Asian Games 2026: हिमाचल की तीन कबड्डी खिलाड़ियों को मिलेंगे एक-एक करोड़ रुपये, CM सुक्खू ने किया ऐलान
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी खेल नीति में संशोधन कर पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है. उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है.
Follow Us:
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एशियन गेम्स 2026 में कबड्डी में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला टीम की तीन हिमाचली खिलाड़ियों पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषण की.
फाइनल में ईरान को हराकर जीता गोल्ड
कप्तान पुष्णा राणा के नेतृत्व में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में ईरान के खिलाफ 37-34 से जीत दर्ज करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था.एशियन गेम्स 2010 में महिला कबड्डी इवेंट की शुरुआत के बाद से भारत ने अब तक हुए पांच एशियन गेम्स में से चार बार गोल्ड मेडल जीता है।
तीनों खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी
विजेता खिलाड़ियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री से भेंट की.मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उन्हें हिमाचली टोपी और शॉल भेंट करते हुए सम्मानित किया.मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही उनके सम्मान में एक समारोह आयोजित करेगी, जिसमें उन्हें घोषित पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इन तीनों खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में रोजगार भी प्रदान किया जाएगा.उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में सेवाएं देने की इच्छुक नहीं होंगी, उन्हें युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में नियुक्ति दी जाएगी, ताकि वे राज्य में खेलों के प्रोत्साहन और विकास में योगदान देने के साथ-साथ अपने खेल करियर को भी जारी रख सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी खेल नीति में संशोधन कर पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है.उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।
क्रिकेटर रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़
यह भी पढ़ें
मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी शानदार उपलब्धियों के सम्मान में एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की.इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल और मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान भी उपस्थित थे.