Advertisement

BSP की 2007 जैसी तैयारी, UP विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ेंगी मायावती; टाइप-8 बंगले पर भी दी सफाई

बसपा प्रमुख मायावती ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी और किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी. उन्होंने गठबंधन की खबरों को भ्रामक बताते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत कर पूरी ताकत से चुनावी तैयारी में जुटने की अपील की है.

Mayawati (File Photo)

उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं. चुनाव से पहले ही राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज होती दिख रही है. इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान कर दिया है.

इसके साथ ही बसपा प्रमुख मायावती (Mayawati) ने यह भी स्पष्ट किया कि बसपा किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी. साथ ही, पार्टी के किसी अन्य दल से समझौते की चल रही खबरों और अटकलों को उन्होंने पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया. मायावती ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें. बसपा सुप्रीमो ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गठबंधन से जुड़ी 'उल्टी खबरों पर विश्वास न करें और हाथी की मस्त चाल' चलते हुए मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुट जाएं. उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और अपने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर ध्यान देगी.

2007 की तरह लक्ष्य तय कर रहीं मायावती 

बसपा प्रमुख मायावती ने साफ संकेत दिया है कि उनका लक्ष्य वर्ष 2007 की तरह प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है. उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि चुनाव में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके. इसी दौरान उन्होंने दिल्ली में उन्हें आवंटित टाइप-8 बंगले को लेकर उठ रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी. मायावती ने स्पष्ट किया कि यह आवास उन्हें सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है. उन्होंने विरोधी दलों पर गलतफहमी फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर भ्रामक जानकारी प्रसारित न की जाए. बसपा सुप्रीमो ने दोहराया कि जनता के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिशें सफल नहीं होंगी और पार्टी अपने एजेंडे व संगठनात्मक मजबूती के बल पर आगे बढ़ेगी.

गठबंधन पर कह दी बड़ी बात

बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि पार्टी के किसी अन्य दल के साथ गठबंधन करने की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं. उनके अनुसार, इस तरह की बातें जानबूझकर फैलाई जा रही हैं, ताकि कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा की जा सके. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बसपा अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी और किसी सहारे की जरूरत नहीं है. मायावती ने दोहराया कि पार्टी अपनी संगठनात्मक शक्ति और जनसमर्थन पर भरोसा करती है तथा बिना किसी गठबंधन के मजबूती से चुनाव लड़ेगी.

हाथी की चाल की तरह मस्त तरीके से कार्य करें कार्यकर्ता 

बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी कैडर में उत्साह भरते हुए कहा कि विरोधियों के दुष्प्रचार से घबराने या प्रभावित होने की कोई आवश्यकता नहीं है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सच और संगठन की ताकत के दम पर पार्टी मजबूती से आगे बढ़ेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता को बसपा की नीतियों और विचारधारा से जोड़ें. साथ ही, पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया.

बताते चलें कि ऐसे में साफ है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मायावती ने संगठन और आत्मनिर्भरता पर भरोसा जताते हुए स्पष्ट संदेश दे दिया है कि बहुजन समाज पार्टी अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि 'हाथी की मस्त चाल' के साथ मैदान में उतर रही बसपा आने वाले चुनाव में किस तरह का प्रदर्शन करती है और प्रदेश की राजनीति को किस दिशा में मोड़ देती है.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE
अधिक →