भगत सिंह जयंती पर CM योगी ने लिखी पाती, युवाओं को दिया बड़ा संदेश, बोले- ज्ञान को बनाएं अपनी ताकत
भगत सिंह जयंती पर सीएम योगी ने उनके बलिदान, साहस और राष्ट्रनिष्ठा को याद किया. उन्होंने युवाओं से सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर ज्ञान को अपनी शक्ति बनाने और संकल्प को कर्म से जोड़ने की अपील की.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए कहा कि मात्र 23 वर्ष की अल्पायु में भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. उनकी जयंती हम सभी के लिए राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है.
सामाजिक बुराइयों से मुक्ति का दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि भगत सिंह ने परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़े भारत को स्वतंत्र कराने के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया. आज हमें भी जाति-पाति, नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों की बेड़ियों से मुक्ति के लिए उनके अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से सीख लेनी होगी. उन्होंने कहा कि भगत सिंह अध्येता थे और हिंदी, उर्दू, पंजाबी तथा अंग्रेजी सहित कई भाषाओं के ज्ञाता थे. उनके जीवन से हमें ज्ञान को अपनी शक्ति बनाने, सीखने की ललक को जीवित रखने और अपने संकल्प को कर्म से जोड़ने की प्रेरणा लेनी चाहिए.
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 28, 2026
मात्र 23 वर्ष की अल्पायु में अमर शहीद भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती हम सबके लिए राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है।
आज हमें भी जाति-पाति, नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों की… pic.twitter.com/1CVHUrC7ap
युवाओं को शिक्षा और उद्यम से जोड़ने पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि ज्ञान जब कौशल से जुड़ता है, तो युवा अपनी प्रतिभा को सामर्थ्य में बदलकर अपने सपनों को साकार कर सकता है. इसी उद्देश्य से सरकार युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उद्यम और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग दे रही है. मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर मिल रहा है. मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को अपना उद्यम स्थापित करने और रोजगार सृजित करने के लिए सशक्त आधार दे रहा है. स्टार्टअप नीति के माध्यम से नवाचार और उद्यमशीलता को प्रोत्साहन दिया जा रहा है.
ज्ञान और कौशल से विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जब युवा ज्ञान को कौशल, कौशल को संकल्प और संकल्प को कर्म से जोड़ेंगे, तब उनके सपनों के साथ प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि संवरते उत्तर प्रदेश में ज्ञान के विस्तृत साधनों का अधिकाधिक सदुपयोग करें. उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर प्रत्येक जनपद में आधुनिक पुस्तकालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं, ताकि ज्ञान तक पहुंच और सहज हो.
किताबों को अपना मित्र बनाने की अपील
सीएम योगी ने यह भी कहा कि युवाओं को पुस्तकों को अपना मित्र बनाना चाहिए, प्रश्न पूछने चाहिए, नए विचारों को जानना चाहिए और अपनी जिज्ञासा को निरंतर जीवित रखना चाहिए. एक पुस्तक किसी युवा के जीवन में नया विचार जगा सकती है और एक नया विचार पूरे समाज को नई दिशा दे सकता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आइए, हम सब मिलकर ज्ञानवान, संस्कारवान एवं सामर्थ्यवान उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं.
यह भी पढ़े: UPITS 2026: कन्नौज के इत्र की खुशबू से महका ट्रेड शो, पांचवीं पीढ़ी ने संभाली विरासत
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि भगत सिंह की जयंती पर सीएम योगी का संदेश युवाओं को उनके साहस, ज्ञान और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेने का आह्वान करता है. उन्होंने ज्ञान और कौशल को युवाओं की ताकत बनाकर उत्तर प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया.