×
जिस पर देशकरता है भरोसा

Independence Day 2025: GST की दरें भारी मात्रा में होंगी कम, इस दिवाली देशवासियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, लाल किले से PM मोदी का ऐलान

79th Independence Day Live Updates: भारत 15 अगस्त 2025 को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस ऐतिहासिक अवसर पर पूरे देश में जश्न का माहौल है. पीएम मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है.

15 Aug, 2025
07:26 AM
Independence Day 2025: GST की दरें भारी मात्रा में होंगी कम, इस दिवाली देशवासियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, लाल किले से PM मोदी का ऐलान

भारत 15 अगस्त 2025 को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस ऐतिहासिक अवसर पर पूरे देश में जश्न का माहौल है. यह 12वीं बार है, जब पीएम मोदी ने दिल्ली में लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया. इसके बाद प्रधानमंत्री ने देश को संबोधित किया. 

स्वतंत्रता दिवस समारोह की इस बार की थीम 'नया भारत' है. समारोह के लिए 5000 खास मेहमानों को निमंत्रण दिया गया है. समारोह में देशभर से 85 सरपंच शामिल हो रहे हैं. समारोह के दौरान ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाया जाएगा. लाल किले और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

09:39 AM (6mos पहले)

2035 तक सभी अहम स्थलों को मिलेगा राष्ट्रीय सुरक्षा कवच: पीएम मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सुरक्षा का महत्व अत्यंत बड़ा है. लाल किले की प्राचीर से उन्होंने घोषणा की कि आने वाले दस वर्षों में, यानी 2035 तक, देश के सभी महत्वपूर्ण स्थलों को जिनमें सामरिक स्थानों के साथ-साथ अस्पताल, रेलवे और आस्था केंद्र जैसे सिविलियन क्षेत्र भी शामिल हैं. तकनीक आधारित नए प्लेटफॉर्म से पूर्ण सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा. पीएम मोदी ने कहा कि 2035 तक इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच का विस्तार, सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण किया जाएगा.

09:35 AM (6mos पहले)

पीएम मोदी का ऐलान, सुदर्शन चक्र मिशन की जल्द होगी शुरुआत

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश जल्द ही सुदर्शन चक्र मिशन की शुरुआत करने वाला है. यह एक शक्तिशाली वेपन सिस्टम होगा, जो न केवल दुश्मन के हमलों को नाकाम करेगा बल्कि कई गुना अधिक ताकत के साथ जवाबी प्रहार भी करेगा. अगले दस वर्षों में इस मिशन को तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा. योजना के तहत 2035 तक देश के सभी अहम स्थलों को इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच से सुरक्षित किया जाएगा. इस कवच का दायरा लगातार बढ़ता रहेगा ताकि हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सके. श्रीकृष्ण से प्रेरणा लेते हुए सुदर्शन चक्र की राह को अपनाने का निर्णय लिया गया है.

09:09 AM (6mos पहले)

लाल किले से पीएम मोदी ने दी महत्वपूर्ण जानकारी, बताया-किसानों ने पिछले साल अनाज उत्पादन में बनाया नया रिकॉर्ड

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साल मेरे देश के किसानों ने अनाज उत्पादन में सभी पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए. यही है भारत की ताकत. जमीन उतनी ही रही लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार हुआ, सिंचाई की सुविधा बढ़ी और बेहतर बीज उपलब्ध हुए. आज भारत मछली उत्पादन में दुनिया में दूसरे स्थान पर है. साथ ही चावल, गेहूं, फल और सब्जियों के उत्पादन में भी देश दूसरे पायदान पर पहुंच चुका है.

09:06 AM (6mos पहले)

युवाओं के लिए खुशखबरी देश में आज से लागू हुई विकसित भारत रोजगार योजना

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले से संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देश के युवाओं के लिए यह एक बड़ी खुशखबरी है. आज 15 अगस्त के अवसर पर एक लाख करोड़ रुपये की योजना की शुरुआत की जा रही है. प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना आज से पूरे देश में लागू हो गई है. निजी क्षेत्र में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार की ओर से 15 हजार रुपये दिए जाएंगे. इस पहल से 3.5 करोड़ से अधिक नौजवानों को रोजगार का अवसर मिलेगा.

08:50 AM (6mos पहले)

पीएम मोदी का GST को लेकर बड़ा ऐलान, कहा- दिवाली पर दूंगा आपको डबल तोहफा

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पीएम मोदी ने कहा कि नेक्स्ट जेनरेशन सुधारों के लिए टास्क फोर्स बनाने का निर्णय लिया गया है. हमारा लक्ष्य अब हर क्षेत्र में बदलाव लाना है. इस दिवाली मैं आपकी खुशी को दोगुना करने जा रहा हूं. देशवासियों को बड़ा तोहफा मिलने वाला है. समय की जरूरत है कि जीएसटी दरों की समीक्षा की जाए. हम नई पीढ़ी का जीएसटी रिफॉर्म लागू करने जा रहे हैं. आम लोगों के लिए टैक्स घटेगा. GST दरों में बड़े पैमाने पर कमी होगी.

08:39 AM (6mos पहले)

लाल किले से PM मोदी ने कहा- मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन अब जरूरी है

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तकनीक के बल पर कई देश दुनिया में शीर्ष स्थान पर पहुंचे हैं. हम अब समुद्र मंथन की दिशा में बढ़ रहे हैं. नेशनल डीप वॉटर मिशन जल्द शुरू किया जाएगा. समुद्र की गहराइयों में तेल और गैस के बड़े भंडार मौजूद हैं. हम ऑपरेशन गगनयान की तैयारियों में जुटे हैं और स्पेस सेक्टर में तेजी से काम आगे बढ़ रहा है. भारत अपना खुद का स्पेस सेंटर स्थापित करेगा. पीएम मोदी ने लाल किले से युवाओं, इंजीनियरों और पेशेवरों को संदेश देते हुए कहा कि क्या हमारे पास अपना मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन नहीं हो सकता. अवश्य होना चाहिए. लड़ाकू विमानों के लिए स्वदेशी इंजन जरूरी है.

08:28 AM (6mos पहले)

PM मोदी का साफ संदेश, कहा- सेमीकंडक्टर और ऊर्जा क्षेत्र में भारत बनेगा आत्मनिर्भर

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि सेमीकंडक्टर फैक्ट्री लगाने का विचार 50-60 साल पहले आया था, लेकिन फाइलें वर्षों तक अटकी रहीं, लटकी रहीं और भटकती रहीं. लगभग पांच दशक पहले सेमीकंडक्टर से जुड़ी फाइल दबा दी गई थी. अब ‘मेक इन इंडिया’ के तहत देश में ही बने सेमीकंडक्टर बाजार में उतरेंगे. छह यूनिट तैयार हो चुकी हैं और चार अन्य सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है. इस साल के अंत तक भारत में तैयार, भारतीयों द्वारा निर्मित सेमीकंडक्टर चिप्स बाजार में उपलब्ध होंगी. ऊर्जा क्षेत्र की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज भी पेट्रोल, डीजल और गैस के लिए हम कई देशों पर निर्भर हैं, जिससे हमें हर साल लाखों करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं. इस स्थिति से निकलकर देश को आत्मनिर्भर बनाना हमारा लक्ष्य है. पिछले 11 वर्षों में सौर ऊर्जा उत्पादन 30 गुना बढ़ा है.

08:23 AM (6mos पहले)

लाल किले से PM मोदी ने दी बड़ी जानकारी, 10 नए परमाणु रिएक्टर बनाने का काम जारी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि देश परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है. 10 नए परमाणु रिएक्टरों का निर्माण कार्य चल रहा है. परमाणु ऊर्जा की क्षमता को 10 गुना बढ़ाने की योजना है. इस क्षेत्र में अब निजी कंपनियों के लिए भी अवसर खोले गए हैं.

08:16 AM (6mos पहले)

दुश्मन को अंदाजा भी नहीं हुआ, भारत ने कौन से हथियार से किया हमला: पीएम मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि गुलामी ने हमें आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया था, इसलिए आत्मनिर्भरता आज सबसे बड़ी आवश्यकता है. हमारे सामर्थ्य को बनाए रखने और बढ़ाने के लिए आत्मनिर्भर होना अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया कि ‘मेड इन इंडिया’ की ताकत कितनी प्रभावी है. दुश्मन को अंदाजा तक नहीं हुआ कि हमारे पास कौन-कौन से हथियार थे.

पीएम मोदी ने कहा कि अगर हम आत्मनिर्भर न होते, तो क्या ऑपरेशन सिंदूर इतनी तेज गति से संभव हो पाता? हर वक्त यह चिंता रहती कि जरूरी साजोसामान कब और कहां से मिलेगा. लेकिन ‘मेड इन इंडिया’ की शक्ति हमारी सेना के हाथ में होने के कारण, बिना किसी चिंता, रुकावट या हिचकिचाहट के, हमारे सैनिक अपना पराक्रम दिखाते रहे. उन्होंने यह भी बताया कि बीते 10 वर्षों से रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मिशन बनाकर आगे बढ़ाया जा रहा है.

08:06 AM (6mos पहले)

PM मोदी ने सिंधु जल संधि पर दिया स्पष्ट संदेश

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत ने निश्चय किया है—खून और पानी अब साथ-साथ नहीं बहेंगे. उन्होंने कहा कि हमारी नदियों का पानी आज दुश्मनों की जमीन को सींच रहा है, जबकि इस पर हिंदुस्तान के किसानों का अधिकार है. देश को उसका हक का पानी मिलेगा. पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि सिंधु समझौता एकतरफा और अन्यायपूर्ण था, और राष्ट्रहित में ऐसा समझौता स्वीकार्य नहीं है.

07:58 AM (6mos पहले)

न्यूक्लियर धमकी बर्दाश्त नहीं करेगा भारत: पीएम मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 15 अगस्त का आज का दिन विशेष महत्व रखता है. लाल किले की प्राचीर से उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के शूरवीरों को सलाम करने का अवसर मिलने पर गर्व जताया. उन्होंने कहा कि हमारे बहादुर सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी सोच से परे सजा दी है. पहलगाम में सीमापार से आए आतंकियों ने जिस तरह निर्दोष लोगों का कत्लेआम किया, वह दिल दहला देने वाला है. धर्म पूछकर लोगों की हत्या की गई, पत्नियों के सामने पतियों को गोलियां मारी गईं, बच्चों के सामने पिता को मौत के घाट उतार दिया गया. पूरा देश आक्रोश से भरा हुआ है और ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश का प्रतीक है. पाकिस्तान में हुई तबाही इतनी बड़ी है कि रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं.

पीएम मोदी ने कहा कि भारत लंबे समय से आतंकवाद को झेलता आया है और हमारे देश के सीने को छलनी किया गया है. अब हम आतंकियों, उन्हें पनाह देने वालों और उनकी मदद करने वालों में कोई फर्क नहीं मानेंगे. ये सभी मानवता के समान दुश्मन हैं. भारत ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अब न्यूक्लियर धमकियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. न्यूक्लियर ब्लैकमेल लंबे समय से हो रहा है, लेकिन अब देश इसे सहने वाला नहीं है.

07:54 AM (6mos पहले)

लाल किले से पीएम मोदी ने कहा– वीर जवानों ने दुश्मनों को दिया करारा जवाब

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से संबोधन में कहा, “आज मुझे ऑपरेशन सिंदूर के शूरवीरों को नमन करने का सौभाग्य मिला है. हमारे बहादुर सैनिकों ने दुश्मनों को ऐसा जवाब दिया, जिसकी उन्होंने कभी सोच भी नहीं थी.”

07:51 AM (6mos पहले)

स्वतंत्रता दिवस का पर्व देश की एकता का प्रतीक

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से संबोधन में कहा, “यह राष्ट्रीय पर्व देश में एकता और भाईचारे की भावना को निरंतर सशक्त कर रहा है. आज भारत के हर घर में तिरंगा लहरा रहा है. चाहे वह तपते रेगिस्तान हों, हिमालय की ऊँचाइयाँ, समुद्र का किनारा या फिर घनी आबादी वाला कोई इलाका.”

07:44 AM (6mos पहले)

लाल किले की प्राचीर पर पीएम मोदी ने 12वीं बार फहराया तिरंगा

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 79 वें स्वतंत्रता दिवस के दिन लाल किले की प्रचार से फहराया तिरंगा. अब देशवासियों को कर रहे हैं संबोधित.

07:36 AM (6mos पहले)

स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी का राजघाट पर नमन

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद वह लाल किले की ओर रवाना होंगे, जहां प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे.

07:35 AM (6mos पहले)

स्वतंत्रता दिवस समारोह में राजस्थान की तीन महिला सरपंचों का सम्मान

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

नई दिल्ली के लाल किले पर आज होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में राजस्थान की तीन महिला सरपंच खास मेहमान के रूप में शिरकत करेंगी. इस वर्ष देशभर से 50 सरपंचों को उनके क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए आमंत्रित किया गया है, जिनमें ये तीनों महिला सरपंच भी शामिल हैं.

07:34 AM (6mos पहले)

PM मोदी ने देशवासियों को दी बधाई

Posted by: विनय गौड़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है. उन्होंने लिखा- आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. मेरी कामना है कि यह सुअवसर सभी देशवासियों के जीवन में नया जोश और नई स्फूर्ति लेकर आए, जिससे विकसित भारत के निर्माण को नई गति मिले. जय हिंद!

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Close
ADVERTISEMENT
NewsNMF
NMF App
Download
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें