मुलायम सिंह को पद्म विभूषण देने पर राजनाथ सिंह से हुआ सवाल, जवाब में बोले- उसके कई कारण थे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण दिए जाने पर पूछे गए सवाल का संक्षिप्त जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'चलिए, देखते हैं; उसके कई कारण थे.' इसके बाद उन्होंने पत्रकारों का धन्यवाद किया और प्रेस वार्ता समाप्त कर दी.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज होने लगी है. राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक बयान चर्चा में आ गया है. शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे राजनाथ सिंह से जब दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिए जाने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब दिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त कर दी.
मुलायम सिंह यादव पर सवाल आया तो क्या बोले राजनाथ सिंह?
राजनाथ सिंह लखनऊ स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. इस दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे. प्रेस वार्ता के अंतिम हिस्से में एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए मुलायम सिंह यादव की आलोचना करने वाली बीजेपी ने उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने पर क्या रुख अपनाया. इस सवाल के जवाब में राजनाथ सिंह ने कहा, 'चलिए, देखते हैं; उसके कई कारण थे. बहुत-बहुत धन्यवाद.' इसके बाद उन्होंने पत्रकारों का धन्यवाद किया और कार्यक्रम समाप्त कर दिया. उन्होंने उन कारणों को विस्तार से नहीं बताया, जिनकी वजह से मुलायम सिंह यादव को यह सम्मान दिया गया था.
राम मंदिर आंदोलन से जुड़ा है पूरा मामला
साल 1990 में अयोध्या में राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद स्थल पर राम मंदिर निर्माण की मांग को लेकर बड़ी संख्या में कारसेवक जुटे थे. उस समय उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे. प्रशासनिक पाबंदियों और कर्फ्यू के बीच कारसेवकों के आगे बढ़ने के दौरान पुलिस ने गोलीबारी की थी. इस घटना को लेकर मुलायम सिंह यादव लंबे समय तक भाजपा और हिंदुत्व से जुड़े संगठनों के निशाने पर रहे. विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोगों ने उन्हें 'मुल्ला मुलायम' कहकर भी संबोधित किया था.
यह भी पढ़े: घर-घर पहुंच रहा नारी सशक्तीकरण का संदेश, योगी सरकार में महिला कल्याण विभाग ने संभाली कमान
कब मिला था मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण?
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन 10 अक्टूबर 2022 को हुआ था. इसके बाद वर्ष 2023 में उन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया. 5 अप्रैल 2023 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान उनके बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपा था. प्रेस वार्ता के दौरान राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की लंबे समय से सत्ता से दूरी का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी समाजवादी पार्टी के सहयोग के बिना रायबरेली सीट जीत सकते हैं. उन्होंने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर भी टिप्पणी की.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि राजनाथ सिंह की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में जहां विपक्ष को लेकर राजनीतिक बयान सामने आए, वहीं मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिए जाने पर पूछे गए सवाल का संक्षिप्त जवाब भी चर्चा का विषय बन गया.