शहीद मेजर का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस का एक्सीडेंट, इकलौते बेटे-भतीजे और भाई समेत 4 की मौत
एंबुलेंस चंडीगढ़ से भारतीय सेना के सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही थी. एंबुलेंस में उनके बेटे गौरव सिंह और भाई मौजूद थे.
Follow Us:
यूपी के सुल्तानपुर में दुखद हादसा हो गया. यहां शहीद का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस ट्रक से जा टकराई. इस हादसे में शहीद के बेटे समेत 4 लोगों की मौत हो गई. यह हादसा अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर के पास हलियापुर के पास हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना की शिकार हुई एंबुलेंस चंडीगढ़ से भारतीय सेना के सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही थी. एंबुलेंस में मेजर सत्यवान के बेटे गौरव सिंह और शहीद के भाई मौजूद थे.
मेजर सत्यवान के इकलौते बेटे और भतीजे की मौत
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस बेकाबू होने के कारण वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई थी, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. मृतकों में एंबुलेंस चालक जसपाल के अलावा राजन सिंह, गौरव सिंह, राजन चौधरी और राम समुझ हैं. इस घटना में एंबुलेंस सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी है. गौरव मेजर सत्यवान का इकलौता बेटा था, वहीं, भतीजा राजन सिंह भी मृतक भाई राम समुझ का इकलौता बेटा था.
सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल ने बताया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली थी. बताया गया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 79.6 माइलस्टोन के पास एक एंबुलेंस की अज्ञात वाहन के साथ टक्कर हुई है. इस दुर्घटना पर तत्काल स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची. उच्च अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया.
उन्होंने कहा कि मृतकों के शव को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए भेजा दिया है. स्थानीय पुलिस मौके पर मौजूद है. सभी मृतक देवरिया जनपद के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे.
CM योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लिया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ‘सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. अधिकारियों को परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति प्रदान करें.’
यह भी पढ़ें
एक तरफ शहीद सत्यवान के घर में मातम पसरा था, परिवार के लोग रोते-बिलखते बेटे के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे. दूसरी ओर घर से तीन अन्य लोगों की चिता भी अब साथ में उठेगी. बेटा, भतीजा और भाई, इस मंजर का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है.