×
जिस पर देशकरता है भरोसा
Advertisement

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यू-टर्न... सुबह की बारिश से गिरा पारा, IMD ने यूपी-बिहार के लिए भी जारी किया अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह से दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश हो रही है. 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही हवाएं 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं.

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यू-टर्न... सुबह की बारिश से गिरा पारा, IMD ने यूपी-बिहार के लिए भी जारी किया अलर्ट
Social Media
Advertisement

दिल्ली-एनसीआर में मार्च के महीने में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. शुक्रवार तड़के पूरे क्षेत्र में ठंड हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश हो रही है. अचानक मौसम में हुए इस बदलाव ने लोगों ठंड का एहसास कराना शुरू कर दिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार क्षेत्र में बादल छाए रहेंगे और दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. बता दें यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब बीते कुछ दिनों में तापमान बहुत तेज़ी से बढ़ने लगा था. 

मौसम विभाग ने बताया कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं कभी-कभी 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली. इसके साथ ही यूपी और बिहार के भी कई जिलों में बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया गया है.

IMD ने किया सतर्क 

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक सुबह, दोपहर, शाम और रात चारों समय में अलग-अलग चरणों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं वायु गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण आंकड़ों के अनुसार एनसीआर के अधिकांश इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) अब ग्रीन और येलो जोन में पहुंच गया है. अलीपुर में एक्यूआई 91, आया नगर में 90 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 96 दर्ज किया गया, जो ग्रीन श्रेणी में आता है. वहीं आनंद विहार में एक्यूआई 178, बवाना में 122, चांदनी चौक में 116 और कैंटोनमेंट एरिया में 124 दर्ज किया गया, जो येलो (मध्यम) श्रेणी में शामिल है. हालांकि बुराड़ी क्षेत्र में एक्यूआई 366 रिकॉर्ड किया गया, जो रेड जोन में आता है और वहां प्रदूषण का स्तर अभी भी गंभीर बना हुआ है. इसी तरह नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 111, सेक्टर-62 में 103, सेक्टर-1 में 150 और सेक्टर-116 में 117 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है. वहीं गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 146, लोनी में 173, संजय नगर में 126 और वसुंधरा में 142 दर्ज किया गया, जो येलो जोन में आता है.

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

Advertisement

मौसम विभाग के 7 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 मार्च को बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश और गरज-चमक की संभावना है. 21 और 22 मार्च को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा, जबकि 23 मार्च से 25 मार्च तक मौसम साफ रहने और धूप खिलने की संभावना जताई गई है. इन दिनों अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

शुक्रवार को मौसम ने उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए करवट बदल ली है. आईएमडी ने दोनों राज्यों में बारिश और तेज आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इसके तहत कई इलाकों में मौसम खराब रहने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है. यूपी की बात करें तो 20 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. जिन जिलों में मौसम बिगड़ सकता है, उनमें आगरा, मथुरा, कानपुर, बदायूं, एटा, बरेली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, गोरखपुर, देवरिया, सहारनपुर और मैनपुरी प्रमुख हैं. इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.  इसके साथ ही राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहने की उम्मीद है. यहां अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास होगा. वहीं बिहार में भी मौसम का असर साफ दिखाई देगा. बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. राज्य के जिन जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है, उनमें अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, खगड़िया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी शामिल हैं. राजधानी पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि बारिश के बाद यहां भी मौसम में ठंडक बढ़ सकती है.

यह भी पढ़ें

बताते चलें कि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तेज हवाओं और बारिश के कारण प्रदूषण में गिरावट आई है, जिससे लोगों को राहत मिली है. हालांकि, तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Tags

Advertisement
टिप्पणियाँ 0
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Close
ADVERTISEMENT
NewsNMF
NMF App
Download
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें