Advertisement
ग्रेटर नोएडा के ट्रेड शो में 'आनंद काशी' का जलवा, VDA ने दिखाई नई काशी की तस्वीर; दिखा PM मोदी-CM योगी का विजन
ग्रेटर नोएडा के यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में वाराणसी विकास प्राधिकरण की 'आनंद काशी आवासीय योजना' आकर्षण का केंद्र बनी है. काशी की सांस्कृतिक पहचान के साथ आधुनिक सुविधाओं और सुनियोजित विकास की यह परियोजना पीएम मोदी के विकसित भारत विजन और सीएम योगी के नगरीय विकास मॉडल की झलक पेश कर रही है.
Advertisement
UPITS 2026: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आयोजित हो रहे 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो' में प्रदेश के अलग-अलग जिलों की पहचान और स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया के सामने रखने के लिए तमाम स्टॉल लगाए गए हैं. यहां देश-विदेश से पहुंचे मेहमान उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, पारंपरिक उत्पादों और विकास की नई तस्वीर से रूबरू हो रहे हैं. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से जुड़ा एक स्टॉल खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. यह स्टॉल सिर्फ काशी की पहचान और विरासत को नहीं दर्शा रहा, बल्कि आधुनिक और सुनियोजित वाराणसी की नई तस्वीर भी पेश कर रहा है.
ट्रेड शो में हॉल नंबर 2 के दूसरे फ़्लोर पर वाराणसी विकास प्राधिकरण की ओर से लगाए गए इस स्टॉल में काशी में अपना आशियाना बनाने का सपना देखने वालों के लिए 'आनंद काशी आवासीय योजना (फेज-1)' की जानकारी और प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई है. वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा कल्लीपुर क्षेत्र में विकसित की जा रही यह पहली गेटेड सिटी परियोजना है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रहे सुनियोजित नगरीय विकास की दिशा को भी सामने रखती है. लगभग 4,56,398.69 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी आवासीय योजना में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी, सुव्यवस्थित आवासीय विकास और पर्यावरण-अनुकूल नगरीय व्यवस्था को एक साथ साकार करने का प्रयास किया जा रहा है. 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो' के मंच से 'आनंद काशी' की यह झलक देश-विदेश के लोगों को उस बदलती काशी से परिचित करा रही है, जहां आस्था और आधुनिक शहरी विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं.
Advertisement
योजना का पहला चरण
Advertisement
योजना के पहले चरण में कुल 1,004 आवासीय प्लॉट, 3 ग्रुप हाउसिंग भूखंड, 108 व्यावसायिक भूखंड, 1 शैक्षणिक भूखंड, 1 हेल्थकेयर भूखंड, 1 कम्युनिटी सेंटर, 2 यूटिलिटी भूखंड तथा हरित क्षेत्र के 18 पैच विकसित किए जाएंगे. आवासीय भूखंड चार प्रमुख श्रेणियों—72 वर्ग मीटर, 162 वर्ग मीटर, 200 वर्ग मीटर एवं 288 वर्ग मीटर में विकसित किए जा रहे हैं. आनंद काशी टाउनशिप में बेहतर आवागमन एवं आधुनिक नगरीय सुविधाओं के लिए 24, 18, 12 एवं 9 मीटर चौड़ी सड़कों का विकास किया जा रहा है. इसके साथ ही जलापूर्ति, सीवरेज, विद्युत व्यवस्था, वर्षा जल निकासी एवं अन्य आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विकास विभिन्न चरणों में प्रगति पर है. टाउनशिप में लगभग 2 हेक्टेयर ( 4.94 एकड़) क्षेत्रफल में केंद्रीय पार्क विकसित किया जा रहा है, जो आनंद काशी का प्रमुख हरित एवं आकर्षक केंद्र होगा. पार्क के केंद्र में भव्य नटराज प्रतिमा एवं जल फव्वारे से सुसज्जित केंद्रीय प्लाजा के साथ ओपन लॉन, एम्फीथिएटर, चिल्ड्रन प्ले एरिया, मेडिटेशन गार्डन, सीनियर सिटीजन जोन, फ्लावर गार्डन, जॉगिंग ट्रैक एवं पैदल पथ जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. पार्क के चारों ओर पैदल-अनुकूल मार्केट प्लाजा एवं व्यावसायिक सुविधाएं तथा टाउनशिप से जुड़ने के लिए 4 प्रमुख पैदल प्रवेश द्वार भी प्रस्तावित हैं.
Advertisement
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को प्राथमिकता
वाराणसी विकास प्राधिकरण ने इस योजना को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को विशेष प्राथमिकता देते हुए बाउंड्री के समीप स्थित लगभग 3.71 एकड़ क्षेत्रफल में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित किए जाने का निर्णय लिया गया है. काशी की सांस्कृतिक एवं वैदिक विरासत की अवधारणा पर आधारित इस योजना में न्यूनतम 15 प्रतिशत क्षेत्रफल को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें मियावाकी वन जैसी पर्यावरणीय पहलें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
Advertisement
VDA उपाध्यक्ष ने क्या कहा?
योजना के बारे में उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा द्वारा बताया गया कि 'आनंद काशी आवासीय योजना (फेज-1)' प्राधिकरण की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसे आधुनिक नगरीय सुविधाओं, सुव्यवस्थित आवासीय विकास एवं पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है. लगभग 30 वर्षों के उपरांत विकसित की जा रही प्राधिकरण की पहली समेकित गेटेड सिटी के रूप में यह योजना काशी की सांस्कृतिक एवं वैदिक विरासत को आधुनिक सुविधाओं के साथ जोड़ते हुए एक सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण-अनुकूल आवासीय वातावरण प्रदान करेगी. योजना का रेरा पंजीकरण अंतिम चरण में है तथा माह के अंत तक पंजीकरण प्रक्रिया प्रारम्भ किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा आनंद काशी आवासीय योजना को आधुनिक सुविधाओं, सुव्यवस्थित अवसंरचना, हरित परिवेश एवं काशी की सांस्कृतिक पहचान के समन्वय के साथ एक उत्कृष्ट आवासीय गंतव्य के रूप में विकसित किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो' में 'आनंद काशी आवासीय योजना' के जरिए वाराणसी की बदलती तस्वीर देश-दुनिया के सामने रखी जा रही है. काशी की आस्था, संस्कृति और विरासत के साथ आधुनिक सुविधाओं, हरित विकास और सुनियोजित नगरीय व्यवस्था का यह मेल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बदलते उत्तर प्रदेश की नई पहचान को भी दर्शाता है.