जिस पर देशकरता है भरोसा
Advertisement

Gen-Z से 'दिमागी नक्सल' तक... लाल किले से PM मोदी का बड़ा संदेश, जानें 77 मिनट के भाषण में क्या-क्या कहा?

रत 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस मौक़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पर लगातार 13वीं बार तिरंगा फहराया. इस बार कार्यक्रम में पहली बार 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन हुआ. समारोह में युवा शक्ति और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर भी खास जोर रहा.

Gen-Z से 'दिमागी नक्सल' तक... लाल किले से PM मोदी का बड़ा संदेश, जानें 77 मिनट के भाषण में क्या-क्या कहा?

Independence Day 2026: भारत 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस बार राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह कई वजहों से खास रहने वाला है. लाल किले पर होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व करेंगे और लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया. समारोह को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

इस साल के समारोह की एक बड़ी खासियत राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' से जुड़ी है. पहली बार लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन हुआ. रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस बार का आयोजन 'वंदे मातरम्' की 150 साल पुरानी विरासत को समर्पित किया गया है. समारोह का फोकस देश के भविष्य और युवा शक्ति पर भी रहेगा. कार्यक्रम में 2047 तक भारत को 'विकसित भारत' बनाने के लक्ष्य की दिशा में जारी प्रयासों को रेखांकित किया जाएगा. साथ ही देश के युवाओं की ऊर्जा, उनकी उम्मीदों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को भी प्रमुखता दी गई.

Advertisement
09:49 AM (10m पहले)

PM मोदी ने लाल किले पर मौजूद छात्रों से की मुलाकात

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पर मौजूद छात्रों के बीच पहुंचे और उनसे मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने छात्रों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया और उनका उत्साह बढ़ाया.

09:09 AM (51m पहले)

हमें दिमागी नक्सलियों से सावधान रहने की जरूरत: PM मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सलवाद और माओवाद को लेकर कड़ा रुख जाहिर किया. उन्होंने कहा कि इन विचारधाराओं ने देश के युवाओं को नुकसान पहुंचाया और संविधान की मूल भावना को भी चोट पहुंचाई. पीएम मोदी ने कहा कि आज नक्सली और माओवादी हिंसा कमजोर पड़ चुकी है और इसका असर पहले की तुलना में काफी कम हुआ है. हालांकि, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 'दिमागी नक्सली' अब भी मौके की तलाश में हैं. प्रधानमंत्री ने लोगों से ऐसे तत्वों को पहचानने और नक्सलवाद की चुनौती के प्रति सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि देश को इस तरह की विचारधारा से बेहद ही सावधान रहने की जरूरत है.

09:05 AM (54m पहले)

महिला भागीदारी पर PM मोदी की अपील, बोले- नारी शक्ति को मिले 33% प्रतिनिधित्व

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर राजनीति हुई, लेकिन अब सभी राजनीतिक दलों को महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए. पीएम मोदी ने अपील करते हुए कहा कि महिलाओं को 33 फीसदी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में सभी दलों को साथ आना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में महिलाओं की भूमिका और मजबूत होनी चाहिए. प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक पार्टियों से आग्रह किया कि वे महिलाओं के लिए आगे आएं और उन्हें पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने की दिशा में ठोस कदम उठाकर हमारी सरकार का सहयोग करें.

09:03 AM (56m पहले)

2036 ओलंपिक की मेजबानी का लक्ष्य, PM मोदी बोले- गांव-गांव से खोजेंगे खेल प्रतिभाएं

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी को लेकर अपनी सरकार की प्राथमिकता बताई. उन्होंने कहा कि 2030 का ओलंपिक भारत में आयोजित हो रहा है और उनकी इच्छा है कि 2036 का ओलंपिक भी देश में ही हो. पीएम मोदी ने कहा कि देश के गांवों और शहरों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को तलाशने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत अलग-अलग इलाकों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल के क्षेत्र में टैलेंट हंट आयोजित किए जाएंगे, ताकि देश की युवा प्रतिभाओं को सही मंच मिल सके और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा के लिए तैयार किया जा सके.

08:50 AM (1h पहले)

विकसित भारत के लिए PM मोदी ने बताईं ‘सप्त शक्ति’, मैन्युफैक्चरिंग से टेक्नोलॉजी तक पर जोर

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश में नई ऊर्जा और नई दिशा की जरूरत बताई. लाल किले की प्राचीर से उन्होंने ‘सप्त सिंधु’ का जिक्र करते हुए विकास के लिए जरूरी सात प्रमुख शक्तियों की बात रखी. पीएम मोदी ने कहा कि इन शक्तियों में सबसे पहली प्राथमिकता मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को दी जानी चाहिए. इसके लिए लागत कम रखने, बेहतर गुणवत्ता बनाए रखने और बड़े पैमाने पर उत्पादन करने पर ध्यान देना होगा. उन्होंने साफ कहा कि गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता, क्योंकि यही भारतीय उत्पादों की ब्रांड वैल्यू तय करेगी. दूसरी प्रमुख शक्ति के तौर पर उन्होंने फूड प्रोसेसिंग को बारे में बताया किया. पीएम मोदी ने कहा कि नए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के जरिए भारतीय उत्पादों के लिए बड़े वैश्विक बाजारों के रास्ते खुले हैं. ऐसे में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को मजबूत करना देश के लिए काफी अहम होगा.

08:42 AM (1h पहले)

PM मोदी ने किया बड़ा ऐलान, बोले- 1 साल में 1 करोड़ युवाओं को मिलेगी AI स्किल की ट्रेनिंग

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पीएम मोदी ने युवाओं को देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया. उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में सबसे बड़ा फायदा देश के युवाओं को मिलेगा और सरकार की प्राथमिकताओं में युवा सबसे ऊपर हैं. पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी. उन्होंने बताया कि युवा वर्ग के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का फंड रखा गया है. इसके साथ ही सरकार आने वाले एक साल में देश के 1 करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से जुड़ी स्किल की ट्रेनिंग देने की योजना पर काम करेगी.

08:38 AM (1h पहले)

समुद्र के 99% हिस्से को ‘नो-गो’ से ‘गो-अहेड जोन’ में बदला

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने देश की ऊर्जा जरूरतों और समुद्र में मौजूद संभावनाओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि किसी देश की प्रगति केवल संसाधनों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि उसकी सोच भी विकास की दिशा तय करती है. अगर सोच सीमित हो जाए तो देश अपनी क्षमता का पूरा इस्तेमाल नहीं कर पाता. पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज भी कच्चे तेल की जरूरत के लिए दूसरे देशों पर निर्भर है. उन्होंने बताया कि लंबे समय तक देश के समुद्र तट का करीब 99 फीसदी हिस्सा ‘नो-गो एरिया’ के रूप में चिन्हित था. यानी वहां समुद्र की गहराई में जाकर संभावित तेल और गैस भंडार की तलाश की अनुमति नहीं थी. प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस सोच को बदलने का फैसला किया और पहले प्रतिबंधित रहे 99 फीसदी समुद्री क्षेत्र को अब ‘गो-अहेड जोन’ में बदल दिया गया है. इसके बाद गहरे समुद्र में तेल, गैस और दूसरे संभावित संसाधनों की तलाश का काम तेज किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पिछले साल इस दिशा में ‘समुद्र मंथन’ पहल की घोषणा की गई थी. अब सरकार ने समुद्र में खोज और नए ऊर्जा भंडार तलाशने की प्रक्रिया को और गति देने के लिए 85,000 करोड़ रुपये आवंटित करने का निर्णय लिया है.

08:32 AM (1h पहले)

युद्ध को लेकर कुछ लोगों को देश को डराने में मजा आता है: PM मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे युद्ध और उसके बीच भारत के सामने आई चुनौतियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश ने कई तरह के संकटों का सामना किया है. पीएम मोदी ने कहा कि जब युद्ध का दौर चल रहा था, तब कुछ लोगों की ओर से तरह-तरह की अफवाहें फैलाई गईं. लोगों के बीच यह डर पैदा करने की कोशिश की गई कि देश में तेल और गैस की कमी हो जाएगी. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को देश को चिंतित और डराए रखने में ही आनंद मिलता है. प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे वक़्त में भारत ने ना सिर्फ़ मुश्किलों का डटकर सामना किया बल्कि आगे बढ़ने की प्रक्रिया को भी निरंतर जारी रखा. 

08:27 AM (1h पहले)

12 साल में कई गुना बढ़ी पाइप वाली गैस की पहुंच

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में पाइप वाली गैस की सुविधा का तेजी से विस्तार हुआ है. उन्होंने बताया कि 12 साल पहले देश के केवल 70 शहरों में पाइप्ड गैस की सुविधा उपलब्ध थी. अब यह आंकड़ा बढ़कर करीब 700 शहरों तक पहुंच गया है. पीएम मोदी के मुताबिक, आज देश के 1.75 करोड़ घर पाइप वाली गैस लाइन से जुड़ चुके हैं. उन्होंने इसे ऊर्जा क्षेत्र में हुई बड़ी प्रगति के तौर पर बताया.

08:21 AM (1h पहले)

युद्ध के दौरान फैली अफवाहों पर PM मोदी ने साधा निशाना

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जारी संघर्षों और युद्धों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत को कई तरह की चुनौतियों और संकटों का सामना करना पड़ा है. पीएम मोदी ने कहा कि युद्ध के दौर में देश में कई तरह की अफवाहें भी फैलाई गईं. लोगों को डराने के लिए यह कहा गया कि भारत में तेल और गैस की कमी हो जाएगी. प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को देश को लगातार चिंता और भय में रखने में ही आनंद मिलता है और मुश्किल समय में अफवाहों के जरिए डर का माहौल बनाने की कोशिश की गई.

08:14 AM (1h पहले)

‘हो जाएगा’ वाली सोच छोड़कर नई रफ्तार से आगे बढ़ रहा भारत

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के साथ भारत ने बड़े सपने देखे थे, लेकिन लंबे समय तक देश उस गति से आगे नहीं बढ़ सका, जिसकी उम्मीद की गई थी. उन्होंने कहा कि एक समय ‘होता है’, ‘चलता है’, ‘हो जाएगा’ और ‘देखा जाएगा’ जैसी सोच ने विकास की रफ्तार को प्रभावित किया. पीएम मोदी ने कहा कि 2014 तक वैश्विक स्तर पर भारत को ‘फ्रैजाइल फाइव’ यानी कमजोर अर्थव्यवस्था वाले पांच देशों में गिना जाता था. हालांकि, बीते 12 वर्षों में देश ने परिस्थितियों को बदलते हुए विकास की नई गति हासिल की है. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश के 140 करोड़ नागरिकों का संकल्प उसकी सबसे बड़ी ताकत है. देश की इच्छाशक्ति भारत को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती.

08:07 AM (1h पहले)

सेमीकंडक्टर और ऊर्जा सुरक्षा में आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने अपने संबोधन में सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों और ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में भारत की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में देश को मजबूत बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना है. पीएम मोदी ने बताया कि भारत में फिलहाल तीन सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू हो चुके हैं, जबकि आने वाले समय में 4-5 और संयंत्र शुरू किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में ऊर्जा की भूमिका लगातार बढ़ रही है और भविष्य की दुनिया को चलाने के लिए ऊर्जा सुरक्षा बेहद जरूरी होगी. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ इस क्षेत्र में अपनी रणनीतिक क्षमता भी मजबूत करनी होगी.

07:57 AM (2h पहले)

PM मोदी ने आत्मनिर्भरता को बताया विकसित भारत की कुंजी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में तेजी से काम हुआ है और देश ने विकास की रफ्तार पकड़ी है. पीएम मोदी के मुताबिक, गैस कनेक्शन देने की गति में करीब छह गुना बढ़ोतरी हुई, जबकि आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेट्रो नेटवर्क का भी विस्तार किया गया. रक्षा क्षेत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश का डिफेंस उत्पादन करीब चार गुना बढ़ा है. उन्होंने आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि भारत को अपनी जरूरतों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहने के बजाय अपने हितों की रक्षा खुद करने की क्षमता विकसित करनी होगी. उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता ही भारत को विकसित राष्ट्र बनने की राह पर आगे ले जाएगी और इसके लिए देश को अपनी क्षमताओं को लगातार मजबूत करना होगा और इसे कर भी रहा है.

07:55 AM (2h पहले)

2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा: PM मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत नए संकल्पों और नई उम्मीदों के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि दुनिया का भारत को देखने का नजरिया भी बदल रहा है. पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि देश अपनी क्षमता और सामर्थ्य के दम पर 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हर हाल में हासिल करेगा. इस दिशा में देश तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.

07:52 AM (2h पहले)

बाढ़ प्रभावितों के साथ पूरा देश खड़ा: PM मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

स्वतंत्रता दिवस के अपने संबोधन में पीएम मोदी ने देश के कई हिस्सों में हाल में आई बाढ़ का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कई परिवारों को मुश्किल हालात का सामना करना पड़ रहा है. पीएम मोदी ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा है.

07:46 AM (2h पहले)

80वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी का संबोधन शुरू

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार तिरंगा फहराने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया. उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए की. पीएम मोदी ने कहा, 'आज हर घर तिरंगा है, हर मन तिरंगा है।' उन्होंने इस नारे के जरिए देशभर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों के उत्साह और देशभक्ति की भावना का जिक्र किया.

07:44 AM (2h पहले)

ध्वजारोहण से पहले गूंजा ‘वंदे मातरम्’

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार तिरंगा फहराया. इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक खास बदलाव देखने को मिला. ध्वजारोहण से पहले पहली बार ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजाई गई. इसके बाद प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान की धुन के साथ समारोह आगे बढ़ा.

07:23 AM (2h पहले)

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने दी बधाई

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंधों का सकारात्मक असर भारत-अमेरिका के द्विपक्षीय रिश्तों पर पड़ा है. रूबियो ने अपने संदेश में दोनों देशों के लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ती और पारिवारिक जुड़ाव को भारत-अमेरिका साझेदारी की मजबूत नींव बताया. उन्होंने कहा कि यह संबंध नवाचार, मजबूती और भविष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रहा है. अमेरिकी सरकार की ओर से रूबियो ने भारत के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं.

07:17 AM (2h पहले)

PM मोदी पहुंचे राजघाट, दी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए लाल किले पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजघाट पहुंचे. यहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया. इसके बाद प्रधानमंत्री का काफिला लाल किले के लिए रवाना हो गया.

07:07 AM (2h पहले)

रक्षा मंत्री ने अपने आवास पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इस दौरान उन्होंने देश के स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत पर तिरंगे को सलामी दी.

07:05 AM (2h पहले)

गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस शुभकामनाएं

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने आजादी की लड़ाई में अपना जीवन और सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उन्हें नमन किया. अमित शाह ने देशवासियों से अपील की कि इस अवसर पर विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करते हुए उसे पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ें.

07:02 AM (2h पहले)

लाल किले पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्प वर्षा

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ध्वजारोहण के साथ ही भारतीय वायुसेना के दो MI-17 हेलीकॉप्टर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेंगे और समारोह स्थल पर फूलों की बारिश करेंगे. इनमें एक हेलीकॉप्टर पर राष्ट्रीय ध्वज, जबकि दूसरे पर ‘वंदे मातरम्’ अंकित ध्वज रहेगा. दोनों हेलीकॉप्टरों की कमान विंग कमांडर रजत और स्क्वाड्रन लीडर अंकित वार्ष्णेय के हाथों में होगी. पुष्पवर्षा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को संबोधित करेंगे.

06:59 AM (3h पहले)

PM मोदी ने देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले वीर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया.

06:57 AM (3h पहले)

लाल किले पर रक्षा मंत्री करेंगे PM मोदी का स्वागत

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री तीनों सेनाओं और दिल्ली पुलिस के जवानों से बने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे. गार्ड ऑफ ऑनर के बाद प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर पर पहुंचकर तिरंगा फहराएंगे. ध्वजारोहण के साथ 1721 फील्ड बैटरी से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी. इस दौरान वायुसेना के हेलीकॉप्टरों के जरिए आसमान से फूलों की वर्षा भी की जाएगी. ध्वजारोहण और सलामी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को संबोधित करेंगे. उनके संबोधन के समापन पर करीब 2500 एनसीसी कैडेट और 'माई भारत' के स्वयंसेवक 'वंदे मातरम्' और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन करेंगे.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें