×
जिस पर देशकरता है भरोसा
Advertisement

केरल-असम समेत 5 राज्यों के रुझान, पश्चिम बंगाल में BJP 101 सीटों पर आगे

Election Result 2026 Live: पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुच्चेरी में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना आज सुबह 8 बजे शुरू हो गई है. बंगाल में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 293 सीटों के लिए 77 केंद्रों पर गिनती हो रही है. असम में 126 सीटों की गिनती 40 केंद्रों पर चल रही है, जहां एनडीए की तीसरी बार वापसी की उम्मीद है.

केरल-असम समेत 5 राज्यों के रुझान, पश्चिम बंगाल में BJP 101 सीटों पर आगे

Election Results 2026: पश्चिम बंगाल सहित असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुच्चेरी जैसे पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के बाद आज मतगणना का दिन है. सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी. पश्चिम बंगाल में संवेदनशील स्थिति को देखते हुए मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. यहां 293 सीटों के लिए कुल 77 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं. इस चुनाव में टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है. चुनाव आयोग ने राज्य में 423 पर्यवेक्षकों की तैनाती की है ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.

असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु पर भी एक नजर 

वहीं असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुच्चेरी में भी मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो रही है. असम में 126 विधानसभा सीटों के लिए डाले गए वोटों की गिनती 35 जिलों के 40 केंद्रों पर की जाएगी. वहीं,तमिलनाडु में इस बार राजनीतिक मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है, जहां सत्तारूढ़ डीएमके के सामने एआईएडीएमके के साथ-साथ अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके और सीमान की एनटीके जैसी नई राजनीतिक ताकतें भी चुनौती पेश कर रही हैं. डीएमके लगातार दूसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में है.इसी तरह केरल की 140 और पुडुच्चेरी की 30 सीटों के नतीजे भी आज ही सामने आएंगे.

Advertisement
08:34 AM (36m पहले)

बंगाल और असम में बीजेपी ने बनाई बढ़त

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

मतगणना के शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बढ़त मिलती नजर आ रही है. पश्चिम बंगाल में पार्टी 65 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि असम में बीजेपी 27 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.

08:28 AM (41m पहले)

शुरुआती रुझान में भबानीपुर सीट पर ममता बनर्जी आगे

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में रही भवानीपुर सीट पर टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी आगे हैं. वहीं बीजेपी नेता शिवेंदु अधिकारी पीछे चल रहे हैं. यह सीट टीएमसी और बीजेपी दोनों ही सियासी दलों के लिए प्रतिष्ठा बनी हुई है.

08:16 AM (53m पहले)

पर्यवेक्षक पूरी तरह तैयार: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पश्चिम बंगाल में मतगणना शुरू होते ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल का अहम बयान सामने आया है. उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि राज्य के सभी मतगणना केंद्रों पर एजेंट और पर्यवेक्षक पूरी तरह तैयार हैं और उन्हें कई चरणों में प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है. न्यूज एजेंसी एनआई से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं भी किसी तरह की रुकावट की आशंका नहीं है और पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत ही संपन्न कराई जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की करीब 200 कंपनियां तैनात की गई हैं, ताकि हर स्तर पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण गिनती सुनिश्चित की जा सके.

07:54 AM (1h पहले)

हम हर चुनौती को पार कर सकते हैं: PM मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पश्चिम बंगाल -असम समेत आज पांच राज्यों के चुनाव के नतीजों के आएंगे. सभी राज्यों में सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने बिना बंगाल का नाम लिए एक संदेश दिया है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'कौशल, परिश्रम और करुणा हमारे जीवन की अद्भुत शक्तियां हैं. इनके माध्यम से हम न केवल हर चुनौती को पार कर सकते हैं, बल्कि ये हमारे लक्ष्यों की प्राप्ति में भी मददगार हैं.' उन्होंने आगे एक श्लोक भी लिखा, 'को हि भारः समर्थानां किं दूरं व्यवसायिनाम्। को विदेशः सुविद्यानां कः परः प्रियवादिनाम्॥'

07:47 AM (1h पहले)

कोई समस्या नहीं, सब ठीक रहेगा: हुमायूं कबीर

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनाती से पहले आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने कहा, 'यहां तैनात चुनाव आयोग के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सब कुछ सुचारू और सुरक्षित रूप से हो और किसी को कोई परेशानी न हो. जिन आम जनता ने समर्थन दिया है और मतदान किया है, उन्हें निष्पक्ष और अच्छा परिणाम मिलना चाहिए. कोई समस्या नहीं है. सब ठीक रहेगा.'

07:42 AM (1h पहले)

बंगाल में खिलेगा कमल: पूर्णिमा चक्रवर्ती, बीजेपी नेता

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

कोलकाता के श्यामपुकुर निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती ने कहा, 'बंगाल की जनता के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल में कमल खिलने जा रहा है. बीजेपी यहां सरकार बनाएगी. श्यामपुकुर महिला विरोधी मंत्री से मुक्त होने जा रहा है.' इसके साथ ही उन्होंने 21 मई को फाल्टा में पुनर्मतदान के बारे में उन्होंने कहा, 'उन्होंने वोट चोरी करने के हर संभव प्रयास किए लेकिन इस बार चुनाव आयोग ने जो भूमिका निभाई है, उसके लिए हम उसे धन्यवाद देते हैं. यह बंगाल का पहला चुनाव है जहां कोई हत्या, अपहरण या बलात्कार नहीं हुआ, जहां घरों में तोड़फोड़ नहीं हुई, जहां लोगों को परेशान नहीं किया गया, जहां खेतों में आग नहीं लगाई गई. विश्वास रखें, बंगाल की जनता इस बार अपने अधिकार लेकर आएगी और 'चोर टीएमसी' को उसकी औकात दिखाई जाएगी.'

07:19 AM (1h पहले)

कोलकाता में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के बाहर भारी मात्रा में फोर्स तैनात

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पश्चिम बंगाल में मतगणना शुरू होने से पहले राजधानी कोलकाता स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दफ्तर के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. राज्य की 293 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे से शुरू होनी है.

06:55 AM (2h पहले)

कोलकाता में बढ़ाई गई सुरक्षा

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

मतगणना शुरू होने से पहले पूरे कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है. नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में भी बहुस्तरीय सुरक्षा तैनाती की गई है. प्रशासनिक अधिकारी पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए हैं. इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है.

06:53 AM (2h पहले)

मतगणना से पहले कोलकाता में बवाल

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

बंगाल में मतगणना से पहले कोलकाता में बवाल, भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित मतगणना केंद्र के बाहर टीएमसी और बीजेपी के एजेंट आपस में भिड़े. राज्य की 293 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी.

06:48 AM (2h पहले)

मतगणना से पहले ममता बनर्जी का आरोप

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पश्चिम बंगाल में मतगणना शुरू होने से ठीक पहले टीएमसी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि राज्य के कुछ इलाकों हुगली के सेरामपुर, नदिया के कृष्णानगर, बर्धमान के आउसग्राम और कोलकाता के क्षुदीराम अनुशीलन केंद्र में जानबूझकर बिजली कटौती की जा रही है. ममता बनर्जी के अनुसार, अंधेरा होने पर सीसीटीवी कैमरे बंद हो जाते हैं और स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास वाहनों की आवाजाही भी बढ़ जाती है. उन्होंने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे पूरी रात स्ट्रॉन्ग रूम पर नजर रखें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें और सीसीटीवी फुटेज की मांग करें. साथ ही उन्होंने इन घटनाओं के पीछे बीजेपी की भूमिका होने का आरोप भी लगाया है.

06:30 AM (2h पहले)

सभी राज्यों में पहले पोस्टल बैलट से पड़े वोट की होगी गिनती

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

सभी राज्यों में मतगणना की शुरुआत पहले आधे घंटे के भीतर पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती से होगी. नियम के अनुसार, ईवीएम की गणना पूरी होने से पहले डाक मतपत्रों की गिनती हर स्थिति में पहले ही समाप्त कर ली जाएगी. उसके बाद ईवीएम से में पड़े वोट की गिनती सभी मतदान केंद्रों पर शुरू होगी.

06:27 AM (2h पहले)

असम में बीजेपी के लिए दिख रही संभावना

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

असम में ‘पोल्स ऑफ पोल्स’ के अनुमान के अनुसार एक बार फिर बीजेपी के नेतृत्व में सरकार बनने की संभावना जताई जा रही है. इस बार राज्य में 85.46 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है. कुल 126 विधानसभा सीटों के लिए 722 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. मुख्य मुकाबला सत्ताधारी बीजेपी और विपक्षी कांग्रेस के बीच देखने को मिल रहा है. चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दलों के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप भी हुए. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा इस पूरे चुनावी माहौल में कांग्रेस पर लगातार हमलावर नजर आए.

06:25 AM (2h पहले)

तमिलनाडु में भी मतगणना के लिए खास इंतजाम

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

तमिलनाडु में मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए बड़े स्तर पर सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम किए गए हैं. इस दौरान पुलिस बल, अधिकारियों और सूक्ष्म पर्यवेक्षकों समेत करीब 1.25 लाख कर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है. ईवीएम वोटों की गिनती के लिए 234 मतगणना हॉल बनाए गए हैं, जबकि डाक मतपत्रों और इलेक्ट्रॉनिक तरीके से भेजे गए ईटीपीबी वोटों की गणना हेतु 240 अतिरिक्त हॉल निर्धारित किए गए हैं. मतगणना कार्य को संपन्न कराने के लिए कुल 10,545 कर्मियों की तैनाती की गई है, जिनकी सहायता के लिए 4,624 सूक्ष्म पर्यवेक्षक भी मौजूद रहेंगे.

06:15 AM (2h पहले)

बंगाल में ममता बनर्जी की साख दांव पर

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस इस बार भी लगातार चौथी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ मैदान में है, हालांकि उसे मुख्य विपक्षी दल बीजेपी से कड़ी चुनौती मिल रही है. दूसरी ओर, 2021 के चुनाव में मिली बड़ी हार के बाद माकपा और कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं. इसके अलावा, हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम जैसी क्षेत्रीय छोटी पार्टियां भी कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में अपनी पकड़ बनाने के इरादे से चुनावी मैदान में सक्रिय हैं.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें