अब दवा के नाम पर नहीं चलेगी मनमानी! मोबाइल ऐप से चेक करें सही कीमत, जानें कैसे करें शिकायत
Pharma Sahi Daam App: आप घर बैठे भी ऑनलाइन दवा की निर्धारित कीमत पता कर सकते हैं. इसके लिए सरकार के Pharma Sahi Daam मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है. इस ऐप की मदद से दवाओं की कीमत से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकती है.
Follow Us:
Pharma Sahi Daam App: आजकल इलाज और दवाइयों का खर्च आम लोगों के लिए बड़ी चिंता बन गया है. ऐसे में अगर कोई केमिस्ट या अस्पताल दवा की तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलता है, तो मरीजों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है.. इसी समस्या को देखते हुए औषध विभाग (Department of Pharmaceuticals) और राष्ट्रीय औषधीय मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) लोगों को दवाओं की सही कीमत के बारे में जागरूक कर रहे हैं. सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को दवाइयां उचित कीमत पर मिलें और उनसे तय दर से ज्यादा पैसे न लिए जाएं.
दवा खरीदने से पहले ऐसे चेक करें कीमत
अगर आप किसी मेडिकल स्टोर या अस्पताल से दवा खरीद रह हैं, तो पैसे देने से पहले उसकी पैकिंग पर लिखी अधिकतम खुदरा कीमत यानी MRP जरूर देखें. इसके अलावा, आप घर बैठे भी ऑनलाइन दवा की निर्धारित कीमत पता कर सकते हैं. इसके लिए सरकार के Pharma Sahi Daam मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है. इस ऐप की मदद से दवाओं की कीमत से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकती है.
इसके अलावा, आप NPPA की आधिकारिक वेबसाइट https://nppa.gov.in पर जाकर भी दवाओं की कीमत से संबंधित जानकारी देख सकते हैं. इससे आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि किसी दवा के लिए आपसे सही कीमत ली जा रही है या नहीं.
दवा के ज्यादा पैसे मांगे जाएं तो क्या करें?
कई बार लोगों को दवा की सही कीमत पता नहीं होती, इसलिए वे दुकानदार द्वारा मांगी गई रकम चुका देते हैं. लेकिन अब आप खुद भी दवा की कीमत की जांच कर सकते हैं. अगर किसी दवा की कीमत निर्धारित दर से ज्यादा वसूली जा रही है, तो संबंधित मामले की शिकायत NPPA से की जा सकती है.
शिकायत करते समय दवा का नाम, उसकी पैकिंग पर लिखी MRP, खरीदी गई दवा का बिल और अधिक पैसे वसूलने से जुड़ी जानकारी अपने पास रखें। ये जानकारियां शिकायत को समझने और उसकी जांच करने में मदद कर सकती हैं. ध्यान रखें कि दवा की पैकिंग पर लिखी MRP से ज्यादा कीमत वसूलना और सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य सीमा का उल्लंघन करना गंभीर मामला हो सकता है.हालांकि, दवा की कीमत की जांच करते समय उसके सही नाम, ब्रांड, मात्रा और पैक साइज का मिलान जरूर करें.
लोगों को जागरूक कर रही है सरकार
औषध विभाग और NPPA सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी लोगों को दवाओं की कीमत और उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दे रहे हैं. सरकार की अपील है कि दवा खरीदते समय जल्दबाजी न करें और उसकी कीमत जरूर जांचें.
यह भी पढ़ें
अगर आपको लगता है कि आपसे दवा के लिए ज्यादा पैसे लिए गए हैं, तो चुप रहने के बजाय उचित माध्यम से शिकायत करें. थोड़ी सी जागरूकता आपको अनावश्यक खर्च से बचा सकती है और दूसरे मरीजों को भी इसका फायदा मिल सकता है.