CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, शहीद पुलिसकर्मियों की पत्नी और माता-पिता को मिलेंगे 50-50 लाख रुपये
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को चीनी सीमा पर 10 जवानों की शहादत की याद में पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है. मैं इस अवसर पर पुलिस के सभी अमर शहीदों को पुनः श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.
Follow Us:
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक में आयोजित 'राज्य स्तरीय पुलिस स्मृति दिवस परेड समारोह-2026' में शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर उन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को नमन किया.
शहीद पुलिसकर्मियों की पत्नी और माता-पिता को मिलेंगे 50-50 लाख रुपये
इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को दी जाने वाली 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की 50 फीसदी राशि उनकी पत्नियों और बाकी 50 फीसदी राशि उनके माता-पिता को दी जाएगी. उन्होंने साइबर अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी सुरक्षा चुनौतियों का भी जिक्र किया.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को चीनी सीमा पर 10 जवानों की शहादत की याद में पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है. मैं इस अवसर पर पुलिस के सभी अमर शहीदों को पुनः श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.
CM मोहन यादव ने की PM मोदी की तारीफ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुशल मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश 35 वर्षों से चले आ रहे नक्सलवाद के दंश से बाहर निकलने में सफल हुआ है. सीएम ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि 2014 के बाद से उनके नेतृत्व में देश की सुरक्षा मजबूत हुई है, अन्यथा पहले शहीदों की सूची बहुत लंबी हुआ करती थी. मुख्यमंत्री ने साइबर अपराध और ड्रग तस्करी को वर्तमान की बड़ी चुनौती बताया. साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों के प्रमोशन और नई भर्तियों को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई.
मुख्यमंत्री ने कहा, "देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों पर देश को गर्व है. दुनिया में मची उथल-पुथल के बीच अगर देश में लोकतंत्र सुरक्षित है, तो उसमें हमारे पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका है. मध्य प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कराने में हमारे जवानों का योगदान अविस्मरणीय है. शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि में से 50 फीसदी हिस्सा उनकी पत्नियों और 50 फीसदी हिस्सा उनके माता-पिता को देने का निर्णय उनके प्रति हमारी संवेदनशीलता का प्रतीक है."
मुख्यमंत्री ने देवास पुलिस लाइन में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की
इसी तरह देवास पुलिस लाइन में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस दौरान पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर देश और कर्तव्य की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को याद किया. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह वर्द्धमान सहित थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे. वहीं, रहानपुर की रेणुका पुलिस लाइन में कर्तव्य पालन करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों को याद कर सलामी दी गई और शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई.
यह भी पढ़ें
छतरपुर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया. इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को याद किया. राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की रक्षा और सुरक्षा के लिए तैनात रहते हैं. देश और प्रदेश में ऐसे अनेक वीर जवान हुए हैं, जिन्होंने नागरिकों की सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है.