‘हम पंजाबी हैं, डरने वाले नहीं…’, भतीजे के घर ED की छापेमारी पर मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने BJP पर साधा बड़ा निशाना
मान सरकार के मंत्री हरदीप सिंह ने BJP पर डर दिखाकर चुनाव लड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने BJP नेता रवनीत बिट्टू के आरोपों पर भी पलटवार किया.
Follow Us:
पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने BJP नेता रवनीत सिंह बिट्टू के उन दावों पर पलटवार किया, जिनमें कहा गया था कि वे पंजाब छोड़कर अमेरिका चले गए हैं. मुंडियां ने तंज कसते हुए कहा कि बिट्टू ने अपनी टिकट कटने के बाद शायद कोई ‘ट्रैवल एजेंसी’ खोल ली है और अब वे पंजाब के नेताओं को अमेरिका भेज रहे हैं.
हरदीप सिंह ने अपने भतीजे के घर ED की छापेमारी को लेकर BJP को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा, इस कार्रवाई के दौरान एक विधवा, बच्चों और एक गर्भवती औरत को परेशान किया गया. उन्होंने दावा किया कि जनता में उत्साह पैदा करने में नाकाम रहने के बाद BJP अब डर का माहौल बनाकर चुनाव लड़ने की कोशिश कर रही है.
हम डरने वाले नहीं- हरदीप सिंह मुंडियां
मान सरकार में मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि पंजाबियों को ED के छापों या धमकियों से नहीं डराया जा सकता. उन्होंने कहा ‘हम पंजाबी हैं और हम डरने वाले नहीं हैं.’
मीडिया को संबोधित करते हुए हरदीप सिंह मुंडियां ने रवनीत सिंह बिट्टू की टिप्पणियों का जवाब देते हुए कहा, ‘मैं यह प्रेस कॉन्फ्रेंस चंडीगढ़ में कर रहा हूं, अमेरिका में नहीं.’ उन्होंने कहा कि बिट्टू बुधवार से दावा कर रहे थे कि वे अमेरिका चले गए हैं. उन्होंने कहा, ‘अपनी टिकट कटने के बाद, ऐसा लगता है कि रवनीत सिंह बिट्टू ने समराला रोड पर एक ट्रैवल एजेंसी शुरू कर दी है और मेरी और मेरे भतीजे की अमेरिका की टिकट बुक कर दी है.’
कैबिनेट मंत्री ने भतीजे के घर हुई ED की छापेमारी पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, परिवार पहले ही एक त्रासदी का सामना कर चुका है. जिसके बाद उनका भतीजा अपने बच्चों समेत लुधियाना आ गया था और परिवार के पालन-पोषण के लिए व्यवसाय शुरू किया था. हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा,
‘ED की तलाशी के दौरान एक विधवा और उसकी छोटी बेटी को परेशान किया गया और धमकाया गया.’
उन्होंने बताया कि यह तलाशी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक की गई, इस दौरान बच्चों से पूछा गया कि वे उनके साथ क्यों रहते हैं. उन्होंने कहा, ‘अधिकारियों ने परिवार को कहा कि वे मुझे संदेश दें कि मैं ‘AAP’ छोड़ दूं और मेरा भतीजा मेरा समर्थन करना बंद कर दे, क्योंकि ‘AAP’ एक 'गलत पार्टी' है. यह बात सवाल खड़े करती है कि इस कार्रवाई का मकसद सिर्फ जांच करना है या राजनीतिक दबाव बनाना है.’
भतीजे की गर्भवती पत्नी से कई घंटे तक पूछताछ का आरोप
हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि छापेमारी के दौरान एक छोटी बच्ची घंटों भूखी रोती रही और एक महीने के नवजात बच्चे को दूध तक नहीं पिलाने दिया गया. उन्होंने कहा, मेरे भतीजे की गर्भवती पत्नी को बिना बैठने दिए तीन से चार घंटे खड़ा रखा गया. जब अधिकारी जाने लगे तो परिवार ने घर से बरामद हुई चीजों का लिखित रिकॉर्ड मांगा. इस पर अधिकारियों ने एक दस्तावेज दिया जिसमें लिखा था कि पुराने घरेलू सामान के अलावा कुछ भी बरामद नहीं हुआ है. अगर कुछ बरामद ही नहीं हुआ तो परिवार को तीन-चार घंटे क्यों परेशान किया गया?
हरदीप सिंह ने BJP पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपनी रैलियों में जनता का उत्साह पैदा करने में नाकाम रहने के बाद अब डर के सहारे चुनाव लड़ने की कोशिश कर रही है. उन्होंने जोर देकर कहा, ‘पंजाब ऐसी जगह नहीं है जहां लोगों को ईडी के छापों या धमकियों से डराया जा सके. हम पंजाबी हैं और हम डरते नहीं हैं. उन्होंने कहा,
‘AAP’ ईमानदारी की प्रतीक है और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 'कट्टर ईमानदार' नेता हैं. मंत्री ने कहा, ‘अगर हम जनता का एक रुपया भी लें तो वह हमारे लिए जहर जैसा होगा. हम पूरी ईमानदारी से पंजाब की सेवा कर रहे हैं.’
AAP नेताओं से जुड़े पिछले मामलों का हवाला देते हुए हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि सतेंद्र जैन और मनीष सिसोदिया समेत अन्य नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों की लंबी कार्रवाई का सामना करना पड़ा था और बाद में अदालती कार्रवाई में क्या निकला, सब के सामने है. उन्होंने आगे कहा, ‘BJP ने दिल्ली चुनावों से पहले दिल्ली की 'आप' लीडरशिप को निशाना बनाया था और अब पंजाब में भी वही हथकंडे अपनाने की कोशिश कर रही है.’
यह भी पढ़ें- '48 घंटे में इस्तीफा दो, वरना देशभर में आंदोलन...', CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का बड़ा ऐलान, रखीं 3 मांगें
यह भी पढ़ें
हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि पंजाब के लोग पहले ही BJP को सियासी तौर पर नकार चुके हैं और अब यह पार्टी आने वाले चुनावों के डर से अपनी एजेंसियों का सहारा ले रही है. उन्होंने कहा, ‘BJP जितनी मर्जी एजेंसियों और धमकियों का इस्तेमाल कर ले, लेकिन 'आप' डरने वाली नहीं है और न ही अपने सिद्धांतों से पीछे हटेगी.’