Advertisement
बंगाल चुनाव के बाद हिंसा- केंद्रीय बलों की तैनाती पर सुप्रीम कोर्ट ने खींची लकीर, सुनवाई से किया इनकार
सुप्रीम कोर्ट ने बंगाल में चुनाव के बाद केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है.
Advertisement
सुप्रीम कोर्ट में पश्चिम बंगाल से जुड़ी एक याचिका पर सोमवार को सुनवाई हुई, जिसमें चुनाव परिणामों के बाद संभावित हिंसा को रोकने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की मांग की गई थी, लेकिन अदालत ने इस याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया और याचिकाकर्ता को पहले कलकत्ता हाईकोर्ट जाने की सलाह दी.
सुप्रीम कोर्ट से केंद्रीय सुरक्षा बल की मांग
यह मामला चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ के सामने आया. याचिका सनातन संस्था की ओर से दाखिल की गई थी. संस्था की तरफ से वरिष्ठ वकील वी. गिरि ने दलील दी कि 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद राज्य में काफी हिंसा देखने को मिली थी और इस बार भी चुनाव परिणामों के बाद वैसी ही स्थिति बनने की आशंका है. इसी वजह से पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और केंद्रीय बलों की तैनाती जरूरी है.
Advertisement
चुनाव बाद गड़बड़ी और हिंसा रोकने के लिए कोर्ट से गुहार
Advertisement
याचिकाकर्ता ने कोर्ट से यह भी अनुरोध किया कि पूरे हालात पर नजर रखने के लिए सुप्रीम कोर्ट के किसी पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक निगरानी समिति बनाई जाए, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या हिंसा को समय रहते रोका जा सके.
सुप्रीम कोर्ट का याचिका सुनने से इनकार
Advertisement
हालांकि सुप्रीम कोर्ट की पीठ इस दलील से सहमत नहीं दिखी. अदालत ने साफ कहा कि इस तरह के मामलों में पहले संबंधित हाईकोर्ट का रुख करना चाहिए, क्योंकि वही इस स्तर पर अधिक उपयुक्त मंच है. इसलिए कोर्ट ने याचिकाकर्ता को कलकत्ता हाईकोर्ट जाने को कहा.
चुनाव के बाद कानून-व्यवस्था राज्य की जिम्मेदारी- चुनाव आयोग
सुनवाई के दौरान चुनाव आयोग की ओर से भी दलील दी गई. आयोग की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता दामा शेषाद्रि नायडू ने कहा कि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव आयोग की भूमिका खत्म हो जाती है, इसलिए कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है. इस पर अदालत ने भी स्पष्ट टिप्पणी की. जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि इस मामले में निर्णय राज्य की राजनीतिक कार्यपालिका को लेना होता है. वहीं चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि उम्मीद है कि राज्य सरकार यह समझेगी कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी है.
Advertisement
सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत राहत देने से इनकार किया
यह भी पढ़ें
याचिकाकर्ता ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर पहले से ही मुख्य याचिका दाखिल कर रखी है और अभी जो मांग की गई थी वह एक अंतरिम आवेदन के जरिए थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट अपने रुख पर कायम रहा और तुरंत राहत देने से इनकार कर दिया. अदालत ने कहा कि इस मामले की मुख्य याचिका 11 मई को सूचीबद्ध है और उसी दिन इस पर विस्तृत सुनवाई की जाएगी. अभी के लिए अदालत ने किसी भी तरह का हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया.