कोलकाता पहुंचकर नायब सिंह सैनी का ममता सरकार पर हमला, बोले– बंगाल में लोकतंत्र खतरे में
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला.
Follow Us:
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंचे और राज्य की सत्तारूढ़ सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है और राज्य सरकार संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं कर रही है.
कोलकाता में नायब सिंह सैनी का ममता सरकार पर हमला
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने का काम कर रही हैं. उन्होंने कहा, “बंगाल में अब लोकतंत्र नहीं बचा है. संविधान का उल्लंघन किया जा रहा है और संवैधानिक पदों का अपमान हो रहा है. बंगाल की जनता ने तय कर लिया है कि आने वाले समय में यहां मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी.”
नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों को देश की संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यक्रम के साथ भी राज्य सरकार ने सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया.
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू आदिवासी समुदाय के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बंगाल आई थीं लेकिन राज्य सरकार ने अंतिम समय में कार्यक्रम में बदलाव कर दिया. उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इससे राज्य सरकार की मानसिकता उजागर होती है.
मुख्यमंत्री सैनी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
इसके साथ ही सैनी ने राज्य की कानून-व्यवस्था और औद्योगिक स्थिति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल से उद्योग पलायन कर रहे हैं और यहां कानून का राज कमजोर हो गया है. उन्होंने कहा कि राज्य के लोग अब बदलाव चाहते हैं और वे चाहते हैं कि बंगाल भी ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के साथ आगे बढ़े. यहां उद्योग आएं, युवाओं को रोजगार मिले, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो और किसान खुशहाल हों.
उन्होंने कहा कि यहां की जनता भाजपा सरकार बनाने जा रही है. देश में सबको पता है कि कौन सी पार्टी इनका विकास कर सकती है.
यह भी पढ़ें
इस दौरान बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी परिवर्तन यात्रा के समापन के अवसर पर पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे चंद्रकोना विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें