AI Summit 2026: दिल्ली में 16-20 फरवरी तक ट्रैफिक का बड़ा तांडव! VVIP आवाजाही से कई रूट जाम और कुछ स्कूल बंद!
AI Summit 2026: इन चार दिनों में वीवीआईपी और अन्य उच्च पदस्थ लोग कई जगहों पर आने-जाने वाले हैं. इसलिए कई अहम सड़कों पर डायवर्जन और पाबंदियां लगाई जाएंगी, ताकि आवाजाही सुरक्षित और नियंत्रित रहे.
Delhi Traffic Advisry: दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक बड़े एआई समिट का आयोजन होने वाला हैं. इसके चलते राजधानी में सुरक्षा और ट्रैफिक की तैयारियां जोरों पर हैं.कार्यक्रम मुख्य रूप से भारत मंडपम के आसपास होगा और लुटियंस दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक प्रभावित होगा. कारण साफ है इन चार दिनों में वीवीआईपी और अन्य उच्च पदस्थ लोग कई जगहों पर आने-जाने वाले हैं. इसलिए कई अहम सड़कों पर डायवर्जन और पाबंदियां लगाई जाएंगी, ताकि आवाजाही सुरक्षित और नियंत्रित रहे.
स्कूलों पर असर और बचाव के उपाय
समिट स्थल के 5 किलोमीटर के दायरे में कुल 34 स्कूल आते हैं. इनमें से 10 स्कूल बोर्ड परीक्षा केंद्र हैं, जहां करीब 2,943 छात्र परीक्षा देंगे. कुछ स्कूल वीवीआईपी रूट के पास हैं, इसलिए वहां ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहेगा. बाकी 24 स्कूलों के आसपास भी जाम या धीमी गति की समस्या हो सकती है.
ट्रैफिक पुलिस और शिक्षा विभाग ने बच्चों और अभिभावकों की सुविधा के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए हैं. उनका काम यह सुनिश्चित करना है कि बच्चे समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंच जाएं. प्रभावित स्कूलों को सर्कुलर भी भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि वे ट्रैफिक पुलिस के साथ तालमेल बनाए रखें और जरूरत पड़े तो वैकल्पिक व्यवस्था करें. कुछ स्कूल इस दौरान ऑनलाइन क्लासेस कराने पर भी विचार कर रहे हैं, ताकि बच्चों और अभिभावकों को परेशानी न हो. हालांकि बोर्ड परीक्षा वाले स्कूलों में ऑफलाइन ही परीक्षा होगी, इसलिए वहां समय से पहले निकलने की सलाह दी जा रही है.
बड़े होटलों के आसपास भी सुरक्षा और ट्रैफिक
समिट में देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने के लिए कई प्रमुख होटल बुक किए गए हैं. इनमें ओबेरॉय नई दिल्ली, ताज महल होटल, क्लेरिज, ले मेरिडियन, होटल इंपीरियल, लीला पैलेस नई दिल्ली, ताज पैलेस नई दिल्ली, आईटीसी मौर्या, हयात रीजेंसी, और होटल अशोक शामिल हैं. इन होटलों के आसपास सुरक्षा कड़ी होगी और ट्रैफिक सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा प्रभावित हो सकता है.
प्रभावित रास्ते और वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि मथुरा रोड पर चिड़ियाघर से तिलक मार्ग के बीच आवाजाही पर असर पड़ सकता है. इससे गुजरने वाले लोग सराय काले खां–आश्रम रूट या रिंग रोड/लाला लाजपत राय मार्ग ले सकते हैं.
सुब्रमण्यम भारती मार्ग से आने वालों के लिए आर्कबिशप मार्केरियस मार्ग या महर्षि रमन मार्ग वैकल्पिक हैं.
भैरों मार्ग वाले लोग रिंग रोड (ITO–आश्रम) या प्रगति मैदान टनल ले सकते हैं.
राजेश पायलट मार्ग पर भी आवाजाही सीमित रहेगी, इसलिए सफदरजंग मार्ग या अरबिंदो मार्ग बेहतर विकल्प हैं.
लुटियंस दिल्ली की कई अन्य सड़कों पर भी ट्रैफिक प्रभावित होगा. इसमें अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट, सरदार पटेल मार्ग, जनपथ, फिरोज शाह रोड, शांति पथ, सत्य मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, सी-हेक्सागन, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग और सिकंदर रोड शामिल हैं.
वैकल्पिक मार्गों में मोतीलाल नेहरू मार्ग, दारा शिकोह मार्ग, तालकटोरा रोड, सैन मार्टिन मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नीति मार्ग, न्याय मार्ग, आरटीआर मार्ग, लोधी रोड, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और मान सिंह रोड बताए गए हैं.
ट्रैफिक पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट देखें और संभव हो तो मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. विशेष रूप से परीक्षा देने वाले छात्रों को समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है. चार दिन तक राजधानी के कई हिस्सों में ट्रैफिक अलग रहेगा, लेकिन प्रशासन का दावा है कि बेहतर समन्वय और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था से आम लोगों को कम से कम परेशानी होगी.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement