Advertisement
स्पेशल TET परीक्षा में AI का पहरा! 87.92% अभ्यर्थियों ने दिए एग्जाम, लखनऊ में फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार
Special TET Exam: परीक्षा की निगरानी के लिए पहली बार अत्याधुनिक एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों पर लगे कैमरों के माध्यम से सघन मॉनिटरिंग की गई. इसी व्यवस्था के तहत लखनऊ के एक केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा फर्जी परीक्षार्थी भी पकड़ा गया.
Advertisement
TET Exam: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने की दिशा में तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल का सिलसिला जारी है. इसी क्रम में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी-2026) मंगलवार को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई. परीक्षा में कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 87.92 प्रतिशत ने प्रतिभाग किया. परीक्षा की निगरानी के लिए पहली बार अत्याधुनिक एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों पर लगे कैमरों के माध्यम से सघन मॉनिटरिंग की गई. इसी व्यवस्था के तहत लखनऊ के एक केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा फर्जी परीक्षार्थी भी पकड़ा गया.
छह मंडल मुख्यालयों पर दो पालियों में हुई परीक्षा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग के विज्ञापन संख्या 03/2026 के अंतर्गत आयोजित परीक्षा प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ एवं आगरा के निर्धारित केंद्रों पर दो पालियों में कराई गई. कक्षा 1 से 5 के लिए प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा कक्षा 6 से 8 के लिए द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई. उन्होंने बताया कि परीक्षा सभी केंद्रों पर शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई.
Advertisement
UP में भारत बौद्धिक 2.0 का जबरदस्त क्रेज! 1.60 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन, जानें पूरा शेड्यूल
Advertisement
एआई कैमरों से हुई सघन निगरानी, फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार
परीक्षा को नकलविहीन और सुव्यवस्थित बनाने के लिए आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की गई. आयोग के सदस्यों, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की मौजूदगी में एआई कैमरों और विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई. इस दौरान लखनऊ के स्टेशन रोड स्थित बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज में एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया, जो किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था. उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.
Advertisement
93,681 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
आयोग के उप सचिव संजय सिंह ने बताया कि दोनों पालियों में कुल 93,681 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जो पंजीकृत परीक्षार्थियों का 87.92 प्रतिशत है. प्रथम पाली में कक्षा 1 से 5 के लिए पंजीकृत 58,353 अभ्यर्थियों में से 50,666 उपस्थित रहे. इस पाली में उपस्थिति 86.80 प्रतिशत रही. वहीं, द्वितीय पाली में कक्षा 6 से 8 के लिए पंजीकृत 48,194 अभ्यर्थियों में से 43,015 ने परीक्षा दी.. इस पाली में उपस्थिति 89.25 प्रतिशत दर्ज की गई. महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 89.25 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 89.28 प्रतिशत रही..
पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन का आभार
Advertisement
यह भी पढ़ें
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रदेश के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई. उन्होंने सफल आयोजन के लिए संबंधित मंडलों और जनपदों के जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के सक्रिय एवं सराहनीय सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया. प्रदेश में परीक्षा प्रक्रिया को तकनीक आधारित, निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने की दिशा में यह व्यवस्था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुशासन एवं पारदर्शिता की प्राथमिकताओं के अनुरूप महत्वपूर्ण कदम है.