उधार न मिलने पर भड़का शख्स. दुकान के अंदर फेंका पेट्रोल बम, जानें सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सच्चाई
सोशल मीडिया पर एक दुकान का सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आग से भरी वस्तु फेंकने से एक बच्ची झुलसती दिख रही है. वीडियो को अकरम नाम के मुस्लिम व्यक्ति द्वारा पेट्रोल बम फेंकने का दावा करते हुए गुजरात के तलाला का बताया जा रहा है.
Follow Us:
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोगों के बीच गुस्सा और डर दोनों देखने को मिल रहे हैं. यह वीडियो किसी दुकान का सीसीटीवी फुटेज बताया जा रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति दुकान के अंदर आग से घिरी हुई एक वस्तु फेंकता है. दुकान के अंदर मौजूद एक छोटी बच्ची अचानक आग की चपेट में आ जाती है. इसके बाद आसपास मौजूद लोग घबराकर आग बुझाने के लिए दौड़ते हैं.
दुकान में फेंका पेट्रोल बम
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि अकरम नाम के एक मुस्लिम व्यक्ति ने दुकानदार पर पेट्रोल बम फेंका. वायरल पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि यह घटना गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के तलाला कस्बे की है. इंस्टाग्राम पर ‘हिंदुस्तानी देशभक्त’ नाम के यूज़र ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि दुकानदार ने उधार देने से मना किया तो एक मुस्लिम व्यक्ति ने दुकान में पेट्रोल बम फेंक दिया, जिससे दुकानदार और बच्ची दोनों झुलस गए.
वीडियो पर लोग दे रहे प्रतिक्रिया
वीडियो के वायरल होने के बाद कमेंट सेक्शन में भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कई यूज़र्स ने भावनात्मक और उग्र भाषा का इस्तेमाल किया. कुछ लोगों ने ऐसी मानसिकता वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और यहां तक कि एनकाउंटर की मांग तक कर डाली. लेकिन जब इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आई, तो वायरल दावे पूरी तरह गलत और भ्रामक निकले.
गुजरात की बताई जा रही घटना
दरअसल, यह घटना गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के तलाला तालुका के अकोलवाड़ी गांव की है. इस मामले में अश्विन थुम्मर नाम के व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, तलाला-सासन रोड पर स्थित उनकी पेंट की दुकान में करण बोरिचा नामक व्यक्ति ने ज्वलनशील चिपकने वाले तरल पदार्थ की बोतल में आग लगाकर दुकान के अंदर फेंक दी थी. इस घटना में थुम्मर की चार साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई थी. तमाम मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़, यह घटना 10 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है. करण बोरिचा पेंट के चिपकने की क्षमता बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाले घोल की एक बोतल वापस करना चाहता था. लेकिन दुकानदार अश्विन थुम्मर ने बोतल की सील टूटी होने और उसके ज्वलनशील होने के कारण उसे वापस लेने से इनकार कर दिया. इसी बात पर करण बोरिचा गुस्से में आ गया और उसने बोतल में आग लगाकर उसे दुकान के अंदर फेंक दिया.
बच्ची भी आई आग की चपेट में
इस दौरान दुकान के अंदर खड़ी छोटी बच्ची आग की चपेट में आ गई. हालांकि दुकानदार और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और बच्ची को बचाया. बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इस घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे गलत सांप्रदायिक एंगल देकर फैलाया जाने लगा. मामले की सच्चाई जानने के लिए तलाला पुलिस से संपर्क किया गया. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस घटना का कोई भी सांप्रदायिक पहलू नहीं है. पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम करण बोरिचा है और वह हिंदू है. यह भ्रम इसलिए फैला क्योंकि स्थानीय लोग उसे अकरम नाम से भी जानते थे, क्योंकि उसकी मां मुस्लिम है और वह उसे इसी नाम से बुलाती है. लेकिन आरोपी और उसके पिता दोनों हिंदू धर्म को मानते हैं.
बताते चलें कि पुलिस ने यह भी साफ किया कि दुकान में फेंकी गई वस्तु पेट्रोल बम नहीं थी, बल्कि एक ज्वलनशील तरल पदार्थ से भरी बोतल थी. इस पूरे मामले को गलत तरीके से सांप्रदायिक रंग देकर सोशल मीडिया पर फैलाया गया. यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि बिना सच्चाई जाने वायरल कंटेंट पर भरोसा करना कितना खतरनाक हो सकता है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement