Advertisement
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में खुलासा, सलमान खान को भी निशाना बनाने की थी तैयारी; पुलिस को देख बदला इरादा
मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने सलमान खान के घर की भी रेकी की थी, लेकिन वहां पुलिस की तैनाती देखकर लौट गए. हालांकि, इस खुलासे पर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है.
Advertisement
मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले की जांच में नया मोड़ आया है. बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों ने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर की रेकी भी की थी, हालांकि वहां पुलिस की तैनाती देखकर आरोपी लौट गए थे.
यह खुलासा अपने आप में बड़ा है और इसने बॉलीवुड से लेकर पुलिस तक को चिंता में जरूर डाल दिया होगा. इसके पहले भी सलमान खान पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की नजर रही है और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी तक दी जा चुकी है. यहां तक कि बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर अप्रैल 2024 में फायरिंग की घटना को भी अंजाम दिया जा चुका है. हालांकि, टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में नए खुलासे को लेकर पुलिस की तरफ कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस का इतना ही कहना है कि मामले की जांच जारी है और फायरिंग की घटना से जुड़े हर एंगल की तहकीकात की जा रही है.
टाइगर श्रॉफ नहीं, कोई दूसरा सेलिब्रिटी था पहला टारगेट
इससे पहले बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ था. जांच के मुताबिक आरोपियों का पहला टारगेट टाइगर श्रॉफ नहीं, बल्कि बॉलीवुड का कोई दूसरा सेलिब्रिटी था. बताया जा रहा है कि जब आरोपी अपने पहले से तय टारगेट तक आसानी से नहीं पहुंच सके तो उन्होंने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने का फैसला किया.
Advertisement
यह भी पढ़े: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस पर बोले सुनील शेट्टी- अगर उनके साथ ऐसा हो सकता है तो किसी के साथ भी हो सकता है
Advertisement
सोशल मीडिया से जुटाई थी टाइगर श्रॉफ की जानकारी
शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया था कि आरोपियों ने टाइगर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया था. उनके और उनके फैंस के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मौजूद रील्स और पोस्ट के जरिए आरोपियों को उनकी मूवमेंट और पुलिस सुरक्षा से जुड़ी जानकारी मिली थी. आरोपियों का मकसद सिर्फ अभिनेता पर हमला करना नहीं, बल्कि बॉलीवुड में दहशत फैलाना था. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमले की साजिश कैसे रची गई. आरोपियों को जानकारी किस तरह मिली और इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं.
Advertisement
जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
टाइगर श्रॉफ से जुड़ा यह मामला मुंबई के जुहू इलाके का है. पुलिस के मुताबिक रविवार शाम फुटबॉल मैच खेलने के बाद टाइगर अपनी कार से जा रहे थे, तभी उनकी कार पर कई राउंड फायरिंग की गई. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई.
Advertisement
कोटा से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी
पुलिस ने इस मामले में रेहान, फूल सिंह और ऋतिक कुमार को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया. तीनों पर हत्या के प्रयास समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस को घटनास्थल से पांच खाली कारतूस और दो कारतूस भी मिले थे. आरोपी रेहान की गन जाम होने के बाद दो कारतूस गिर गए थे. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया था कि घटना के दौरान फूल सिंह ने पांच राउंड फायर किए थे.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग और सलमान खान के घर की कथित रेकी से जुड़े खुलासे ने मामले को और गंभीर बना दिया है. हालांकि, सलमान खान के घर की रेकी किए जाने की जानकारी की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है. पुलिस की जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस पूरे मामले के पीछे कौन था और आरोपियों की साजिश का दायरा कितना बड़ा था.