'कांग्रेस के शहजादे विरासत से आए, मोदी जनादेश से...', वाराणसी पहुंचे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का राहुल गांधी पर करारा वार
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी के राजनीतिक सफर और जनादेश का जिक्र किया. सेवा संकल्प यात्रा के समापन समारोह में उन्होंने युवाओं के सेवा कार्यों की सराहना की और विकसित भारत का संकल्प लेने की बात कही.
Follow Us:
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के राजपरिवार के शहजादे विरासत के सहारे राजनीति में पहुंचे, जबकि नरेंद्र मोदी को जनता के सामने प्रधानमंत्री पद के लिए घोषित किया गया और देश की जनता ने उन्हें जनादेश देकर दिल्ली पहुंचाया. विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता उसके मकसद को कभी पूरा नहीं होने देगी.
नितिन नवीन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा के समापन और यात्रियों के अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे. प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर निकाली गई यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि ये युवा गांव-गांव गए, सेवा के साथ संवाद किया और लोगों के बीच योजनाओं की चर्चा की. आज का दिन विकसित भारत के सपने को पूरा करने का संकल्प लेने का भी दिन है.
मोदी को बताया इतिहास निर्माता
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी को इतिहास निर्माता बताते हुए कहा कि इतिहास के पन्नों को पलटने, इतिहास गढ़ने और लोगों के जीवन में बदलाव लाने की क्षमता रखने वाला ही इतिहास का निर्माणकर्ता बन सकता है. पिछले 25 वर्षों को पीछे मुड़कर देखने पर यह साफ दिखाई देता है. कच्छ से निकला मलबा गुजरात के नवनिर्माण का आधार बना और वहां से उठी चीखें जनभावना की आवाज बनीं. नरेंद्र मोदी ने खुद को गुजरात के लिए समर्पित कर उसे विश्व पटल पर पहुंचाया. उन्होंने कहा कि 2014 में देश में निराशा का वातावरण था और युवा हताश थे. प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं में आशा और उम्मीद जगाई. आज युवा जॉब सीकर से जॉब प्रोवाइडर बन रहा है. उन्होंने तीन तलाक समाप्त करने, अर्थव्यवस्था को दुनिया के शीर्ष पांच देशों में पहुंचाने और पीएम आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक लोगों को छत देने का उल्लेख किया. नक्सल समस्या, मेक इन इंडिया और स्वच्छता मिशन को भी बदलाव से जोड़ा.
यह भी पढ़े: 'जब तक सनातन की शक्ति है...', PM मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में CM हिमंत बिस्वा सरमा की राहुल गांधी को सीधी चुनौती
घुसपैठियों को लेकर विपक्ष पर सवाल
बीजेपी अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष केवल उनकी चिंता कर रहा है, जो लोगों का हक छीनने का काम करते हैं. जिन घुसपैठियों को हक दिलाने की बात की जा रही है, उन्हें भारत की जनता हक नहीं देने देगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में आए बदलाव के पीछे भी प्रधानमंत्री मोदी का विजन है.
पहले बम विस्फोट, अब सेमीकंडक्टर: हिमंता
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि कभी असम में हर दिन बम विस्फोट होते थे, जबकि आज वहां सेमीकंडक्टर रेवोल्यूशन हो रहा है. यही नया भारत है. एक समय संसद तक पर हमला होता था. आज पाकिस्तान भारत में नहीं घुसता, बल्कि भारत पाकिस्तान में घुसकर जवाब देता है. उन्होंने कहा कि कभी लोग अयोध्या में राम मंदिर बनने की कल्पना तक नहीं करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण हुआ. एक समय बीजेपी के तीन मुख्यमंत्री हुआ करते थे, जबकि आज एनडीए गठबंधन की 22 सरकारें हैं. उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के नेतृत्व में भारत में परिवर्तन आया और देश विश्व की महाशक्ति बनने की ओर बढ़ा. वडनगर से काशी पहुंचे युवा इसी नए भारत की तस्वीर हैं.
यह भी पढ़े: पहले काल भैरव, फिर बाबा विश्वनाथ... काशी पहुंचे CM योगी-हिमंत बिस्वा सरमा ने किया दर्शन-पूजन, मांगा लोक कल्याण का आशीर्वाद
10 राज्यों से गुजरकर काशी पहुंची यात्रा
सेवा संकल्प यात्रा के दौरान युवाओं ने गांवों में सफाई, पौधरोपण और नशामुक्ति अभियान चलाने के साथ लोगों से योजनाओं पर संवाद किया. वडनगर से पवित्र जल काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा, जबकि वाराणसी का जल हाटकेश्वर महादेव मंदिर में अर्पित किया गया. वडोदरा सांसद हेमांग जोशी ने कहा कि यात्रा ने 19,719 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 10 राज्यों के 146 जिलों में सेवा कार्य किए. इस दौरान 783 कार्यक्रम और 266 स्वच्छता अभियान हुए. 8,500 से अधिक पौधे लगाए गए. 20,187 से अधिक लाभार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क किया गया और 173 ग्राम सभाएं हुईं। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को देश के सामने आदर्श युवा बताया.
कांग्रेस-सपा के राज में पहले पन्ने पर होती थीं भ्रष्टाचार की खबरें: हंसराज
यह भी पढ़ें
राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राज में देश और सपा के राज में उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार की खबरें अखबारों के पहले पन्ने पर होती थीं. आज देश और उत्तर प्रदेश दोनों की तस्वीर बदल चुकी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात की त्रासदी के बाद उसे आगे बढ़ाया और देश की कमान मिलने पर भारत को नई पहचान दी. उत्तर प्रदेश भी कई क्षेत्रों में आगे बढ़ा है. महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आर्थिक क्षेत्र, परिवहन, रोजगार और कानून व्यवस्था में बदलाव आया है. केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वडनगर से काशी और काशी से वडनगर की यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत किया.
बताते चलें कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे.