Advertisement

UP में शुरू हुआ ‘कौशल कॉल सेंटर’, अब घर बैठे युवाओं को मिलेगी रोजगार और ट्रेनिंग की जानकारी

UP: प्रदेश के गांव और शहर के युवाओं तक प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी सही और ताज़ा जानकारी सीधे पहुंचाना है. अब कोई भी युवा किसी योजना, कोर्स या नौकरी के अवसर के बारे में जानकारी पाने के लिए सीधे कॉल सेंटर से संपर्क कर सकता है.

Image Source: Social Media

Kaushal Call Center: उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन मुख्यालय ने अब एक नया ‘कौशल कॉल सेंटर’ शुरू किया है. इसका मकसद प्रदेश के गांव और शहर के युवाओं तक प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी सही और ताज़ा जानकारी सीधे पहुंचाना है. अब कोई भी युवा किसी योजना, कोर्स या नौकरी के अवसर के बारे में जानकारी पाने के लिए सीधे कॉल सेंटर से संपर्क कर सकता है.

इस सुविधा का उद्घाटन बुधवार को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने किया, उन्होंने कहा कि युवा केवल जानकारी की कमी के कारण अवसर से वंचित न रहें, इसके लिए यह कॉल सेंटर अहम भूमिका निभाएगा. केंद्र का उद्देश्य समय पर सही मार्गदर्शन देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है. इससे न केवल उनका कौशल बढ़ेगा, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और रोजगार के अवसर भी मिलेंगे.

कॉल सेंटर युवाओं और अवसर के बीच सेतु

उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि यह कॉल सेंटर सिर्फ सूचना देने वाला केंद्र नहीं है, बल्कि युवाओं और उनके सपनों के बीच एक सीधा सेतु है. तकनीक का इस्तेमाल करके अब प्रशिक्षण से लेकर रोजगार तक की हर जानकारी आसानी से युवाओं की पहुंच में होगी.
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि अभी कॉल सेंटर में 30 सदस्यीय टीम तैनात की गई है. सभी कर्मचारियों को 15 दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि वे युवाओं को सही जानकारी और मार्गदर्शन दे सकें. टीम सोमवार से पूरी क्षमता से काम शुरू कर देगी और जल्द ही इसका संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किया जाएगा.

युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन और फीडबैक

कॉल सेंटर की टीम का काम केवल जानकारी देना ही नहीं है. वे प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से सीधा फीडबैक लेंगे और यह भी जानेंगे कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें रोजगार मिला या नहीं। इससे विभाग को यह पता चलेगा कि कौन-सी योजनाएं प्रभावी हैं और कौन-सी सुधार की जरूरत है.
इसके अलावा टीम यह सुनिश्चित करेगी कि युवा अपने कौशल और रोजगार के अवसरों के बारे में सही और समय पर जानकारी प्राप्त करें. अगर किसी छात्र को कोर्स के दौरान या प्लेसमेंट में समस्या आती है, तो कॉल सेंटर तुरंत मदद कर सकेगा.

क्यों है यह कदम महत्वपूर्ण

यह पहल युवाओं को सशक्त, सक्षम और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में अहम साबित होगी. अब किसी भी युवा को योजना या प्रशिक्षण के बारे में जानकारी पाने के लिए अलग-अलग जगहों पर भटकना नहीं पड़ेगा. कॉल सेंटर के जरिए वह सिर्फ एक फोन कॉल में पूरी जानकारी ले सकता है.
इस तरह, उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है. यह केंद्र न केवल योजनाओं की पहुँच बढ़ाएगा, बल्कि युवा क्षमता को भी सही दिशा में उपयोग करने में मदद करेगा.‘कौशल कॉल सेंटर’ प्रदेश के युवाओं और उनके सपनों के बीच अब एक सशक्त पुल का काम करेगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE
अधिक →