Miss Universe India 2026: केरल की केजिया लिज मेजो के सिर सजा ताज, जीत के बाद छलके आंसू
Kezia Liz Mejo: प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त को राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित किया गया. देशभर से आईं प्रतिभागियों ने इस बड़े मंच पर अपनी खूबसूरती के साथ-साथ टैलेंट, कॉन्फिडेंस और अपनी सोच का प्रदर्शन किया.
Follow Us:
Miss Universe India 2026: केरल की रहने वाली केजिया लिज मेजो (Kezia Liz Mejo) ने अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास, समझदारी और शानदार व्यक्तित्व के दम पर मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त को राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित किया गया. देशभर से आईं प्रतिभागियों ने इस बड़े मंच पर अपनी खूबसूरती के साथ-साथ टैलेंट, कॉन्फिडेंस और अपनी सोच का प्रदर्शन किया. आखिर में केजिया ने अपने शानदार प्रदर्शन से जजों का दिल जीत लिया और विजेता का ताज अपने नाम कर लिया.
कौन रहा दूसरे और तीसरे नंबर पर?
फिनाले में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप यानी दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि गुजरात की अनुश्री सातवलेकर ने सेकेंड रनर-अप यानी तीसरा स्थान हासिल किया. दोनों ने भी प्रतियोगिता के दौरान अपने शानदार प्रदर्शन से अपनी खास पहचान बनाई. मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीतने के बाद अब केजिया लिज मेजो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. ऐसे में अब उनकी नजर दुनिया के सबसे बड़े ब्यूटी पेजेंट के ताज पर होगी.
सिर्फ खूबसूरती नहीं, सोच भी बनी जीत की वजह
इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कई अलग-अलग राउंड से गुजरना पड़ा. इसमें उनके टैलेंट, आत्मविश्वास, बातचीत करने के तरीके और भारतीय संस्कृति को लेकर उनकी समझ को परखा गय. यहां केवल खूबसूरत दिखना ही काफी नहीं था, बल्कि प्रतियोगियों की सोच, लीडरशिप क्वालिटी और मुश्किल परिस्थितियों में खुद को संभालने की क्षमता भी देखी गई.
केजिया ने इन सभी पहलुओं में खुद को मजबूत साबित किया. उनकी पर्सनालिटी, इंटेलिजेंस और स्टेज पर कॉन्फिडेंस ने उन्हें बाकी प्रतियोगियों से अलग पहचान दिलाई.
जयपुर में दिखा संस्कृति और ग्लैमर का संगम
जयपुर में हुए इस भव्य समारोह में राजस्थान की संस्कृति और आधुनिक भारत का खूबसूरत संगम देखने को मिला. देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचीं प्रतिभागियों ने कई राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. वहीं फैशन और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े चेहरे, जज और फैशन एक्सपर्ट्स भी कार्यक्रम का हिस्सा बने.
इस दौरान मंच पर प्रतियोगियों का आत्मविश्वास और दर्शकों का उत्साह देखते ही बना. पूरे कार्यक्रम में ग्लैमर के साथ भारतीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली.
जीत के बाद केजिया ने क्या कहा?
खिताब जीतने के बाद केजिया लिज मेजो ने कहा कि यह ताज उनके लिए सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है. अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि वह इस अवसर के जरिए दुनिया को भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की ताकत से परिचित कराना चाहती हैं.
मिस यूनिवर्स इंडिया के मालिक निखिल आनंद ने भी केजिया को बधाई दी. उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य देश की प्रतिभाशाली लड़कियों को ऐसा मंच देना है, जहां वे अपना टैलेंट, आत्मविश्वास और लीडरशिप क्वालिटी दुनिया के सामने ला सकें.
फिनाले में पहुंचे कई बड़े सितारे
इस खास समारोह में बॉलीवुड एक्ट्रेस और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन, दो बार मिस यूनिवर्स इंडिया रह चुकीं उर्वशी रौतेला और पूर्व मिस यूनिवर्स की फर्स्ट रनर-अप सेलिना जेटली ने शिरकत की. इके अलावा मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 की विजेता रिया सिंघा और 2025 की विजेता मणिका विश्वकर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं.
अब केजिया लिज मेजो के सामने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की चुनौती है. देशवासियों की उम्मीदों और शुभकामनाओं के साथ वह मिस यूनिवर्स के मंच पर भारत की संस्कृति, खूबसूरती और आत्मविश्वास को दुनिया के सामने रखेंगी.