'जीते तो ECI को ताली, हारे तो गाली...', INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले दिल्ली में पोस्टर वार, राहुल-अखिलेश से पूछे तीखे सवाल
दिल्ली में INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में विपक्षी नेताओं की तस्वीरों वाले पोस्टर लगाए गए हैं. इनमें ECI और EVM को लेकर विपक्ष पर कथित दोहरे रवैये का आरोप लगाया गया है.
Follow Us:
देश की राजधानी दिल्ली से एक बार फिर सियासी पारा गरमाने वाला है, क्योंकि राजधानी में बुधवार को विपक्षी दलों की बड़ी बैठक होने जा रही है. लेकिन बैठक से पहले ही दिल्ली की सड़कों पर INDIA गठबंधन के खिलाफ लगे पोस्टर चर्चा का विषय बन गए हैं. इन पोस्टरों ने विपक्षी दलों की बैठक से पहले ही सियासी माहौल को गर्म कर दिया है और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
दरअसल, सेंट्रल दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लगे कुछ पोस्टर बुधवार सुबह से चर्चा का विषय बने हुए हैं. इन पोस्टरों के जरिए विपक्षी नेताओं पर चुनाव आयोग (ECI) और EVM के मुद्दे पर कथित तौर पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया है. पोस्टरों में राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की तस्वीरें भी लगाई गई हैं. विपक्षी दलों की बैठक से ठीक पहले सामने आए इन पोस्टरों ने राजधानी के राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है.
पोस्टर में क्या लिखा?
राजधानी में लगाए गए इन पोस्टरों में विपक्षी गठबंधन के नेताओं को अलग-अलग मुद्दों पर निशाना बनाते हुए सवाल खड़े किए गए हैं. एक पोस्टर में लिखा है, 'INDI Alliance का दोगलापन, जीते तो ECI को ताली, हारे तो ECI को गाली.' इस स्लोगन के जरिए चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष के कथित रुख पर सवाल उठाया गया है. वहीं, एक अन्य पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए बिहार चुनाव के मुद्दे को उठाया गया है. पोस्टरों में राहुल गांधी के अलावा अन्य विपक्षी नेताओं की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए ECI, EVM और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल सामने रखे गए हैं. एक पोस्ट में बिहार विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए लिखा गया है, 'विदेशी धरती पर मस्ती में थे चूर, 59 दिन बिहार कैंपेन से रहे दूर, लेकिन जब जनता ने नतीजा सुनाया तो ECI पर सवाल उठाया. आए देर से, इल्ज़ाम घड़ी पर.' इन लाइनों के जरिए कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की प्रस्तावित बैठक पर राजनीतिक तंज कसा गया है. बैठक से पहले सामने आए इन पोस्टरों ने राजधानी के सियासी माहौल में एक नया मुद्दा जोड़ दिया है.
Delhi: Ahead of the INDIA bloc meeting in Delhi, posters accusing Opposition leaders of political double standards regarding the Election Commission of India (ECI) and Electronic Voting Machines (EVMs) have surfaced across central Delhi. pic.twitter.com/sVd26pvYKr
— IANS (@ians_india) September 30, 2026
किस मुद्दे पर हो रही INDIA गठबंधन की बैठक
INDIA ब्लॉक की यह बैठक ऐसे वक्त में हो रही है, जब विपक्षी दल SIR और चुनाव आयोग से जुड़े कई मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं. विपक्ष की ओर से मतदाता सूची, वोटर वेरिफिकेशन और चुनावी प्रक्रिया को लेकर समय-समय पर सवाल और चिंताएं सामने आती रही हैं. ऐसे माहौल में बैठक से पहले राजधानी की सड़कों पर दिखाई दे रहे पोस्टरों ने सियासी चर्चा को एक नया मोड़ दे दिया है. एक ओर INDIA ब्लॉक के नेता बैठक में चुनाव आयोग और SIR से जुड़े मुद्दों पर अपनी रणनीति को लेकर चर्चा करेंगे, तो दूसरी तरफ पोस्टरों के जरिए इन्हीं विषयों को आधार बनाकर विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा जा रहा है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इन पोस्टरों को किसने लगवाया है या इसके पीछे कौन सा संगठन है. पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं जरूर तेज हो गई हैं. ऐसे में बैठक से पहले राजधानी में शुरू हुआ यह पोस्टर वार आने वाले दिनों की सियासी बहस का एक अहम हिस्सा बन सकता है.
यह भी पढ़ें
बहरहाल, INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले दिल्ली में लगे पोस्टरों ने चुनाव आयोग, EVM और SIR के मुद्दे को लेकर सियासी बहस को और तेज कर दिया है. अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि बैठक में विपक्षी दल इन मुद्दों पर क्या रुख अपनाते हैं और आगे की रणनीति को लेकर क्या फैसला सामने आता है. वहीं, पोस्टरों को लेकर भी यह सवाल बना हुआ है कि इन्हें किसने लगवाया और इसके पीछे क्या मकसद है.