'सपा को बर्दाश्त नहीं हो रहा रामनगरी का विकास...', अखिलेश यादव के अयोध्या वाले बयान पर BJP का पलटवार, दयाशंकर सिंह ने खूब सुनाया
यूपी में अयोध्या के विकास को लेकर अखिलेश यादव के सवालों पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि सपा को अयोध्या का विकास और बढ़ता पर्यटन बर्दाश्त नहीं हो रहा. इसके अलावा बीजेपी के अन्य मंत्रियों ने भी तमाम मुद्दों पर अखिलेश यादव को घेरा है.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज़ है. इस बीच नेताओं का एक-दूसरे पर राजनीतिक बयानों की बौछार भी जमकर हो रही है. इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा अयोध्या के विकास कार्यों पर उठाए गए सवालों के जवाब में बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ और बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने हमेशा प्रभु श्री राम का अपमान किया और राम मंदिर का विरोध किया आज वो अयोध्या में हो रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों का विरोध कर रहे हैं.
दयाशंकर सिंह बोले- सपा को बर्दाश्त नहीं हो रहा अयोध्या का विकास
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अखिलेश यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि अयोध्या में हो रहा विकास समाजवादी पार्टी को बर्दाश्त नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि अयोध्या में 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं. दयाशंकर सिंह ने अयोध्या की धार्मिक महत्ता का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह मुस्लिम अपने जीवन में कम से कम एक बार मक्का-मदीना जाने का सपना देखते हैं और ईसाई वेटिकन सिटी जाने की इच्छा रखते हैं, उसी तरह भारत और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाला हर हिंदू भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या आने का सपना देखता है.
अयोध्या का पर्यटन बड़ा अवसर
उन्होंने कहा कि सपा को अयोध्या में बढ़ते पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी देखना चाहिए. उन्होंने सपा राज में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए कहा कि आज सपा वाले अयोध्या की बात कर रहे हैं लेकिन ये वही लोग हैं जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलाकर सरयू नदी का पानी लाल कर दिया था. दयाशंकर सिंह ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अब कभी सत्ता में नहीं आएगी और उत्तर प्रदेश में अगली सरकार भी योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनेगी.
यह भी पढ़े: 'जाति का जहर घोलने निकले हैं अखिलेश, 100 यात्राएं भी नहीं बचा पाएंगी सपा को': अनिल राजभर
दयाशंकर मिश्रा बोले- जनता ने अखिलेश को नकारा
अखिलेश यादव ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग को कठपुतली बताया था. उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने तीखा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि भारत की चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को पूरे दुनिया में सराहा जाता है. भारत को विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र माना जाता है. लेकिन अखिलेश यादव को जब जनता ने नकार दिया है तो वो लोकतंत्र पर ही हमला कर रहे हैं. दयालु ने कहा कि अखिलेश अपने पार्टी कार्यकर्ताओं पर भी नियंत्रण नहीं रखते और सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सरकार की आलोचना करते हैं. उन्होंने कहा कि देशहित में चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की आलोचना करना उचित नहीं है.
मुस्लिम तुष्टीकरण से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं अखिलेशः बीजेपी प्रवक्ता
बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि सपा प्रमुख को पहले जनता को बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने कौन से विकास कार्य किए थे. दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की राजनीति पूरी तरह जाति आधारित है. उन्होंने कहा कि जब भी अयोध्या का उल्लेख होता है, अखिलेश मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने लगते हैं. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव आज तक अयोध्या स्थित राम मंदिर के दर्शन करने नहीं गए हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर काम करती है.
यह भी पढ़ें
बहरहाल, अयोध्या के विकास और वहां चल रही परियोजनाओं को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. अखिलेश यादव के सवालों पर बीजेपी नेताओं ने जहां सरकार के विकास कार्यों और अयोध्या में बढ़ते पर्यटन का हवाला दिया, वहीं सपा पर राम मंदिर और अयोध्या को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया. अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी की ओर से बीजेपी के हमलों का क्या जवाब आता है.