निवेश, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्टार्टअप में यूपी की लंबी छलांग...योगी सरकार के 10वें बजट के 10 बड़े ऐलान
यूपी विधानसभा में योगी सरकार ने बजट 2026 पेश कर दिया है. ये अब तक का सबसे बड़ा बजट है. सरकार ने इसमें 40 लाख टैबलेट बांटने, 10 लाख नौकरी देने, लड़कियों की शादी के लिए एक लाख, निवेश, कृषि, मैन्युफैक्चरिंग सहित कई बड़े ऐलान किए है.
यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में बजट 2026-27 (UP Budget 2026) पेश कर दिया है. उन्होंने यूपी का संभवत: अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया. इस दौरान खन्ना ने बताया कि यूपी में प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हुई. वहीं कृषि उत्पादन के मामले में यूपी देश में पहले नंबर पर है. इसके अलावा सरकार ने कहा कि योगी सरकार ने अब तक 50 लाख करोड़ का MoU किया है, जिससे कि 10 लाख रोजगार पैदा होंगे. वहीं सरकार महिला सश्क्तिकरण पर जोर दे रही है. जानें यूपी बजट 2026 की 10 बड़ी बातें.
उद्योगों को मिलेगा ‘जनविश्वास’ का सहारा
यूपी सरकार यूपी में निवेश को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्य योजनाओं पर कार्य कर रही है. इसी कड़ी में बजट 2026 ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के अगले चरण में ‘जनविश्वास सिद्धांत’ को लागू करने की बात कही है. इसके तहत उद्योगों के रजिस्ट्रेशन, लाइसेंसिंग और अन्य प्रक्रियाओं को और सरल व पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके.
वहीं, प्रदेश में डिजिटल इंटरप्रेन्योरशिप योजना पर काम शुरू किया जाएगा. इसका लक्ष्य युवाओं को डिजिटल माध्यम से स्वरोजगार और स्टार्टअप के अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे नई अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़े.
कृषि क्षेत्र में देश में सबसे अव्वल यूपी
वहीं वित्त मंत्री खन्ना ने बताया कि कृषि उत्पादन के मामले में यूपी देश में पहले नंबर पर है. वित्त मंत्री ने कहा कि अवस्थापना-प्रधान विकास नीति के चलते नीति आयोग द्वारा जारी एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स 2024 में उत्तर प्रदेश ने लैंड-लॉक्ड राज्यों में पहला स्थान हासिल किया है. कृषि उत्पादन में प्रदेश देश का अग्रणी राज्य है. खाद्यान्न के क्षेत्र की बात करें तो गेहूं, धान, गन्ना, आलू, केला, आम, अमरूद, आंवला और मेंथा उत्पादन में राष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक योगदान देता है.
सिंचित क्षेत्र वर्ष 2016-17 के 2.16 करोड़ हेक्टेयर से बढ़कर वर्ष 2024-25 में लगभग 2.76 करोड़ हेक्टेयर हो गया है. फसल सघनता 162.7 प्रतिशत से बढ़कर 193.7 प्रतिशत तक पहुंच गई है. ताप विद्युत उत्पादन क्षमता 5,878 मेगावॉट से बढ़कर दिसंबर 2025 तक 9,120 मेगावॉट हो गई है, जो 55.16 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है. इसके साथ ही प्रदेश में 2,815 मेगावॉट की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जा चुकी हैं, जिससे हरित और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है.
दुनिया के बाजारों से यूपी के किसानों को जोड़ेगी सरकार
वित्त वर्ष 2026-27 के बजट भाषण में वित्त मंत्री ने सुरेश खन्ना ने यूपी के किसानों की पहुंच दुनियाभर के बाजारों तक करने की नीति और सरकार की सोच की घोषणा की. उन्होंने कहा कि विश्व बैंक सहायता प्राप्त यू.पी. एग्रीज परियोजना के तहत प्रदेश में एग्री-एक्सपोर्ट हब स्थापित किए जाएंगे. इसका उद्देश्य कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच देना और किसानों की आय बढ़ाना है
मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में टॉप पर यूपी
यूपी ने बीते दस सालों में निवेश, मैन्युफैक्चरिंग इलेक्ट्रॉनिक्स और स्टार्टअप में लंबी छलांग लगाई है. बजट भाषण में वित्त मंत्री ने बताया कि एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तर प्रदेश की रैंकिंग वर्ष 2018-19 के 29वें स्थान से सुधरकर वर्ष 2023-24 में 18वें स्थान पर पहुंच गई है. फरवरी 2024 में चौथे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया, जिसमें अब तक लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए हैं, जिनसे करीब 10 लाख रोजगार सृजन की संभावना है.
करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश से जुड़ी 16 हजार से अधिक परियोजनाओं के लिए चार ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह हो चुके हैं. उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माण केंद्र बन चुका है, जहां देश के कुल उत्पादन का 65 प्रतिशत हिस्सा तैयार होता है. देश की 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट इकाइयां प्रदेश में स्थित हैं और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 44,744 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. स्टार्टअप रैंकिंग में भी उत्तर प्रदेश को ‘लीडर श्रेणी’ में स्थान मिला है.
उद्योग, रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर योगी सरकार का फोकस
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट पेश करते हुए कहा सरकार का फोकस औद्योगिक व्यवस्था को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे का विस्तार करने, औद्योगिक निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन, महिलाओं को सशक्त बनाने, युवाओं के कौशल विकास और किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करने के साथ-साथ गरीबी उन्मूलन पर है. इस दौरान उन्होंने कहा कि बजट का उद्देश्य प्रदेश के समग्र विकास को गति देना और सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है.
योगी सरकार ने साइन किए रिकॉर्ड 50 लाख करोड़ के MoU
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्ष 2025-2026 में प्रति व्यक्ति आय 1,20,000 रूपये होने का अनुमान है. प्रदेश में हम लगभग 06 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से ऊपर उठाने में सफल हुए हैं. वहीं अब प्रदेश में बेरोजगारी की दर 2.24 प्रतिशत रह गई है. अब तक लगभग 50 लाख करोड़ रुपए के एमओयू हस्ताक्षरित हो चुके हैं जिनसे लगभग 10 लाख रोजगार का सृजन सम्भावित है. अब तक लगभग 15 लाख करोड़ रुपए के निवेश की लगभग 16 हजार से ज्यादा परियोजनाओं के 4 ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह संपन्न हो चुके हैं.
10 लाख युवाओं को रोजगार का ऐलान
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने इस दौरान यूपी में 10 लाख युवाओं को रोजगार देने और नौकरियां सृजित करने का ऐलान किया. वहीं सरकार प्रदेश में लड़कियों की शादी के लिए सरकार 1 लाख रुपये की सहायता राशि देगी.
पेश हुआ यूपी का 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपए का बजट
यूपी का इस बार का बजट का आकार 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपए का है. पिछले बजट की तुलना में 12 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का कहना था कि इस बार 9,12,696.3 लाख करोड़ रुपए का मेगा बजट पेश किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश का यह नया बजट पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 12.9 प्रतिशत ज्यादा है. वित्त मंत्री ने कहा, कृषि उत्पादन में यूपी नंबर वन है. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लगभग 62 किसानों को फायदा पहुंचा है. हमारी सरकार ने रिकॉर्ड गन्ना भुगतान किया है.
देश के कुल मोबाइल फोन प्रोडक्शन का 65 फीसदी उत्पादन यूपी में
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए यूपी की एक बड़ी उपलब्धि के बारे में बताया. एक ओर जहां भारत दुनिया में टॉप मोबाइल मैन्युफ्चरिंग के मामले में दूसरे नंबर पर है तो वहीं यूपी देश का टॉप मोबाइल मैन्युफैक्चरर है. बकौल वित्त मंत्री सुरेश खन्ना देश का 65 फीसदी मोबाइल फोन प्रोडक्शन यूपी में हो रहा है. जबकि यूपी में 15 लाख करोड़ का निवेश आया है.
यूपी के सकल घरेलू उत्पाद में एक वित्त वर्ष में 13.4% की वृद्धि
बजट भाषण के दौरान उन्होंने कहा, हमारी सरकार के पिछले और वर्तमान कार्यकाल में प्रदेश ने हर क्षेत्र में सर्वांगीण विकास देखा है. कानून-व्यवस्था की मजबूती, बुनियादी ढांचे का विस्तार, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास, किसानों की समृद्धि और गरीबी उन्मूलन- हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 30.25 लाख करोड़ रुपये आंका गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है.
शिक्षा विभाग में हजारों नियुक्तियां
वित्त मंत्री ने कहा कि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में 1,939 प्रवक्ता, 6,808 सहायक अध्यापक और 219 प्रधानाचार्यों समेत कुल 8,966 नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है. इसके अलावा वर्ष 2017 से अब तक सहायता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में 34,074 शिक्षकों का चयन किया गया है.
यूपी बजट 2026 की कुछ अहम बातें!
- 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए
- यूपी में डेटा सेंटर बनाएगी सरकार
- रोजगार और बुनियादी ढांचे पर जोर
- बेरोजगारी दर घटी, 50 लाख करोड़ के एमओयू
- 9 लाख करोड़ रुपए का मेगा बजट
- प्रति व्यक्ति आय 1,09,844 रुपए
- इलेक्ट्रॉनिक्स हब बना यूपी, 44,744 करोड़ तक पहुंचा निर्यात
- चिकित्सा शिक्षा के लिए 14,997 करोड़ का प्रावधान
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement