'वो नोएडा जाने से डरते थे...', CM योगी का सपा पर करारा वार, कहा- खुद करते थे अंधविश्वास लेकिन...
यूपी के सीएम योगी ने नोएडा से जुड़े अंधविश्वास को तोड़ते हुए इसे विकास का उदाहरण बताया. साथ ही दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और अब त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जा रहे हैं.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई अहम बातों का जिक्र करते हुए प्रदेश की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया. सीएम योगी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में यूपी ने विकास, कानून-व्यवस्था और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला और पुरानी सरकारों की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया.
नोएडा को लेकर अंधविश्वास पर हमला
सीएम योगी ने अपने संबोधन में नोएडा को लेकर फैले अंधविश्वास पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि पहले के नेताओं में यह धारणा थी कि नोएडा जाने से कुर्सी चली जाती है, लेकिन उन्होंने इस सोच को तोड़ा. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर वे इस मिथक को नहीं तोड़ते, तो आज उत्तर प्रदेश देश में मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादन का बड़ा केंद्र नहीं बन पाता. उन्होंने इसे ‘अपशकुन’ से ‘विकास’ की ओर बढ़ने का उदाहरण बताया.
कानून-व्यवस्था में आया बड़ा बदलाव
सीएम योगी ने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में ऐतिहासिक सुधार हुआ है. उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों के दौरान दंगे और तनाव आम बात थे, लेकिन अब नवरात्रि और रमजान जैसे पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं. उन्होंने इसे सरकार की सख्त नीति और बेहतर प्रशासन का परिणाम बताया.
जो उत्तर प्रदेश या देश की सत्ता में रहते थे, अपनी सत्ता को बचाने के लिए नोएडा नहीं जाते थे, वह 'उनके' लिए अंधविश्वास और रूढ़िवादी नहीं था,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 19, 2026
श्री राम जन्मभूमि मंदिर की बात करना, काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण की बात करना और श्रीकृष्ण कन्हैया के मथुरा-वृंदावन की बात… pic.twitter.com/Y847QHiYV4
सामाजिक योजनाओं पर जोर
सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने बताया कि 1.06 करोड़ से अधिक परिवारों को हर साल 12 हजार रुपये पेंशन दी जा रही है. उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही पेंशन राशि में बढ़ोतरी की जाएगी. इसके साथ ही मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने और संस्कृत छात्रों के लिए नई योजनाएं शुरू करने की बात भी कही.
युवाओं और रोजगार पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए बड़े स्तर पर काम किया है. अब तक 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, जिनमें बड़ी संख्या में पुलिस भर्तियां शामिल हैं. इसके अलावा दो करोड़ युवाओं को टैबलेट देने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है, जिससे डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा. इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी सरकार ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण जल्द होने की उम्मीद है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा मिलेगा. इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे का काम भी अंतिम चरण में है. उन्होंने दावा किया कि इन परियोजनाओं से निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
निवेशकों का बढ़ता भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने आगे ने कहा कि जापान, सिंगापुर और जर्मनी जैसे देशों के निवेशक अब यूपी में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं. इसका कारण राज्य में लागू जीरो टॉलरेंस और जीरो करप्शन की नीति है. उन्होंने कहा कि यूपी अब निवेश के लिए एक भरोसेमंद गंतव्य बन चुका है.
विपक्ष पर तीखा हमला
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस, सपा और बसपा पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने प्रदेश को भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति में उलझा दिया था. किसानों को कर्जदार बना दिया गया था और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ. लेकिन 2017 के बाद प्रदेश ने नई दिशा पकड़ी है.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि आज उत्तर प्रदेश ‘पहचान के संकट’ से निकलकर ‘विकास और विश्वास’ के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में और बड़ा योगदान देगा.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें