Advertisement
राजस्थान में BJP के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या, माइनिंग लीज पर हुआ था खूनी संघर्ष
खनन विवाद को लेकर करीब 70-80 लोगों ने पूर्व विधायक पर लाठियों से हमला बोल दिया. अतर सिंह भड़ाना की पत्नी ने गोली मारने का आरोप भी लगाया. गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
Advertisement
राजस्थान के भरतपुर में हैरान कर देने वाली घटना हो गई. यहां बयाना इलाके में BJP के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. खनन लीज को लेकर हुए विवाद के बाद 70-80 लोगों ने उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया था.
अतर सिंह भड़ाना को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया. इसके बाद उन्हें जयपुर के SMS हॉस्पिटल भी रेफर किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. हमले में अंतर सिंह के साथ उनके सहयोगी गगन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गए.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
Advertisement
जानकारी के मुताबिक, यह घटना वैर पुलिस स्टेशन इलाके के भौंडा गांव की है. जहां रविवार शाम 6:30 बजे से 7 बजे के बीच जब भड़ाना अपनी क्रशर साइट पर मौजूद थे. लगभग 70-80 लोगों के एक ग्रुप ने उन पर और उनके साथी, नदबई के रहने वाले गगन शर्मा पर हमला किया. दोनों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें पहले वैर अस्पताल ले जाया गया. इसके बाद भड़ाना को जयपुर के SMS अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां रात करीब 11:30 बजे उनकी मौत हो गई. वहीं, गगन शर्मा को आगे के इलाज के लिए भरतपुर रेफर किया गया.
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
Advertisement
अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन को क्रशर साइट पर हो रही समस्याओं के बारे में बार-बार बताया गया था, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की. उन्होंने कहा कि माइनिंग लीज का बिजली कनेक्शन काट दिया गया था और पानी का पंप भी खराब हो गया था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि साइट पर आने वाले लोगों को अक्सर भगा दिया जाता था.
कमलेश के मुताबिक, रविवार शाम 70-80 लोगों के एक ग्रुप ने उनके पति और अन्य लोगों पर हमला किय. उन्होंने दावा किया कि भड़ाना को गोली लगी थी. घटना के समय क्रशर प्लांट में लगभग 20-25 कर्मचारी मौजूद थे. हालांकि, वैर सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल के डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में गोली लगने की संभावना से इनकार किया गया है.
Advertisement
एसएचओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों और क्रशर ऑपरेटर के बीच लगभग चार साल से विवाद चल रहा था. ग्रामीणों ने भड़ाना पर चरागाह की जमीन पर कब्जा करने और अवैध माइनिंग करने का आरोप लगाया है. लीज वाले इलाके तक जाने वाली सड़क को लेकर भी एक अलग विवाद की खबर है.
पुलिस के मुताबिक, ग्रामीण पिछले दो साल से बीच-बीच में विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे. क्रशर प्लांट करीब एक साल से बंद था और भड़ाना कामकाज फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहे थे. रविवार को उनके साइट पर जाने पर ग्रामीणों के साथ टकराव हुआ, जो बाद में हिंसा में बदल गया.
यह भी पढ़ें- पत्नी का अफेयर, भाई की हत्या और फिर 8 साल बाद कत्लेआम, आजमगढ़ कांड के सनकी की असली कहानी सन्न कर देगी
Advertisement
ग्रामीणों का दावा है कि पिछले 10-15 दिनों से शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन चल रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार शाम भड़ाना गुट से जुड़े 40-50 लोग साइट पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को जबरन वहां से हटा दिया, जिससे दोनों गुटों के बीच झड़प हो गई. यह टकराव जल्द ही हिंसक हो गया और दोनों पक्षों ने कथित तौर पर लाठियों और पत्थरों का इस्तेमाल किया. इस घटना में भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए.
कौन थे अतर सिंह भड़ाना?
- अतर सिंह भड़ाना मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले थे
- उन्होंने 1998 में BJP के टिकट पर बयाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि हार गए
- साल 2003 में BJP के टिकट पर बयाना से ही चुनाव लड़ते हुए जीत दर्ज की
- विधायक बनने के बाद बयाना के शेरगढ़ गांव में फार्महाउस में ही रहने लगे
- वंसुधरा राजे की सरकार में गुर्जर आंदोलन के दौरान पहली बार BJP के खिलाफ ही बगावत की
- 2008 में कांग्रेस में शामिल हुए और चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए
- हार के बाद अतर सिह भड़ाना वापस हरियाणा में रहने लगे
- इसके बाद फिर से BJP में लौट आए और BJP किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली
अतर सिह भड़ाना की हत्या के बाद गांव में भारी पुलिस तैनात की गई है. इस घटना को लेकर विपक्ष ने राजस्थान की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा, खनन विवाद के चलते पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना जी की लाठी-पत्थरों से हमला कर हत्या किए जाने की खबर बेहद चिंताजनक है. यह घटना प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है. इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
Advertisement
यह भी पढ़ें