जिस पर देशकरता है भरोसा
Advertisement

राज्यसभा चुनाव: CM योगी की मौजूदगी में BJP के सभी 8 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, निर्विरोध जीत का रास्ता साफ

यूपी में राज्यसभा चुनाव के लिए BJP के सभी आठों प्रत्याशियों ने पर्चा भर दिया है. संख्याबल के लिहाज से सबके निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है. CM योगी ने सभी उम्मीदवारों को जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं.

Author
06 Oct 2026
( Updated: 06 Oct 2026
02:47 PM )
राज्यसभा चुनाव: CM योगी की मौजूदगी में BJP के सभी 8 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, निर्विरोध जीत का रास्ता साफ
Image Source-UPPRD
Advertisement

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चल रही चुनावी प्रक्रिया मंगलवार को नए मोड़ पर पहुंच गई. भारतीय जनता पार्टी के सभी आठ प्रत्याशियों ने मंगलवार को नामांकन दाखिल कर दिया, जबकि समाजवादी पार्टी ने तीसरा उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारने का फैसला किया है. इसके साथ ही भाजपा के आठ और सपा के दो प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है. भाजपा के आठों प्रत्याशी मंगलवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया. इसके बाद सभी प्रत्याशी विधानसभा पहुंचे और नामांकन दाखिल किया.

राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवारों भरा पर्चा

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहे. नामांकन प्रक्रिया में सबसे पहले धर्मपाल सिंह ने पर्चा दाखिल किया, जबकि सबसे आखिर में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार ने नामांकन किया. बाराबंकी की पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत और गोपीकृष्ण पांडेय ने नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आशीर्वाद लिया. 

Advertisement

भाजपा ने सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिए आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे. इनमें धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपीकृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं. नामांकन के दौरान भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार राम प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी ने उन्हें उच्च सदन में भेजने का फैसला किया है और वह पार्टी के एक कार्यकर्ता के रूप में मिली इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया. 

Advertisement

भाजपा प्रत्याशी प्रकाश पाल ने कहा कि पार्टी ने उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता और ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष को राज्यसभा भेजकर पिछड़े वर्गों में उत्साह पैदा किया है. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक निष्ठा के साथ काम करने वाले कार्यकर्ता के लिए भाजपा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों तक पहुंचने का अवसर मौजूद है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे करके भी दिखाती है. उन्होंने कहा कि पार्टी के आठों प्रत्याशी कार्यकर्ता हैं और सभी मिलकर उनके नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं. उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया. 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के 403 विधानसभा सीटों के लक्ष्य वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जब अखिलेश यादव सभी 403 सीटों का लक्ष्य तय करते हैं तो 100 तक पहुंचते-पहुंचते उनकी साइकिल डगमगाने लगती है.

उन्होंने दावा किया कि इस बार 50 सीटें पार करते ही सपा की साइकिल की चेन उतर जाएगी और साइकिल पंक्चर हो जाएगी. मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगियों को भाजपा की ताकत का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने तीसरा राज्यसभा उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया. भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को अवसर दिया है. 

Advertisement

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है और जब भी उसे अपनी हार का ठीकरा किसी पर फोड़ना होता है तो वह संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने लगती है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में भारी बहुमत के साथ सत्ता में आएगी. उधर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है." 

Advertisement

CM योगी ने सभी उम्मीदवारों को दी जीत की अग्रिम शुभकामनाएं

सपा की ओर से रामगोपाल यादव और धनंजय परिमल नाथवानी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं. सपा पहले तीसरा उम्मीदवार उतारने की तैयारी में थी, लेकिन अखिलेश यादव के तीसरे प्रत्याशी नहीं उतारने के फैसले के बाद राज्यसभा चुनाव में मुकाबले की स्थिति समाप्त हो गई. दरअसल, उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए भाजपा ने आठ और सपा ने दो उम्मीदवार उतारे हैं. 

Advertisement

उम्मीदवारों की संख्या सीटों के बराबर होने के कारण अब किसी अतिरिक्त प्रत्याशी के मैदान में नहीं आने पर सभी 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता खुल गया है. हालांकि इसके लिए नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होना बाकी है. उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है. यदि किसी अन्य प्रत्याशी की ओर से नामांकन नहीं किया जाता है और सभी नामांकन वैध पाए जाते हैं, तो मतदान की आवश्यकता नहीं होगी.

यह भी पढ़ें

Tags

Advertisement
टिप्पणियाँ 0
G
Guest (अतिथि)
LIVE
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें