Advertisement
गोरखपुर को मिला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा, CM योगी ने रखी नींव, बोले- पूर्वी UP के युवाओं के लिए ऐतिहासिक दिन
Gorakhpur Cricket Stadium: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 'गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम' का शिलान्यास किया और इसे खेल प्रतिभाओं के लिए एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी बताया.
Advertisement
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गोरखपुर में शनिवार को 'गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम' का शिलान्यास किया. इस अवसर पर राज्य के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, स्थानीय सांसद रवि किशन, खेल मंत्रालय के अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो भी साझा की है जिसमें वह शिलान्यास कार्यक्रम के तहत पूजा पाठ की विधि संपन्न कर रहे हैं.
गोरखपुर में बनेगा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के आवास और शहरी कार्य मंत्री रहते हुए हरदीप सिंह पुरी ने हमारे एक अनुरोध पर 'गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम' को स्वीकृत कर दिया था और 100 करोड़ रुपये की राशि भी आवंटित कर दी थी. इसके लिए हम उनका धन्यवाद करते हैं. हमें खुशी है कि शिलान्यास के अवसर पर वह उपस्थित हैं.
Advertisement
पूर्वी यूपी और युवाओं के लिए बड़ा दिन
Advertisement
मुख्यमंत्री ने कहा, "यह दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौजवानों, आने वाली पीढ़ियों और खेल गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है. प्रधानमंत्री ने एनडीए सरकार के सत्ता में आने के बाद खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट, सांसद खेल कूद प्रतियोगिता के माध्यम से खेल को आगे बढ़ाने का अभियान चलाया. इन अभियानों के माध्यम से देश के अंदर एक नई खेल संस्कृति आगे बढ़ी. खेल संरचना को आगे बढ़ाने के लिए एक प्रतिस्पर्धा आगे बढ़ी. इसका परिणाम हमें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदकों की बढ़ती संख्या के रूप में देखने को मिल रहा है. उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के लिए राज्य में बेहतर खेल संरचना प्रदान कर रही है”.
हर गांव और जिले में स्टेडियम निर्माण शुरू
Advertisement
उन्होंने कहा कि मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि हर जिले और हर गांव में स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. राज्य की 18 कमीश्नरी में एक खेल कॉलेज बने, प्रदेश में खेल से जुड़ा एक विश्वविद्यालय हो, इसके लिए मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है. इसी सत्र में विश्वविद्यालय भव्य उद्घाटन भी हो जाएगा. वाराणसी में एक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बन रहा है और गोरखपुर में भी पेट्रोलियम मंत्रालय के सहयोग से स्टेडियम निर्माण के लिए शिलान्यास हो गया है.
स्टेडियम के बगल में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के लिए 60 एकड़ जमीन आवंटित
सीएम योगी ने कहा, "गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की क्षमता 30 हजार दर्शकों की है. स्टेडियम का निर्माण 46 एकड़ में हो रहा है. इसमें विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसी स्टेडियम के बगल में हमने 60 एकड़ जमीन और संरक्षित की है. इस जमीन पर एक बेहतरीन स्पोर्ट्स कॉम्लेक्स का निर्माण किया जाएगा. इंडोर गेम्स और हॉकी जैसे खेलों को इससे बढ़ावा मिलेगा. यहां होटल और रेस्टोरेंट भी बनेंगे. मार्केट का निर्माण किया जाएगा. यहीं पर वेटनरी कॉलेज का भी निर्माण हो रहा है”.
Advertisement
खेल नीति से खिलाड़ियों को सीधी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा, "उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने खेल नीति बनाकर ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड, विश्व चैंपियनशिप में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से नौकरी दी है. अब तक हम 534 से अधिक नौजवानों को नौकरी दे चुके हैं. इसमें ललित उपाध्याय, दीप्ति शर्मा, पारुल चौधरी, प्रवीण कुमार, राज पाल, अर्जुन देशवाल रिंकू सिंह का नाम प्रमुख है. 500 खिलाड़ियों की नई भर्ती निकाली गई है. यह भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी होगी.
गोरखपुर स्टेडियम दिसंबर 2027 तक बनेगा
Advertisement
यह भी पढ़ें
सीएम ने कहा, "2030 में अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन होने जा रहा है. भारत ने 2036 ओलंपिक के मेजबानी की दावेदारी भी प्रस्तुत की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन खेलों के माध्यम से भारत की प्रतिभाओं को उनकी क्षमता का प्रदर्शन भारत की भूमि पर करने का अवसर प्रदान कर रहे हैं”. योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण के अंत में पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को स्टेडियम के निर्माण की बधाई दी और स्टेडियम के निर्माण में सहयोग के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के साथ ही अन्य सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया. गोरखपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को पूरी तरह से तैयार करने की समय सीमा 23 दिसंबर 2027 रखी गई है.