'ये फिर दंगा करवाना चाहते हैं...', शिवपाल के बयान पर CM योगी का करारा जवाब, बोले- सपा की सोच सामने आ गई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने शुक्रवार को सपा नेता शिवपाल यादव के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सपा को पता है कि ऐसा व्यक्ति सत्ता में नहीं आने वाला, लेकिन उसकी सोच से यह साफ होता है कि वह फिर से दंगे करवाना चाहती है.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश में विधासभा चुनाव के लिए भले ही एक साल का समय बचा हो लेकिन सूबे की सियासत में नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के एक बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर तीखा हमला बोला है. शिवपाल ने कहा था कि 2027 में अगर सपा की सरकार बनती है तो आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा. इसी बयान को लेकर अब बीजेपी और सपा के बीच राजनीतिक तकरार बढ़ती नजर आ रही है.
सपा दंगा करवाना चाहती है: सीएम योगी
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजम खान का नाम लिए बिना समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा ऐसे व्यक्ति की पैरोकार बन रही है, जिस पर देश की आजादी और विभाजन के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने का आरोप है. योगी ने कहा कि सपा को पता है कि ऐसा व्यक्ति सत्ता में नहीं आने वाला, लेकिन उसकी सोच से यह साफ होता है कि वह फिर से दंगे करवाना चाहती है.
भारत के विभाजन के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने वाले व्यक्ति की पैरोकार समाजवादी पार्टी कहती है कि हम आएंगे तो उसको गृह मंत्री बनाएंगे... pic.twitter.com/nQ55CDoQel
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 14, 2026Advertisement
कांग्रेस को भी निशाने पर लिया
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कांग्रेस को भी निशाने पर लिया. उन्होंने मोहम्मदाबाद के नवाब की संपत्ति को बचाने के लिए कांग्रेस नेताओं की ओर से किए गए प्रयासों का जिक्र किया और दावा किया कि संबंधित व्यक्ति मुस्लिम लीग का कोषाध्यक्ष था. मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के दंगों का जिक्र करते हुए भी सपा पर गंभीर आरोप लगाए. उनके बयान से साफ है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आजम खान का मुद्दा एक बार फिर यूपी की सियासत में बड़ा चुनावी हथियार बन सकता है. आने वाले दिनों में इस और भी अधिक बयानबाज़ी हो सकती है.
शिवपाल के बयान से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, शिवपाल यादव ने बुधवार को रामपुर जिला जेल में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की थी. करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा. शिवपाल ने आरोप लगाया कि आजम खान के साथ अन्याय हुआ है. उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील की.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि शिवपाल के इस बयान के बाद योगी आदित्यनाथ का पलटवार सामने आया है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में आजम खान को लेकर यह सियासी बयानबाजी किस दिशा में जाती है और 2027 के चुनावी माहौल में इसका कितना असर दिखाई देता है. लेकिन यह तो है अब सूबे की सियासी गलियारों में इस तरह के बयान रोज़ाना सुनने को मिलेंगे.