'सारी टिकट मुस्लिम महिलाओं को दे दो...', महिला आरक्षण पर शाह ने अखिलेश को घेरा, कहा- सपा वाले घरों की भी जाति तय कर देंगे
संसद में महिला आरक्षण बिल पर बात रखते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरा. उन्होंने दो टूक कहा कि सपाईयों का बस चले तो ये घरों की जाति तय कर देंगे.
Follow Us:
लोकसभा के विशेष सत्र में गुरुवार को केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने परिसीमन बिल, 2026 पेश किया. इस बिल का उद्देश्य लोकसभा में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए सीटों का पुनर्निर्धारण करना, विधानसभा सीटों की संख्या तय करना और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को चुनावी क्षेत्रों में बांटना है.
जैसे ही बिल सदन में पेश हुआ, विपक्ष ने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया. कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने सबसे पहले विरोध जताया, जिसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया. इससे पहले सत्र की शुरुआत में सदन ने प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया.
सपा अपनी सारी टिकटें मुस्लिम महिलाओं को दे दे, हमें कहां आपत्ति: अमित शाह
इसी दौरान जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बोलना शुरू किया सपा के सांसदों ने बिलों का विरोध किया. वहीं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मुस्लिम महिलाओं के आरक्षण की बात की और पूछा उनके लिए क्या? इस पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी टिकटें मुस्लिम महिलाओं को दे दे, हमें कहां आपत्ति है. वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दो टूक कहा कि धर्म के आधार पर रिजर्वेशन की बात करना असंवैधानिक है, पूरे देश की महिलाओं की बात करिए, सिर्फ मुस्लिम महिलाओं की बात मत करिए.
परिसीमन बिल पर भी सपा का सख्त रुख
परिसीमन बिल को लेकर समाजवादी पार्टी ने भी कड़ा रुख अपनाया. सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि संसद को संविधान की रक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन यह बिल संविधान की भावना के खिलाफ है. उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन को जनगणना से अलग करना गलत है और इससे संवैधानिक ढांचा प्रभावित होगा. धर्मेंद्र यादव ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं के हित में हमेशा आगे रही है और सरकार से मांग की कि इस संविधान संशोधन और परिसीमन बिल को वापस लिया जाए.
अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण बिल को लेकर जल्दबाजी का मुद्दा उठाया
वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हुए सरकार से सवाल किया कि इतनी जल्दबाजी क्यों की जा रही है. उन्होंने पूछा कि सरकार जनगणना क्यों नहीं करा रही है. इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जवाब देते हुए कहा कि जनगणना का काम शुरू हो चुका है. वहीं जातिगत जनगणना की मांग पर उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही ऐलान कर दिया है जातिगत कराया जाएगा.
इनका (सपा) बस चले तो घरों की भी जाति तय कर दें: अमित शाह
अमित शाह ने धर्मेंद्र यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे यह कह रहे हैं कि इसमें कॉलम नहीं है, जबकि उन्हें समझना चाहिए कि फिलहाल घरों की गिनती हो रही है, न कि उनकी जाति की. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर समाजवादी पार्टी को मौका मिले, तो वह घरों की भी जाति तय कर दे. उन्होंने आगे कहा कि उनका विभाग है, वो बताना चाहेंगे कि अभी घरों की गणना हो रही है, जब लोगों कि गणना होगी तो जातिगत जनगणना कराई जाएगी.
केंद्रीय गृहमंत्री ने यह भी कहा कि धर्मेंद्र यादव द्वारा मुस्लिम महिलाओं को आरक्षण देने की बात करना असंवैधानिक है, क्योंकि संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण की अनुमति नहीं है. उन्होंने दो टूक कह दिया कि किसी कीमत पर संविधान के अनुसार धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता और नहीं ही दिया जाएगा.
सपा पर अमित शाह का करारा हमला
यह भी पढ़ें
इस पर अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि क्या मुस्लिम महिलाएं आधी आबादी का हिस्सा नहीं हैं. इसके जवाब में अमित शाह ने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहे तो अपनी सभी टिकट मुस्लिम महिलाओं को दे सकती है, उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें