Advertisement
Ind vs Eng : इंग्लैंड में गरजा अभिषेक का बल्ला, पार्थिव पटेल ने जमकर की तारीफ
भारत के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने कहा कि अभिषेक शर्मा की पारी की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उन्होंने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों, दोनों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की.
Advertisement
भारत के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन को संतोषजनक बताया. उन्होंने अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी की जमकर प्रशंसा की.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 189 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए. टीम की ओर से अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर ने बेहरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली. हालांकि, लगातार बारिश होने की वजह से इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी करने नहीं उतर सकी और मैच को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा.
भारतीय बल्लेबाजी से संतुष्ट दिखे पार्थिव पटेल
Advertisement
पार्थिव पटेल के अनुसार, भारत ने सतर्क रवैया अपनाने के बजाय अनजान परिस्थितियों में बैटिंग करने की चुनौती को स्वीकार किया. पटेल ने 'जियोस्टार' से कहा, "भारत के नजरिए से उन्हें इस तरह के बैटिंग प्रदर्शन की जरूरत थी, खासकर आयरलैंड में जो हुआ उसके बाद. वे खुद को चुनौती देना चाहते थे; वे जल्दी ही परिस्थितियों के अनुकूल ढलना चाहते थे, और भारत ने इस मैच में यह बहुत अच्छे से किया."
Advertisement
उन्होंने आगे कहा, "इस पिच पर 190 रन अच्छा स्कोर था. खासकर जब बीच के ओवरों में तीन स्पिनर गेंदबाजी कर रहे थे, तब मुझे लगा कि भारत के पास बचाव करने के लिए पर्याप्त रन थे. हालांकि, इस जीत के बाद टीम इंडिया दूसरे टी20 मैच में और ज्यादा आत्मविश्वास के साथ उतरेगी."
अभिषेक शर्मा ने समझदारी से खेली पारी
Advertisement
भारत के पूर्व क्रिकेटर ने अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की, और बाएं हाथ के इस खिलाड़ी को पिच के नेचर को जल्दी समझने और रन बनाने के मौकों का पूरा फायदा उठाने का श्रेय दिया. उन्होंने कहा, "मुझे लगा कि उन्होंने बहुत अच्छी बैटिंग की. उन्होंने परिस्थितियों को अच्छी तरह समझा. डरहम में थोड़ा स्पंजी बाउंस था, लेकिन उन्होंने यह पक्का किया कि जब भी मौका मिले तो वह उसका फायदा जरूर उठाएं."
तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों पर रहे हावी
पटेल ने कहा कि अभिषेक शर्मा की पारी की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उन्होंने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों, दोनों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की. उन्होंने कहा, "साकिब महमूद का वह ओवर मैच का अहम मोड़ था. अभिषेक ने आगे बढ़कर तीन शानदार चौके लगाए, जिनमें दो पॉइंट के ऊपर और एक मिड-ऑफ के ऊपर था. इसके बाद जब स्पिनर आए तो उन्होंने बड़े शॉट खेलने के लिए सही जगह चुनी और आसानी से छक्के लगाए."
Advertisement
विदेशी परिस्थितियों में लगातार बना रहे हैं पहचान
यह भी पढ़ें
पटेल का मानना है कि विदेशी परिस्थितियों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने से अभिषेक की पहचान टी20 क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में और मजबूत हुई है.उन्होंने कहा, "साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में रन बनाना किसी भी बल्लेबाज की क्षमता साबित करता है. खिलाड़ियों का असली आकलन इन्हीं मुश्किल परिस्थितियों में होता है. अभिषेक ने पहले साउथ अफ्रीका और फिर ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन किया. अब उन्होंने इंग्लैंड में भी बेहतरीन पारी खेली है. यही वजह है कि वह पिछले लगभग एक साल से टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में शीर्ष बल्लेबाजों में शामिल हैं." भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला अब शनिवार को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में खेला जाएगा.