घुटने पर आया अमेरिका, भारत पर लगा टैरिफ दर घटाया, ट्रंप ने पीएम मोदी से की फोन पर बातचीत, जानिए कैसे बनी बात?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ के जरिए लिखा कि 'प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की, जिसके तहत अमेरिका पारस्परिक शुल्क को 25% से घटकर 18% कर देगा.'
Follow Us:
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर हुई बातचीत के कुछ ही देर बाद टैरिफ से जुड़े मामले में बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर तनातनी बढ़ी हुई है. पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई बातचीत के कुछ ही घंटे बाद अमेरिका ने भारत पर लगाए गए टैरिफ दर को घटा दिया है. ऐसे में अमेरिकी सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले पर भारतीय सामानों पर टैरिफ दर 25 फीसदी से घटकर 18 फीसदी हो गया है. डोनाल्ड ट्रंप ने इस टैरिफ दर में हुए बदलाव की जानकारी सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ के जरिए साझा की है.
'अमेरिका ने टैरिफ दर 25 से घटाकर 18 किया'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ के जरिए लिखा कि 'प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की, जिसके तहत अमेरिका पारस्परिक शुल्क को 25% से घटाकर 18% कर देगा.' उन्होंने आगे लिखा कि भारत भी इसी प्रकार अमेरिका के विरुद्ध अपने शुल्क और गैर शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा.
'पीएम मोदी ने अमेरिकी उत्पाद खरीदने की प्रतिबद्धता जताई'
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में आगे कहा कि 'प्रधानमंत्री ने 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पादों के अलावा, अमेरिकी उत्पाद खरीदने के लिए भी प्रतिबद्धता जताई.' ट्रंप ने कहा कि 'भारत के साथ हमारे शानदार संबंध भविष्य में और भी मजबूत होंगे. पीएम मोदी और मैं तो ऐसे व्यक्ति हैं, जो काम को अंजाम देते हैं. जो कि अधिकांश लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता. अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा कि 'इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद.'
पीएम मोदी और ट्रंप ने की फोन पर बातचीत
अमेरिका द्वारा टैरिफ दर घटाए जाने से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर उनसे बातचीत की. दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत की जानकारी भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने दी है. जानकारी के लिए बता दें कि सर्जियो भारत में अमेरिकी राजदूत और दक्षिण और मध्य एशिया के भी विशेष दूत है. उन्होंने पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई बातचीत की जानकारी X पर ट्वीट के जरिए दी. हालांकि, इस दौरान उन्होंने इस बात की जानकारी साझा नहीं की कि आखिर दोनों नेताओं के बीच किस मुद्दे पर बातचीत हुई, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के सोशल मीडिया हैंडल ट्रुथ से कुछ देर बाद टैरिफ दर को लेकर साझा की गई जानकारी से यह बात साफ हो गई कि दोनों नेताओं ने भारत के आर्थिक विकास और व्यापार मसले को सुलझाने पर चर्चा की. जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच फोन पर आखिरी बार 10 दिसंबर को बातचीत हुई थी. उस दौरान भी टैरिफ मसले को लेकर दोनों नेताओं ने चर्चा की थी. ऐसे में टैरिफ विवाद सुलझने के बाद दोनों नेताओं की फोन पर यह तीसरी बातचीत है.
3 दिन की अमेरिकी यात्रा पर विदेश मंत्री एस जयशंकर
बीते 24 घंटे के अंदर भारत के लिए हर एक फैसला खुशखबरी वाला रहा है. पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की बातचीत से पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर वाशिंगटन की 3 दिन की यात्रा पर हैं. अमेरिका के तीन दिवसीय दौरे पर गए विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत के लिए एक बड़ी उम्मीद बने हुए हैं. जयशंकर खनिज, आपूर्ति श्रृंखला व संगठन के नेतृत्व में आयोजित मंत्रीस्तरीय बैठक में भाग लेने के लिए रवाना हुए हैं. इस दौरे को राजनीतिक साझेदारों के बीच संबंधों में आई गिरावट की स्थिति को सुधारने के रूप में देखा जा रहा है. एस जयशंकर के इस दौरे को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि वह अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.
डोनाल्ड ट्रंप ने इंडिया गेट की फोटो साझा कर की तारीफ
अमेरिका और भारत के लिए आज का दिन बेहद खास रहा. जहां टैरिफ मसले पर चल रही तनातनी खत्म हुई, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पीएम मोदी और भारत के साथ रिश्तों को बड़ी खुशी के साथ साझा करते नजर आए. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ के जरिए ट्रंप ने दिल्ली स्थित इंडिया गेट की भी प्रशंसा की और इसे भारत का खूबसूरत ट्रायफल आर्क बताया. उन्होंने अपनी पोस्ट में इंडिया गेट की फोटो साझा करते हुए लिखा कि 'अमेरिका में भी ऐसा ही एक स्मारक बनाएंगे, जो दुनिया में सबसे भव्य होगा, दुनिया के 57 प्रमुख शहरों में ऐसे आर्क हैं, लेकिन वाशिंगटन में नहीं है. उन्होंने इसके निर्माण के लिए एक समिति गठित की है. अमेरिका की तारीफ करते हुए लिखा कि हम सबसे शक्तिशाली राष्ट्र हैं. इसलिए हमारा आर्क सबसे बड़ा और सुंदर होगा.' बता दें कि 42 मीटर ऊंचा इंडिया गेट प्रथम विश्व युद्ध के 70,000 शहीद भारतीय सैनिकों की स्मृति में बनाया गया था.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement