इंदौर में कांग्रेस और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पुलिस ने किया नियंत्रण
कांग्रेस और भाजयुमो की ओर से एक-दूसरे पर पथराव करने के आरोप लगाए जा रहे हैं. वहीं मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
Follow Us:
'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' में हंगामे के बाद देशभर में कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश है. शनिवार को शहर-शहर भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे. इसी क्रम में मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में प्रदर्शन किया गया, लेकिन यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ झड़प के बाद स्थिति तनावपूर्ण बन गई. प्रदर्शन के दौरान पत्थर चले और टमाटर के साथ पानी की बोतल भी फेंकी गई.
इंदौर में भाजयुमो और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत
इंदौर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता शनिवार को कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे. भाजयुमो के कार्यकर्ताओं को कांग्रेस दफ्तर की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए थे, मगर उसके बावजूद भाजयुमो कार्यकर्ता आगे की ओर बढ़े. इसी दौरान पत्थरबाजी होने लगी और टमाटर के साथ पानी की बोतल भी फेंकी गई.
स्थितियां बिगड़ते देखते हुए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और पानी की बौछारें छोड़कर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की गई. इस पथराव के दौरान एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर भी घायल हुआ है. उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है.
कांग्रेस और भाजयुमो में चले पत्थर और टमाटर
कांग्रेस और भाजयुमो की ओर से एक-दूसरे पर पथराव करने के आरोप लगाए जा रहे हैं. वहीं मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मध्य प्रदेश में भाजपा के गुंडों का तांडव चल रहा है. सदन में भाजपा के नेता जनता के प्रतिनिधियों से औकात पूछते हैं, और सड़क पर भाजपा के गुंडे जनता पर पत्थर फेंककर सिर फोड़ते हैं. इंदौर में भाजपा के गुंडों ने सरेआम कांग्रेस कार्यालय के सामने पत्थरबाजी की, जिसमें इंदौर जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और कांग्रेस के कई साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं व कई आम जनमानस और पत्रकार भी घायल हुए हैं."
उन्होंने आरोप लगाया, "भाजपा के नेता कलेक्टर पर हाथ उठाते हैं, पुलिस पर हाथ उठाते हैं, न्यायाधीश पर हाथ उठाते हैं और अब जनता पर पत्थर फेंकने लग गए हैं. क्योंकि प्रदेश में कानून व्यवस्था बेलगाम है और गृह मंत्री मोहन यादव जी ने भाजपा के गुंडों को खुला संरक्षण दे रखा है."
यह भी पढ़ें
फिलहाल, पथराव की घटना को लेकर इंदौर पुलिस जांच कर रही है. प्रदर्शन स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, जिससे यह पता किया जाएगा कि पथराव किन लोगों ने शुरू किया.
टिप्पणियाँ 0
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें