Sarvam AI का कमाल, बटन वाले फोन से कार तक... हर डिवाइस को बनाएगा स्मार्ट
Sarvam AI: AI का नाम सुनते ही लोगों के मन में महंगे स्मार्टफोन या हाई-टेक डिवाइस की तस्वीर आती है, लेकिन सर्वम इस सोच को बदलना चाहती है. कंपनी ने हाल ही में अपने नए AI मॉडल लॉन्च किए हैं और अब इन मॉडल्स को फीचर फोन, कार, लैपटॉप और यहां तक कि स्मार्ट ग्लास जैसे डिवाइस में लाने की योजना बना रही है.
Follow Us:
Sarvam AI: भारत की AI कंपनी Sarvam अब एक बड़ा और अलग कदम उठाने की तैयारी कर रही है. कंपनी चाहती है कि सिर्फ स्मार्टफोन ही नहीं, बल्कि बटन वाले फीचर फोन में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सुविधा दी जाए. आमतौर पर AI का नाम सुनते ही लोगों के मन में महंगे स्मार्टफोन या हाई-टेक डिवाइस की तस्वीर आती है, लेकिन सर्वम इस सोच को बदलना चाहती है. कंपनी ने हाल ही में अपने नए AI मॉडल लॉन्च किए हैं और अब इन मॉडल्स को फीचर फोन, कार, लैपटॉप और यहां तक कि स्मार्ट ग्लास जैसे डिवाइस में लाने की योजना बना रही है.
अगर यह प्लान सफल होता है, तो गांवों और छोटे शहरों में रहने वाले लोग भी, जिनके पास सिर्फ बटन वाला फोन है, वे भी AI असिस्टेंट से बात कर सकेंगे. उन्हें सिर्फ एक बटन दबाना होगा और वे अपनी भाषा में सवाल पूछ सकेंगे.
कम स्पेस में चलने वाले AI मॉडल
नई दिल्ली में हुए AI इवेंट के दौरान कंपनी ने बताया कि उसने ऐसे “एज AI मॉडल” बनाए हैं, जो बहुत कम स्टोरेज लेते हैं.ये मॉडल सिर्फ कुछ मेगाबाइट्स की जगह में काम कर सकते हैं. इसका फायदा यह है कि इन्हें चलाने के लिए बहुत पावरफुल प्रोसेसर या महंगे हार्डवेयर की जरूरत नहीं होगी.
कंपनी का दावा है कि ये मॉडल ज्यादातर मौजूदा प्रोसेसर वाले फोन में भी चल सकते हैं. खास बात यह है कि कुछ फीचर्स ऑफलाइन भी काम कर सकते हैं. यानी अगर इंटरनेट न भी हो, तो भी बेसिक AI सुविधा मिल सकती है. हालांकि, सभी फीचर्स पूरी तरह ऑफलाइन होंगे या नहीं, यह अभी साफ नहीं किया गया है.
नोकिया और HMD के साथ मिलकर काम
सर्वम फीचर फोन में AI लाने के लिए Nokia ब्रांड के फोन और HMD Global के साथ काम करने की योजना बना रही है. एक डेमो वीडियो में दखाया गया कि फीचर फोन में एक खास AI बटन दिया गया है. जैसे ही यूजर उस बटन को दबाता है, वह अपनी लोकल भाषा में AI असिस्टेंट से बात कर सकता है.
उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति सरकारी योजना के बारे में जानकारी ले सकता है, पास के बाजार के रेट पूछ सकता है या किसी जरूरी जानकारी के लिए मदद मांग सकता है. यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है, जो स्मार्टफोन या इंटरनेट का ज्यादा इस्तेमाल नहीं करते.
कार, लैपटॉप और दूसरे डिवाइस में भी AI
कंपनी सिर्फ फोन तक ही सीमित नहीं रहना चाहती. सर्वम का कहना है कि वह AI को हर डिवाइस तक पहुंचाना चाहती है ,चाहे वह फोन हो, लैपटॉप हो, कार हो या आने वाले समय के नए स्मार्ट डिवाइस. इसके लिए कंपनी ने चिप बनाने वाली बड़ी कंपनी Qualcomm के साथ मिलकर काम किया है, ताकि उसके चिपसेट के हिसाब से AI मॉडल तैयार किए जा सकें. इसके अलावा, कारों में AI असिस्टेंट लाने के लिए सर्वम जर्मनी की इंजीनियरिंग कंपनी Bosch के साथ भी काम कर रही है.
अगर यह योजना सफल होती है, तो भारत की यह कंपनी एक ऐसा काम कर सकती है, जो अब तक किसी बड़ी ग्लोबल कंपनी ने इस स्तर पर नहीं किया है. फीचर फोन में AI आने से करोड़ों भारतीयों को टेक्नोलॉजी की नई ताकत मिल सकती है और डिजिटल सुविधाएं और ज्यादा आसान हो सकती हैं.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement