Bigg Boss 20: काजी तौकीर की हरकत पर भड़कीं आसिफ खान की पत्नी, हार्ट अटैक का मजाक उड़ाना पड़ गया भारी
आसिफ की पत्नी ने इस बात पर निराशा जताई कि उनकी स्वास्थ्य समस्या का मजाक बनाया गया. उन्होंने कहा कि यह मामला आलोचना से कहीं आगे बढ़ चुका है. हमें गंदी गालियां मिली है, आसिफ को जान से मारने की धमकियां दी गई हैं और हमारे परिवार की महिलाओं को दुष्कर्म की धमकियां भी मिली हैं
Follow Us:
बिग बॉस के घर में इन दिनों खूब ड्रामा देखने को मिल रहा है, शो के बीते एपिसोड में काफी धमाल देखने को मिला था, हालांकि कभी कभी शो में कुछ ऐसा हो जाता है, जिसकी बाहर भी खूब काफी चर्चा होती है. वहीं अब शो के सदस्य आसिफ खान की पत्नी जेबा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी दी. यह पोस्ट उस विवाद के बाद आया है, जिसमें काजी तौकीर ने आसिफ़ से बहस के दौरान हार्ट अटैक की नकल की थी.
'हां, आसिफ को हार्ट अटैक आया था'
आसिफ खान की पत्नी ने अपनी पोस्ट में लिखा, "हां, आसिफ को हार्ट अटैक आया था, सिर्फ 34 साल की उम्र में. यह सोचकर मेरा दिल टूट जाता है कि अब मुझे उनके मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक करने पड़ रहे हैं, ताकि यह साबित किया जा सके कि उन्होंने जो कुछ झेला, वह सच था. मैंने कभी नहीं सोचा था कि लोगों को विश्वास दिलाने के लिए इतनी निजी बात को सार्वजनिक करना पड़ेगा.”
उन्होंने साफ़ किया कि जब आसिफ ने शुरुआत में कहा था कि उन्हें हार्ट अटैक नहीं, बल्कि जीईआरडी हुआ था, तो इसके पीछे डर था. उन्हें चिंता थी कि अगर लोगों को उनकी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के बारे में पता चला तो इसका असर उनके काम पर पड़ सकता है. उन्होंने लिखा, "एक ऐसे उद्योग में, जहां अवसर अनिश्चित होते हैं, खासकर बिना किसी मजबूत समर्थन के, यह डर बिल्कुल वास्तविक था.”
'मैं अपने पति को गले लगाकर संभाल रही थी'
आसिफ के अस्पताल में भर्ती रहने के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा, "मैं कभी नहीं भूल सकती कि डॉक्टरों ने बताया था कि उनकी मुख्य कोरोनरी धमनी पूरी तरह ब्लॉक हो गई है. आईसीयू, स्टेंट और वह पल भी नहीं भूल सकती, जब मैं अपने पति को गले लगाकर संभाल रही थी और वह अपने सपनों के भविष्य को खो देने के डर से रो रहे थे.”
उन्होंने बताया कि आसिफ ने बचपन में अपने पिता को भी हार्ट अटैक के कारण खो दिया था. ऐसे में खुद हार्ट अटैक से बचने के बाद उनके मन में वही पुराना दर्द और अपने परिवार को छोड़ जाने का डर फिर से लौट आया था.
'ये मामला आलोचना से कहीं आगे बढ़ चुका है'
आसिफ की पत्नी ने इस बात पर निराशा जताई कि उनकी स्वास्थ्य समस्या का मजाक बनाया गया. उन्होंने कहा, "यह मामला आलोचना से कहीं आगे बढ़ चुका है. हमें गंदी गालियां मिली है, आसिफ को जान से मारने की धमकियां दी गई हैं और हमारे परिवार की महिलाओं को दुष्कर्म की धमकियां भी मिली हैं. इसकी कोई भी वजह उचित नहीं ठहराई जा सकती.बिग बॉस एक मनोरंजन रियलिटी शो है, लेकिन मनोरंजन कब क्रूरता का बहाना बन गया? मतभेद कब किसी की जान को खतरे में डालने या उसके परिवार को निशाना बनाने का कारण बन गए?"
जानें क्या है मामला
बता दें कि शो के बीते एसिपोड में काजी तौकीर ने अपना फेमस डांस स्टेप किया था. इस पर आसिफ खान ने उसे उबाऊ बताते हुए उन्हें बंदर की तरह हरकत करने को कहा था. इसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई. विवाद तब ज्यादा बढ़ गया, जब काजी ने हार्ट अटैक आने की नकल की, जिससे आसिफ काफी आहत हो गए. वैसे ये पहली बार नहीं है, जब काजी और आसिफ़ के बीच लड़ाई हुई हो, इससे पहले भी कई बार दोनों के बीच झगड़ा हो गया है.
वीकेंड का वार पर क्या कहेंगे रोहित शेट्टी
यह भी पढ़ें
खैर देखने वाली बात तो अब ये होगी की वीकेंड का वार पर रोहित शेट्टी ने इस मामले पर किस तरह से रिएक्ट करते हैं, बताते चलें की इस बार सलमान की जगह रोहित शेट्टी वीकेंड का वार पर नजर आएंगे.