मोदी के इस मंत्री ने गजब कर दिया! सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले दिपके को ही दे दिया पार्टी में आने का ऑफर
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने महाराष्ट्र के धाराशिव दौरे के दौरान 2029 के लोकसभा चुनाव में NDA की जीत का दावा किया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना कप्तान बताते हुए कहा कि वह उनकी टीम के खिलाड़ी हैं. साथ ही उन्होंने अभिजीत दिपके को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया.
Follow Us:
देश की राजनीति में अपने अनोखे अंदाज और बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार उनके निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी नेताओं पर कटाक्ष नहीं, बल्कि मोदी सरकार के खिलाफ लगातार सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके रहे. हालांकि, अठावले ने उन पर तीखी प्रतिक्रिया देने के बजाय सीधे अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दे दिया. केंद्रीय मंत्री का दावा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) साल 2029 के लोकसभा चुनाव में भी जीत हासिल कर सत्ता में बना रहेगा.
अभिजीत दीपके को RPI (A) में शामिल होने का न्योता
दरअसल, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने महाराष्ट्र के धाराशिव दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अपनी राजनीतिक राय रखी. वह इलाके में सूखे की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर भरोसा जताया. हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अठावले ने कहा कि मोदी उनके कप्तान हैं और वह खुद उनकी टीम के खिलाड़ी हैं. उन्होंने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में NDA की सरकार बनी रहेगी और सत्ता में बदलाव की संभावना नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि वह उनका विकेट लेंगे.
दिपके को अठावले ने दी नसीहत
अठावले ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके को अपनी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) यानी RPI (A) में शामिल होने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि अगर दीपके आंबेडकरवादी विचारधारा में विश्वास रखते हैं, तो उन्हें युवाओं को साथ जोड़ने और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए RPI (A) में आने पर विचार करना चाहिए. अठावले के मुताबिक, दिपके बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों के आधार पर पार्टी को आगे बढ़ाने में योगदान दे सकते हैं.
यह भी पढ़े: CJP फाउंटर अभिजीत दिपके को मिली जमानत, शांति भंग के आरोप में हुए थे अरेस्ट, शर्तों के साथ मिली बेल
क्यों चर्चा में हैं अभिजीत दिपके?
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके पिछले कुछ समय से अपने प्रदर्शनों को लेकर सुर्खियों में हैं. उनकी पार्टी ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था. इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किए. इन गतिविधियों के बीच दिल्ली पुलिस ने दिपके को शांति बनाए रखने के लिए दिए गए बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया था. पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को उनसे शांति बॉन्ड भरवाया गया था. शुक्रवार को कनॉट प्लेस में CJP के 'लहरा दो तिरंगा' प्रदर्शन में शामिल होने के लिए घर से निकलते समय उन्हें हिरासत में लिया गया.
अभिजीत दीपके को मिली सशर्त जमानत
इस मामले में शनिवार को दिपके को सशर्त जमानत दे दी गई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उन्हें विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां शांति बनाए रखने संबंधी बॉन्ड और कुछ शर्तों के आधार पर रिहा करने का फैसला हुआ. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बॉन्ड में दिए गए आश्वासन के आधार पर दीपके को छोड़ दिया गया है. हालांकि, पुलिस ने इस घटनाक्रम पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया. एहतियात के तौर पर पुलिस थाने और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई थी.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि अठावले का दिपके को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता और 2029 के चुनाव को लेकर उनका दावा चर्चा का विषय बना हुआ है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अभिजीत दीपके इस प्रस्ताव पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और उनकी पार्टी आगे अपनी राजनीतिक गतिविधियों को किस दिशा में ले जाती है.