Advertisement

देसी नस्ल की गायों का गुजरात में लगेगा सबसे बड़ा मेला, राजकोट में होने जा रहा 'इंडियन कैटल शो', जानें क्यों हो रही हर तरफ चर्चा

गुजरात के राजकोट में 20 से 22 फरवरी तक इंडियन कैटल शो का आयोजन होने जा रहा है. इसे देसी नस्लों के गायों का सबसे बड़ा मेला कहा जा रहा है. इस दौरान करीब 50 लाख की इनामी प्रतियोगिताएं होंगी और 100 से अधिक स्टॉल्स लगेंगे.

Indian Cattle Show in Rajkot, Gujarat

राजकोट, गुजरात. देसी गायों के संरक्षण, नस्ल सुधार और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन कैटल शो -गुजरात का आयोजन 20, 21 और 22 फरवरी को राजकोट के रेसकोर्स मैदान में किया जाएगा. तीन दिवसीय इस भव्य एक्सपो का उद्देश्य देसी नस्लों के संरक्षण के साथ-साथ गौपालकों की आय बढ़ाने और समाज में जागरूकता पैदा करना है.

आयोजन में विशेष रूप से गिर और कांकरेज नस्ल को केंद्र में रखा गया है. इन नस्लों को लेकर पांच अलग-अलग कैटेगरी में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी.

प्रतियोगिताओं के लिए कुल लगभग 50 लाख रुपये की इनामी राशि निर्धारित की गई है. प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा 22 फरवरी को अंतिम दिन की जाएगी.

निर्णायक मंडल में गिर नस्ल के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले प्रतिष्ठित विशेषज्ञ शामिल होंगे. इनके द्वारा तय किए गए मापदंडों के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा.

इंडियन कैटल शो में देशभर के 30 से अधिक प्रतिष्ठित ब्रीडर्स अपने श्रेष्ठ गिर और कांकरेज नस्ल के गाय और नंदियों का प्रदर्शन करेंगे. इसके अलावा 100 से अधिक व्यवसायिक स्टॉल्स लगाए जाएंगे. इन स्टॉल्स में जेनेटिक्स, डेयरी, मशीनरी और पशुपालन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे गौपालकों, व्यापारियों और उद्यमियों को एक व्यापक मंच मिलेगा.

आयोजन का एक विशेष आकर्षण विंटेज कार और विंटेज ट्रैक्टर्स का प्रदर्शन भी रहेगा, जिन्हें प्रसिद्ध गायों की ब्लडलाइंस के साथ प्रदर्शित किया जाएगा.

आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य लोगों को देसी गायों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से जोड़ना है और युवाओं को गौपालन के साथ तकनीक की ओर भी प्रेरित करना है.

इस आयोजन का संचालन ICS–गुजरात की मुख्य संस्था IFIZCI (The International Federation of Indigenous Zebu Cattle of India) द्वारा किया जा रहा है. संस्था राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देसी गायों के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है.

आयोजकों का कहना है कि इंडियन कैटल शो – गुजरात गौपालकों और ब्रीडर्स के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा. यह आयोजन देसी नस्लों के संरक्षण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और युवाओं को इस क्षेत्र से जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है.

देशभर के गौपालकों, ब्रीडर्स, उद्यमियों और आम नागरिकों से इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE
अधिक →