'कहीं भी छिपे हों...', पहलगाम हमले के बाद PM मोदी ने दिया था बड़ा आदेश, NSA डोभाल ने खोला ऑपरेशन सिंदूर का राज
पहलगाम हमले के बाद पीएम मोदी ने आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे. NSA अजीत डोभाल ने बताया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' आतंकवाद के पूरी तरह खात्मे तक जारी रहेगा.
Follow Us:
साल 2025 में पाहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था. इस सैन्य ऑपरेशन को लेकर अब देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के कई अहम जानकारी साझा कीं हैं. NSA डोभाल ने डिस्कवरी की डॉक्युसीरीज डिक्लासिफाइड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस रूख का जिक्र किया जब पहलगाम आतंकी हमला हुआ था.
PM मोदी का क्या था संदेश?
NSA डोभाल ने बताया कि इस हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की खबर सुनते ही पीएम मोदी ने स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया था कि भारत अब सीधे उनके पीछे जाएगा जो बेक़सूर लोगों की मौत के जिम्मेदार हैं. चाहें वो कहीं भी छीपे हों, धरती पर, आसमान में या कहीं भी. टीवी 9 की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ डोभाल ने बताया कि पीएम मोदी के इस संदेश का मतलब सिर्फ जवाबी सैन्य कार्रवाई के बारे में नहीं बल्कि आतंकवाद के खिलाफ जंग जारी रखने के संकल्प के बारे में था. डोभाल ने बताया कि जब पीएम मोदी कहते हैं कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जारी है, तो इसका सीधा मतलब है कि ये मुहिम तब तक नहीं रुकेगी जब तक अंतिम आतंकवादी खत्म नहीं हो जाता.
सऊदी से लौटते ही PM मोदी ने पूछा था पहला सवाल?
जानकारी देते चलें कि जब पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब के दौरे पर थे. हमले के बाद जब वह भारत लौटे तो राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने एयरपोर्ट पर हुई पहली बैठक का जिक्र किया. डोभाल के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने बैठक में सबसे पहले हमले से जुड़ी पूरी जानकारी हासिल की. इसके बाद उन्होंने सीधा सवाल किया कि हमला किसने किया और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? डोभाल ने बताया कि पीएम मोदी हमलावरों की पहचान और हमले की जिम्मेदारी तय करने को लेकर बेहद स्पष्ट थे. उन्होंने तत्काल यह पता लगाने पर जोर दिया कि इस हमले के पीछे कौन लोग हैं. हमले के दोषियों और उनकी भूमिका का पता लगाने में भारतीय खुफिया एजेंसियों की अहम भूमिका रही. NSA डोभाल ने हमलावरों की पहचान को स्पष्ट करने का पूरा श्रेय एजेंसियों को दिया है.
इंटेलिजेंस एजेंसियों के काम की डोभाल ने की सराहना
अजीत डोभाल ने पहलगाम हमले के बाद आतंकियों की पहचान और मामले की तह तक पहुंचने में भारतीय खुफिया एजेंसियों की भूमिका की सराहना की. उन्होंने कहा कि एजेंसियों ने बेहद कम समय में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाकर जांच को ठोस दिशा देने का काम किया. बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने आम लोगों को निशाना बनाया था. इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया. इस अभियान के तहत भारतीय सेना के पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर के आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था. इस कार्रवाई में सैकड़ों आतंकियों की मौत हुई थी.
यह भी पढ़े:- ‘सहनशील हैं कमजोर नहीं…’, पाकिस्तान की गीदड़भभकी के बीच NSA डोभाल का बड़ा बयान, शहबाज शरीफ को चेताया
क्या था ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का मकसद?
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के उद्देश्य को लेकर कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य उन आतंकी ठिकानों को तबाह करना था, जिन्हें पहलगाम हमले से जोड़ा गया था. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने कार्रवाई के लिए ऐसे कैंपों को निशाना बनाया, जिन्हें हमले के लिए जिम्मेदार माना गया.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि अंत में NSA डोभाल ने यह भी कहा कि देश की संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत की संप्रभुता की रक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदमों की कोई तय सीमा नहीं हो सकती.