Advertisement

CM Jansunwai Portal: दिल्ली वालों को राहत! ऑनलाइन पोर्टल और ऐप से सीधे सरकार तक पहुंचेगी शिकायत

CM Jansunwai Portal: इस नई सुविधा की मदद से आम नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं. अब किसी दफ्तर के चक्कर लगाने या लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी.

Image Source: Social Media

Delhi CM Jansunwai Portal: दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए अब अपनी परेशानी सीधे सरकार तक पहुँचाना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सीएम जनसुनवाई पोर्टल’ और उसका मोबाइल ऐप लॉन्च किया है. इस नई सुविधा की मदद से आम नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं. अब किसी दफ्तर के चक्कर लगाने या लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी. सरकार का कहना है कि इससे जनता की समस्याओं पर जल्दी ध्यान दिया जा सकेगा और उनका समय पर समाधान किया जाएगा.

डिजिटल तरीके से सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचेगी शिकायत

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पोर्टल पूरी तरह डिजिटल है, यानी आप कहीं से भी घर, ऑफिस या बाहर से मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए अपनी शिकायत भेज सकते हैं. इससे सिस्टम में पारदर्शिता (ट्रांसपेरेंसी) बढ़ेगी और हर शिकायत का रिकॉर्ड ऑनलाइन रहेगा. इससे यह भी पता चलता रहेगा कि शिकायत किस विभाग के पास है और उस पर क्या कार्रवाई हो रही है.
सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े. अब शिकायत सीधे सिस्टम में दर्ज होगी और संबंधित विभाग तक पहुंच जाएगी.

 

क्या है पोर्टल की खास बात

इस पोर्टल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें दिल्ली सरकार के कई बड़े विभागों को एक साथ जोड़ा गया है. जैसे दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और दिल्ली पुलिस से जुड़ी शिकायतें भी इसी प्लेटफॉर्म पर की जा सकती हैं.

पहले लोगों को अलग-अलग विभागों की वेबसाइट या दफ्तरों में जाना पड़ता था, लेकिन अब एक ही जगह से सब कुछ हो सकेगा. पोर्टल में विभागों और क्षेत्रों की मैपिंग की गई है, यानी आप अपनी लोकेशन और समस्या के अनुसार सही विभाग चुन सकते हैं. इससे शिकायत सीधे सही जगह पर पहुंचेगी और समाधान में देरी कम होगी.

कैसे करें शिकायत दर्ज

शिकायत करना बहुत आसान है. सबसे पहले आपको सीएम जनसुनवाई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां दिए गए ऑनलाइन फॉर्म को भरना होगा. इसके बाद अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और ओटीपी के जरिए उसे वेरिफाई करें. फिर अपनी समस्या का पूरा विवरण लिखें. अगर आपके पास कोई जरूरी दस्तावेज या फोटो है, तो उसे भी अपलोड कर सकते हैं. सबमिट करने के बाद आपको एक रेफरेंस नंबर मिलेगा. इस नंबर की मदद से आप अपनी शिकायत की स्थिति कभी भी ऑनलाइन देख सकते हैं. अगर आप वेबसाइट की जगह मोबाइल ऐप इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो ऐप डाउनलोड करके भी यही प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. ऐप में भी फॉर्म भरना होगा और सबमिट करने के बाद आपको रजिस्ट्रेशन या रेफरेंस नंबर मिल जाएगा.

जनता को मिलेगा सीधा फायदा

इस नई व्यवस्था से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. अब शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया सरल, तेज और पारदर्शी हो गई है. इससे सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा.
‘सीएम जनसुनवाई पोर्टल’ दिल्ली के लोगों के लिए एक ऐसी सुविधा है, जिससे उनकी आवाज सीधे सरकार तक पहुंचेगी और समस्याओं का समाधान पहले से ज्यादा तेजी से हो सकेगा.

Advertisement

Advertisement

LIVE
अधिक →