेकर विपक्ष पहले से ही आक्रामक मूड में है. इस बीच RJD के वरिष्ठ नेता  भाई वीरेंद्र ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि आज से सत्र शुरू हो रहा है और सरकार की हर गलत नीति का जमकर विरोध किया जाएगा. भाई वीरेंद्र ने खास तौर पर NEET छात्रा की मौत के मामले को उठाते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर असमंजस में है. उनका आरोप है कि NDA के बड़े नेताओं के परिवार का इस मामले में हाथ है. उन्होंने साफ कहा कि सरकार कटघरे में खड़ी है और जनता के हितों से जुड़े सवालों को विपक्ष पूरी मजबूती से सदन में उठाएगा.

सदन को न चलने देने की RJD ने दी चेतावनी 

वहीं, बजट सत्र से पहले RJD ने साफ कर दिया है कि वह NEET छात्रा मौत मामले पर पीछे हटने वाली नहीं है. पार्टी के प्रधान महासचिव और विधायक रणविजय साहू ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मुद्दे पर सदन में स्पष्ट जवाब नहीं देंगे, तब तक सदन चलने नहीं दिया जाएगा. रणविजय साहू ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में सत्ता पक्ष के नेताओं की संलिप्तता है. उन्होंने कहा कि सच्चाई को दबाने के लिए लीपापोती की जा रही है और CBI जांच के नाम पर जनता को गुमराह किया जाएगा. उनका दावा है कि असली अपराधियों को बचाया जा रहा है, जबकि पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है.

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा का यह बजट सत्र 2 फरवरी से शुरू होकर 27 फरवरी तक चलेगा. पहले दिन राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान विधानसभा के विस्तारित भवन स्थित सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों के सदस्यों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे. वहीं, 3 फरवरी को वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे. ऐसे में साफ है कि यह बजट सत्र हंगामेदार रहने वाला है और सियासी तापमान लगातार ऊंचा बना रहेगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

अधिक →
अधिक →