Advertisement
भारत की तरह किसी एक देश की टीम नहीं है वेस्टइंडीज, फिर कैसे खेलती है इंटरनेशनल क्रिकेट? जानें पूरा इतिहास और दिलचस्प कहानी
क्या आपने कभी सोचा है कि जिस वेस्टइंडीज टीम के नाम से खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हैं, इस नाम का असल में कोई देश है ही नहीं. इसके बावजूद क्रिकेट के मैदान पर यह टीम एक देश की तरह उतरती है.
Advertisement
क्रिकेट में जब भी वेस्टइंडीज का नाम आता है, तो दमदार बल्लेबाजों और धुआंधार गेंदबाजों की तस्वीर जेहन में आती है. वेस्टइंडीज ने क्रिकेट के मैदान में अपनी मजबूत छाप हमेशा छोड़ी. जिस टीम ने कभी दुनिया के बड़े-बड़े गेंदबाजों और बल्लेबाजों के पसीने छुड़ा दिए थे, वो असल में किसी एक देश की टीम है ही नहीं.
क्या आपने कभी सोचा है कि जिस वेस्टइंडीज टीम के नाम से खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हैं, इस नाम का असल में कोई देश है ही नहीं. इसके बावजूद क्रिकेट के मैदान पर यह टीम एक देश की तरह उतरती है. इसके पीछे की कहानी काफी दिलचस्प है. जिसमें जानते हैं कि कैसे कई देशों और द्वीपों के खिलाड़ी मिलकर एक टीम बनाते हैं?
कैरेबियन देशों का समूह जो मिलकर बने एक टीम
Advertisement
भारत की टीम भारत का, ऑस्ट्रेलिया की टीम ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करती है, लेकिन वेस्टइंडीज की टीम कैरेबियन क्षेत्र के कई देशों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करती है.
Advertisement
यह क्रिकेट की दुनिया में एक अनोखी व्यवस्था है. इसके पीछे ब्रिटिश शासन का इतिहास, कैरेबियन देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत और क्रिकेट को लेकर एकजुटता की कहानी है.
सबसे पहले समझिए, वेस्टइंडीज क्या है?
Advertisement
वेस्टइंडीज को लेकर सबसे बड़ा भ्रम यही है कि लोग इसे एक देश समझ लेते हैं. जबकि वास्तव में वेस्टइंडीज कैरेबियन सागर के आसपास फैले द्वीपों और कुछ महाद्वीपीय क्षेत्रों का एक भौगोलिक और ऐतिहासिक समूह है.
यह क्षेत्र उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका के बीच स्थित है. इसमें कई छोटे-बड़े द्वीप हैं, जिनमें से कुछ आज स्वतंत्र देश हैं, जबकि कुछ अभी भी ब्रिटेन, अमेरिका या नीदरलैंड जैसे देशों के अधीन क्षेत्र या संवैधानिक इकाइयां हैं.
आखिर कैसे शुरू हुई वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम की कहानी?
Advertisement
इस कहानी की शुरुआत ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के दौर से होती है. कैरेबियन के कई द्वीप लंबे समय तक ब्रिटिश शासन के अधीन रहे. ब्रिटिश अधिकारी, सैनिक और व्यापारी अपने साथ क्रिकेट भी लेकर आए. धीरे-धीरे यह खेल स्थानीय लोगों के बीच लोकप्रिय होने लगा.
शुरुआत में हर द्वीप की अपनी क्रिकेट टीम हुआ करती थी. बारबाडोस, गुयाना और त्रिनिदाद जैसे क्षेत्रों के खिलाड़ी आपस में मुकाबले खेलते थे.
साल 1865 में बारबाडोस और डेमेरारा (आज के गुयाना का हिस्सा) के बीच पहला अंतर-औपनिवेशिक क्रिकेट मुकाबला खेला गया. इसके बाद दूसरे द्वीप भी इस क्रिकेट नेटवर्क से जुड़ते गए.
Advertisement
धीरे-धीरे यह महसूस किया जाने लगा कि अगर कैरेबियन के अलग-अलग द्वीपों के बेहतरीन खिलाड़ियों को एक साथ लाया जाए, तो एक मजबूत टीम बनाई जा सकती है. यहीं से संयुक्त वेस्टइंडीज टीम की अवधारणा मजबूत हुई.
- 1926 में मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
- 1928 में खेला पहला टेस्ट
वेस्टइंडीज क्रिकेट के इतिहास में 1926 का साल बेहद महत्वपूर्ण है. उस समय क्रिकेट की अंतरराष्ट्रीय संस्था का नाम इम्पीरियल क्रिकेट कॉन्फ्रेंस था, जिसे आज हम इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के नाम से जानते हैं.
1926 में भारत और न्यूजीलैंड के साथ वेस्टइंडीज को भी इस संस्था की सदस्यता मिली. इस तरह वेस्टइंडीज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक अलग पहचान मिल गई.
Advertisement
इसके दो साल बाद यानी 1928 में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला आधिकारिक टेस्ट मैच खेला था. उस समय भी वेस्टइंडीज कोई एक स्वतंत्र देश नहीं था. इसके बावजूद ICC ने उसे एक संयुक्त क्रिकेट इकाई के रूप में मान्यता दी थी. यानी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग-अलग द्वीपों के बजाय एक ही टीम के नाम से खेलने की व्यवस्था स्थापित हो गई.
इन देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी होते हैं वेस्टइंडीज का हिस्सा
वेस्टइंडीज की टीम मुख्य रूप से 15 अंग्रेजी-भाषी कैरेबियन देशों और क्षेत्रों से प्रतिभाएं लेकर बनाई जाती है. क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) इन क्षेत्रों में क्रिकेट का संचालन करता है.
Advertisement
इनमें स्वतंत्र देश और दूसरे प्रशासनिक क्षेत्रों, दोनों के खिलाड़ी शामिल होते हैं. जैसे
- एंटीगुआ और बारबुडा
- बारबाडोस
- डोमिनिका
- ग्रेनेडा
- गुयाना
- जमैका
- सेंट किट्स और नेविस
- सेंट लूसिया
- सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस
- त्रिनिदाद और टोबैगो
इनके अलावा अंगुइला, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स, मॉन्टसेराट, यूएस वर्जिन आइलैंड्स, सिंट मार्टेन, इन देशों और क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को उनकी क्रिकेट पात्रता के आधार पर वेस्टइंडीज की राष्ट्रीय टीम में चुना जा सकता है. इसका मतलब यह है कि जमैका में जन्मा खिलाड़ी और बारबाडोस में जन्मा खिलाड़ी एक ही अंतरराष्ट्रीय टीम के लिए खेल सकते हैं.
जब देश अलग-अलग हैं, तो क्रिकेट टीम एक कैसे है?
Advertisement
इसके पीछे क्रिकेट का एक साझा प्रशासनिक ढांचा है, जिसे Cricket West Indies (CWI) कहा जाता है. पहले इसका नाम वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (WICB) था. 2015 में इसके पुनर्गठन के दौरान इसका नाम बदलकर क्रिकेट वेस्टइंडीज कर दिया गया.
यह संस्था कैरेबियन क्षेत्र में क्रिकेट के संचालन, खिलाड़ियों के चयन, घरेलू प्रतियोगिताओं और अंतरराष्ट्रीय टीमों की जिम्मेदारी संभालती है. इसके तहत पुरुष, महिला और आयु वर्ग की टीमें भी खेलती हैं.
जैसे भारत में BCCI क्रिकेट का संचालन करता है और भारतीय टीम चुनता है. ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया यही काम करता है. इसी तरह कैरेबियन के कई देशों और क्षेत्रों में क्रिकेट का साझा संचालन CWI करता है.
Advertisement
CWI के तहत चुनी गई संयुक्त टीम अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में वेस्टइंडीज के नाम से उतरती है. इसलिए ICC में वेस्टइंडीज की सदस्यता किसी एक कैरेबियन देश के नाम पर नहीं, बल्कि एक संयुक्त क्रिकेट इकाई के रूप में है.
ICC के नियमों में किसी भौगोलिक क्षेत्र या क्रिकेट के लिए एक साथ जुड़े देशों की प्रतिनिधि टीम को पूर्ण सदस्यता देने का प्रावधान है. वेस्टइंडीज इसका उदाहरण है.
क्या इन देशों की अपनी अलग क्रिकेट टीमें नहीं होतीं?
Advertisement
ऐसा नहीं है कि इन देशों की अपनी क्रिकेट पहचान नहीं है. दरअसल, वेस्टइंडीज के भीतर घरेलू क्रिकेट का एक पूरा ढांचा मौजूद है. इन देशों और द्वीपों को छह प्रमुख क्षेत्रीय क्रिकेट इकाइयों में बांटा गया है. ये टीमें वेस्टइंडीज की घरेलू चार दिवसीय और एकदिवसीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती हैं.
यानी खिलाड़ी पहले अपने क्षेत्रीय स्तर पर खेलते हैं और फिर अपने प्रदर्शन के आधार पर वेस्टइंडीज की अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह बना सकते हैं.
यह बिल्कुल उसी तरह है जैसे भारत में खिलाड़ी अलग-अलग घरेलू टीमों से निकलकर भारतीय क्रिकेट टीम में पहुंचते हैं.फ र्क सिर्फ इतना है कि यहां घरेलू इकाइयां कई देशों और द्वीपों को मिलाकर बनी हैं.
Advertisement
आखिर इन देशों ने अपनी अलग-अलग टीमें बनाने के बजाय एक संयुक्त टीम क्यों चुनी?
इसके पीछे कई ऐतिहासिक और व्यावहारिक कारण हैं. जिसमें एक कारण ये भी है कि छोटी आबादी और सीमित खिलाड़ी संसाधन हैं, कैरेबियन के ज्यादातर द्वीप आकार और आबादी में छोटे हैं. ऐसे में हर देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की मजबूत टीम तैयार करना चुनौतीपूर्ण हो सकता था. दूसरा कारण साझा औपनिवेशिक इतिहास है, इनमें से कई क्षेत्र ब्रिटिश शासन के अधीन रहे थे. वहां अंग्रेजी भाषा, प्रशासनिक व्यवस्था और खेल संस्कृति का प्रभाव रहा. क्रिकेट ने इन क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने में बड़ी भूमिका निभाई.
तीसरा कारण क्षेत्रीय पहचान और एकजुटता है. भले ही इन देशों की राजनीतिक पहचान अलग है, लेकिन इनके बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जुड़ाव है. वेस्टइंडीज की टीम इस साझा पहचान का प्रतीक बन गई. इसलिए वेस्टइंडीज के लिए क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि कैरेबियन क्षेत्र की एकजुटता और गौरव का प्रतीक भी है.
Advertisement
वेस्टइंडीज ने क्रिकेट की दुनिया में कैसे बनाया दबदबा?
वेस्टइंडीज की संयुक्त टीम बनने का फायदा उसे क्रिकेट के मैदान पर भी मिला. 1970 और 1980 के दशक में वेस्टइंडीज दुनिया की सबसे खतरनाक क्रिकेट टीमों में शुमार थी.
- 1975 में पहला क्रिकेट विश्व कप जीता
- 1979 में लगातार दूसरी बार विश्व कप अपने नाम किया
- 1980 के दशक में टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय तक अपना दबदबा बनाए रखा
- 2012 और 2016 में पुरुषों का टी20 विश्व कप जीता
- 2016 में वेस्टइंडीज की महिला टीम ने भी टी20 विश्व कप जीता
क्या वेस्टइंडीज के खिलाड़ी ओलंपिक में भी इसी नाम से खेलेंगे?
Advertisement
क्रिकेट में वेस्टइंडीज एक संयुक्त टीम है, लेकिन ओलंपिक में प्रतिनिधित्व का आधार अलग होता है. ओलंपिक में खिलाड़ी संबंधित राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के माध्यम से अपने देश या क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं.
यह भी पढ़ें- बंदूकें छोड़ बनाई नई पहचान... जब रैंप पर उतरीं बस्तर के ’लाल आतंक' से निकलीं महिलाएं, हैरान रह गई पूरी दुनिया
यह भी पढ़ें
इसलिए वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम का ICC में पूर्ण सदस्य होना और ओलंपिक में किसी कैरेबियन देश का प्रतिनिधित्व करना दो अलग व्यवस्थाएं हैं. उदाहरण के तौर पर, 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के क्रिकेट क्वालिफिकेशन में कैरेबियन क्षेत्र के लिए अलग क्षेत्रीय चयन प्रक्रिया की व्यवस्था बताई गई है.