नंदीग्राम उपचुनाव में BJP की ऐतिहासिक जीत, हसीरानी रथ ने 1,22,753 वोटों से दर्ज की ऐतिहासिक जीत
नंदीग्राम विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार हसीरानी रथ ने 1,22,753 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से चुनाव जीत लिया है.
Follow Us:
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार हसीरानी रथ ने 1,22,753 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से चुनाव जीत लिया है. भाजपा उम्मीदवार को 1,64,427 वोट मिले, वहीं कांग्रेस के मिलन प्रधान 41,674 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे.
नंदीग्राम उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत
सीपीआई के शांति गोपाल गिरी 5,779 वोट पाकर तीसरे स्थान और उनके बाद ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (एआईएसएफ) के अली मोहम्मद साबे मिराज खान 1,607 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे.
रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाली डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस सिर्फ 853 वोट पाकर पांचवें स्थान पर रही.
चुनावी मैदान में नहीं थी तृणमूल कांग्रेस
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस इस बार नंदीग्राम में चुनावी दौड़ में शामिल नहीं थी, क्योंकि उनकी उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने आखिरी समय में अपना नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार को अपना समर्थन देने की घोषणा की थी.
नंदीग्राम में भाजपा की सबसे बड़ी जीत
1967 के बाद से नंदीग्राम में किसी भी विजयी उम्मीदवार की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत का अंतर है. पिछला रिकॉर्ड मौजूदा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नाम था, जब वे 2016 में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर 81,230 वोटों के अंतर से नंदीग्राम से चुने गए थे.
नंदीग्राम विधानसभा चुनावों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "उपचुनाव से पहले मैंने कहा था कि इस बार भाजपा उम्मीदवार की जीत का अंतर 2016 में मेरे अपने रिकॉर्ड को पार कर जाएगा. ठीक वैसा ही हुआ. यह तब तक संभव नहीं होता, जब तक हमारे उम्मीदवार को नंदीग्राम में अल्पसंख्यक वोटों का बड़ा हिस्सा नहीं मिलता."
इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री नंदीग्राम से कुल वोटों के 50.37 प्रतिशत के अंतर से चुने गए थे. इस बार उपचुनाव में भाजपा को वोटों में 25.79 प्रतिशत की सकारात्मक बढ़त मिली, जिसमें रथ को डाले गए कुल वोटों का 75.94 प्रतिशत हिस्सा मिला.
भवानीपुर सीट रखने के फैसले से खाली हुई नंदीग्राम सीट
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट से ममता बनर्जी को 15,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था. बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखने का फैसला किया, जिसके कारण नंदीग्राम में उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी.
यह भी पढ़ें
हसीरानी रथ, सुवेंदु अधिकारी के पूर्व पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की मां हैं. चंद्रनाथ रथ की 6 मई को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में हत्या कर दी गई थी.